*पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी ने की आत्महत्या, जेठ को भेजा ऑडियो- “मैं मरूंगी और मारूंगी, दादा अलविदा”*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
उदयपुर। गोगुंदा थाना पुलिस क्षेत्र के मजावड़ी गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। पत्नी ने कथित रूप से अपने पति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे मृत समझकर बाद में स्वयं फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात उमेश गमेती (24) और उसकी पत्नी दुर्गा गमेती (21) भजन संध्या कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौटे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुर्गा ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति उमेश पर कई वार कर दिए।
हमले में उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्गा ने पति को मृत समझ लिया और आवेश में आकर कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
शुक्रवार दोपहर तक घर से कोई बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ। जब ग्रामीणों ने घर के भीतर जाकर देखा तो महिला फंदे पर लटकी मिली, जबकि उमेश गंभीर घायल अवस्था में पड़ा था। इसके बाद परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से उमेश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
वहीं गोगुंदा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि आत्महत्या से पहले दुर्गा गमेती ने अपने जेठ को एक ऑडियो संदेश भेजा था। कथित ऑडियो में वह कह रही है, “मैं मरूंगी और मारूंगी, दादा अलविदा। मेरी मौत के बाद किसी को परेशान मत करना।” पुलिस ने ऑडियो को जब्त कर लिया है और उसके आधार पर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें