*MP में पहली बार अफ्रीकन जेब्रा का जन्म:इंदौर चिड़ियाघर को 5 महीने पहले जामनगर से मिला था जोड़ा*

जन जागृति संगम न्यूज़ 
9302003334 



इंदौर चिड़ियाघर में रविवार देर रात अफ्रीकन जेब्रा ने जन्म लिया। एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जामनगर से 5 महीने पहले जेब्रा का जोड़ा लाया गया था। बेबी पूरी तरह स्वस्थ है। लोग जल्द ही इसके दीदार कर सकेंगे। संभवत: MP में पहली बार किसी अफ्रीकन जेब्रा ने जन्म लिया है। यह जेब्रा सिर्फ इंदौर जू में ही उपलब्ध है। इंदौर में बेबी जेब्रा के जन्म के बाद संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

जेब्रा के बदले इंदौर से जाएगा सफेद बाघ

इंदौर जू को मिले जेब्रा के बदले जामनगर को व्हाइट टाइगर दिया जा रहा है। चिड़ियाघ रके क्यूरेटर निहार पारूलेकर ने बताया अफ्रीकन जेब्रा के जोड़े ने रविवार रात 10.30 बजे एक बच्चे को जन्म दिया है। मादा और बेबी जेब्रा स्वस्थ है। वह रातभर मां के ही पास रहा और अब धीरे-धीरे चहलकदमी करने लगा है।

क्यूरेटर ने बताया कि प्रदेश में पहली बार है किसी जेब्रा के बच्चे ने जन्म लिया है और यह इंदौर में हुआ है।

*तीन साल के प्रयास के बाद मिला था जेब्रा का जोड़ा*

इंदौर चिड़ियाघर प्रबंधन ने इंदौर में जेब्रा जोड़ा लाने के लिए प्रयास किए थे। प्रबंधन तीन साल के प्रयास के बाद सफल हो पाया था। अफ्रीकन जेब्रा के लिए मुंबई के वीरमाता जीजाबाई भौंसले चिड़ियाघर को प्रस्ताव भेजा था। साथ ही सेंट्रल जू अथारिटी से एनिमल एक्सचेंज के तहत अनुमति चाही थी। वहां से तब हरी झंडी मिल गई थी।

मुंबई और इंदौर कमला नेहरू प्राणी संग्राहलय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अफ्रीकन जेब्रा को मुंबई चिड़ियाघर से इंदौर भेजने की तैयारी पूरी हो चुकी थी। लेकिन महाराष्ट्र में सरकार की अस्थिरता के चलते फाइनल डिसीजन लेने में दिक्कत आ रही थी।

महाराष्ट्र के बजाय गुजरात से मिला

महाराष्ट्र से जेब्रा जोड़ा मिलने में देरी पर प्रबंधन ने देश के अन्य स्थानों पर संपर्क किया। कर्नाटक और गुजरात से भी जेब्रा मांगा गया था। तब गुजरात से यह सहमति बनी और पांच महीने पहले जेब्रा आ गए। बदले में व्हाइट टाइगर जामनगर-गुजरात को दिया जाना है।

जू में 245 विदेशी पक्षी, जानवर बाहर से आए

52 एकड़ में फैले चिड़ियाघर में 1300 से ज्यादा वन्यप्राणी हैं। इनमें नौ शेर, 11 बाघ और चार तेंदुए शामिल हैं। 10 शावकों ने बीते 11 महीने में जन्म लिया है। हिरण और सियार की संख्या पचास से अधिक है। यहां स्नेक और बर्ड हाउस भी बना है। जो यहां आने वाले लोगों को काफी आकर्षित कर रहे हैं। बर्ड हाउस में 40 से ज्यादा प्रजातियों के पक्षी हैं। ग्रीन विग मकाऊ, ब्लू एड गोल्ड मकाऊ, कैपडोवे, लारी, उड़ने वाली गिलहरी, ग्लाइडर सहित कई पक्षी शामिल हैं।

इंदौर जू में कई बार एनिमल एक्सचेंज के तहत जानवरों को लाया गया है। 80 से ज्यादा प्रजातियों के 245 से ज्यादा विदेशी पक्षी और जानवर आए हैं। इनमें सांप, मकाऊ, इगुआना, कछुए, पाकेट मंकी, फिनएच, कानोट, लारी सहित अन्य पक्षी शामिल हैं।

टिप्पणियाँ