*संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत, महिला पर मारपीट के आरोप*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
नीमच। शहर के टैगोर मार्ग स्थित कमल चौक के पास नगर पालिका के सुविधा घर के निकट एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक तमिलनाडु नंबर की कार में आया था और उसके साथ एक महिला भी मौजूद थी।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर महिला और व्यक्ति के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि महिला ने व्यक्ति के साथ जमकर मारपीट की और उसे लात-घूंसों से पीटा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मारपीट के दौरान महिला ने व्यक्ति के कपड़े भी उतार दिए। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन महिला ने उन्हें मौके से भगा दिया।
सूत्रों के मुताबिक जब व्यक्ति की हालत बिगड़ी तो मौके पर एंबुलेंस भी पहुंची थी, लेकिन महिला ने उसे अस्पताल ले जाने से मना कर दिया। कुछ देर बाद व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में एक मोची की दुकान और कपड़े की दुकान के संचालक भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनसे पूछताछ करने पर घटना के बारे में अधिक जानकारी सामने आ सकती है।
फिलहाल मामला संदिग्ध बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें