*सदर निंबाहेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त* *पशु आहार की आड़ में कंटेनर से हो रही थी तस्करी, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार*
जन जागृति संगम 9302003334
चित्तौड़गढ़। सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 क्विंटल से अधिक अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने पशु आहार की आड़ में कंटेनर के जरिए मादक पदार्थ परिवहन कर रहे पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार कर कंटेनर भी जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के मार्गदर्शन एवं सुपरविजन में थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा थाने के सामने वंडर पुलिया के पास हाईवे पर नाकाबंदी की जा रही थी।
नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रहे महाराष्ट्र पासिंग कंटेनर को रुकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पहले वाहन धीमा किया और बाद में नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को पशु आहार के कट्टों की आड़ में छिपाकर रखे गए 25 कट्टों में कुल 502 किलो 500 ग्राम अवैध डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके पर मादक पदार्थ सहित कंटेनर को जब्त कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी परमजीत सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी तरणतारण पंजाब एवं गुरप्रीत सिंह उर्फ काली पुत्र गुरुदीप सिंह निवासी तरणतारण पंजाब को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपी मादक पदार्थ तस्करी के आदतन अपराधी पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी मध्यप्रदेश से पंजाब तक मादक पदार्थ की बड़ी खेप पहुंचा चुके हैं।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों एवं तस्करी सिंडिकेट की जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी संजय शर्मा की टीम ने लगातार तीन दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई कर तस्करों पर शिकंजा कसने में सफलता प्राप्त की है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेश पालिवाल, सहायक उपनिरीक्षक सुन्दरपाल, कांस्टेबल जीवनलाल, श्यामलाल, दयाराम, धर्मचंद, ओपीलाराम, शिवकुमार एवं चालक हवलदार महावीर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, कंट्रोल रूम अथवा नारकोटिक हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें