*सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान Hpv वैक्सीनेशन रथ गांव गांव में करेगा भ्रमण,सीतामऊ और डिगावमाली में जागरूक हुए अभिभावक* *जिले में 13 हजार किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य हुआ निर्धारित*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
मंदसौर। जिले में 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष टीकाकरण अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियों को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में 'HPV वैक्सीनेशन जागरूकता रथ' के माध्यम से सीतामऊ एवं डिगावमाली क्षेत्रों में सघन प्रचार-प्रसार किया गया।
समझाइश
जागरूकता रथ के भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी जगदीश खींची ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने ग्रामीणों और पालकों को विस्तार से समझाया कृपया किसी भी भ्रामक प्रचार में ना आवे अपनी बालिकाओं को 14 वर्ष की बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा रही यह HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। इस वैक्सीन से कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है यह सभी प्रकार से सुरक्षित है उन्होंने जोर देकर कहा कि यह टीका भविष्य में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) के विरुद्ध सुरक्षा की गारंटी देता है। उन्होंने इसे एक पुनीत जनहित कार्य बताते हुए सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण करवाने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 13,000 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है।
अभियान की मुख्य बातें:
पात्रता: 14 वर्ष की सभी किशोरियां।
सुरक्षा: वैक्सीन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।
पंजीकरण: अभिभावक अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या स्कूल में संपर्क कर अपनी बेटियों का टीकाकरण करवा सकते हैं।
जिला स्वास्थ्य समिति ने सभी नागरिक संगठनों, शिक्षकों और धर्मगुरुओं से भी इस अभियान में सहभागी बनकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें