*सूपड़ा में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी*


जन जागृति संगम न्यूज

(जेपी तेलकार, 9303273037)
-------------------------



पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम सूपड़ा में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहन (26) पिता गोपाल मेघवाल निवासी सूपड़ा ने बुधवार देर रात अपने घर के किचन में अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। गुरुवार सुबह जब परिजन जागे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पिपलियामंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया गया है कि मोहन मकान निर्माण कार्य ठेके पर लेकर काम करता था। उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। मोहन और उसकी बहन की आटा-साटा प्रथा के तहत शादी हुई थी। परिजनों के अनुसार पिछले लगभग तीन वर्षों से उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रह रही थी तथा उसकी कोई संतान भी नहीं थी। ग्रामीणों ने बताया कि घटना से पहले मोहन गांव में चल रहा क्रिकेट मैच देख रहा था। इसके बाद वह घर पहुंचा और उसने यह कदम उठा लिया। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।
------

टिप्पणियाँ