*रतलाम में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, पारा 45.5 डिग्री पहुंचा, तीन दिन में 4 डिग्री बढ़ा तापमान, हीटवेव और लू से जनजीवन प्रभावित* *इधर* *नीमच में बढ़ी गर्मी की तपिश, पारा 39 डिग्री पहुंचा* *लू का अलर्ट जारी, अगले 48 घंटों में तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना*
जन जागृति संगम न्यूज़
9302003334
*रतलाम में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, पारा 45.5 डिग्री पहुंचा, तीन दिन में 4 डिग्री बढ़ा तापमान, हीटवेव और लू से जनजीवन प्रभावित*
रतलाम। मध्यप्रदेश सहित रतलाम जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन-चार दिनों से तापमान में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। रविवार 10 मई 2026 इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ, जब रतलाम का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप, तपिश और गर्म हवाओं ने आमजन का जनजीवन प्रभावित कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार रतलाम में बीते तीन दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। 7 मई को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो 8 मई को बढ़कर 43.5 डिग्री पहुंच गया। इसके बाद 9 मई को तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 10 मई को तापमान ने इस वर्ष के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 45.5 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू लिया। इस प्रकार महज तीन दिनों में तापमान में करीब 4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
गर्मी बढ़ने के साथ ही रतलाम में लगातार लू का असर बना हुआ है। सुबह से ही तेज धूप निकल रही है और दोपहर होते-होते गर्म हवाएं चलने लगती हैं। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक झुलसाने वाली गर्मी के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर दिखाई दिए। सड़कों और बाजारों में आम दिनों की तुलना में आवाजाही कम रही।
लोगों का कहना है कि दोपहर के समय बाहर निकलते ही झुलसने जैसी स्थिति महसूस हो रही है। तेज गर्म हवा और उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। गर्मी का असर सबसे ज्यादा दिहाड़ी मजदूरों, राहगीरों और खुले में काम करने वाले लोगों पर देखा जा रहा है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम जताई है। विभाग द्वारा प्रदेश के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
*नीमच में बढ़ी गर्मी की तपिश, पारा 39 डिग्री पहुंचा*
*लू का अलर्ट जारी, अगले 48 घंटों में तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना*
नीमच। जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है और भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले छह दिनों में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिनभर तेज गर्मी और लू का असर बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में जिले का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लू को लेकर अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद अब मैदानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाओं ने वातावरण को और अधिक गर्म कर दिया है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
दोपहर 12 बजे के बाद शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी गर्मी से बचाव के लिए पूरी सावधानी बरतते दिखाई दिए। खासकर दोपहिया वाहन चालक चेहरे पर गमछा, रुमाल और चश्मे का उपयोग कर लू से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
भीषण गर्मी का असर लोगों की दिनचर्या और खानपान पर भी दिखाई देने लगा है। शहर के प्रमुख चौराहों और जूस सेंटरों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है। गन्ने का रस, छाछ, लस्सी और कोल्ड ड्रिंक्स की मांग में लगभग 40 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं तरबूज और खरबूजे के ठेलों पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें