*नए ठेकों से पहले शराब का अवैध भंडारण! दूसरे परमिट पर मंगवाकर अन्य ठेके पर उतारी शराब, गुंडागर्दी का आरोप*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अप्रैल 2026 से नए शराब ठेकों की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही एक शराब ठेकेदार द्वारा नियमों के विपरीत शराब का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदार ने एक स्थान के लिए जारी परमिट पर शराब मंगवाकर उसे किसी अन्य ठेके पर उतरवा लिया। इस मामले को लेकर क्षेत्र में विवाद की स्थिति बन गई है तथा ठेकेदार पर दबंगई और गुंडागर्दी करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के कुछ लोगों ने आबकारी विभाग और पुलिस को शिकायत देकर बताया कि एक ठेकेदार द्वारा आगामी ठेका अवधि को ध्यान में रखते हुए पहले से ही बड़ी मात्रा में शराब का अवैध स्टॉक किया जा रहा है। आरोप है कि जिस स्थान के लिए परमिट जारी किया गया था, वहां शराब नहीं उतारकर उसे दूसरे ठेके पर उतार दिया गया, जो नियमों के विरुद्ध है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब इस पूरे मामले का विरोध किया गया तो संबंधित ठेकेदार और उसके सहयोगियों ने दबाव बनाने का प्रयास किया तथा अभद्र व्यवहार करते हुए धमकाने की कोशिश भी की। इससे क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति बन गई है।
मामले को लेकर शिकायतकर्ताओं ने आबकारी विभाग तथा पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें