*सभी शासकीय सेवक स्व जनगणना जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवाए- श्री चंद्रा* *कलेक्टर ने की जिले के नागरिकों से स्वगणना विकल्प का उपयोग करने की अपील*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
नीमच 16 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने नागरिकों से जनगणना पोर्टल पर अपने संबंध में जनगणना से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की है
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना 2026 के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए स्व-गणना (Self-Enumeration) विकल्प का अधिक से अधिक उपयोग करें। इस सुविधा से नागरिक घर बैठे ही अपने स्मार्टफोन या कंप्यूटर के माध्यम से कुछ ही मिनटों में अपने परिवार की संपूर्ण जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होने सभी शासकीय सेवकों से अपनी व अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी भी जनगणना पोर्टल पर सेल्फ इम्यूरेशन के माध्यम से दर्ज कराने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर चंद्रा ने बताया कि स्व-गणना से गणना प्रक्रिया तीव्र, सटीक एवं सुगम होगी। स्व-गणना करने वाले परिवारों के यहां प्रगणक केवल डेटा सत्यापन हेतु आएंगे, जिससे नागरिकों एवं प्रगणकों दोनों के समय की बचत होगी।
स्व-गणना की सरल प्रक्रिया: स्व-गणना पोर्टल
https://se.census.gov.in पर हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। प्रक्रिया 9 आसान चरणों में पूर्ण की जा सकती है:
पोर्टल लॉगिन:
परिवार पंजीकरण: परिवार के मुखिया का नाम, 10-अंकीय मोबाइल नंबर तथा ईमेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करें। एक मोबाइल नंबर से केवल एक परिवार पंजीकृत किया जा सकता है।
ओ.टी.पी. सत्यापन: पसंदीदा भाषा चुनकर मोबाइल पर प्राप्त ओ.टी.पी. दर्ज करें।
स्थान का विवरण: जिला, पिन कोड, ग्राम/नगर/मोहल्ला की जानकारी दें।
मानचित्र पर अवस्थिति: मानचित्र पर मार्कर के माध्यम से अपने मकान की सटीक अवस्थिति चिन्हित करें।
प्रश्नावली भरें: आवासीय एवं पारिवारिक जानकारी दर्ज करें।
पूर्वावलोकन: भरी गई जानकारी की जांच कर आवश्यक सुधार करें।
अंतिम सबमिशन: “Final Submit” पर क्लिक करें। 11-अंकीय एस.ई. आईडी जनरेट होगी, जो एस.एम.एस. एवं ईमेल पर प्राप्त होगी।
प्रगणक द्वारा सत्यापन: प्रगणक के घर आने पर उन्हें एस.ई. आईडी दिखाकर डेटा सत्यापित कराएं।
महत्वपूर्ण: एस.ई. आईडी जनरेट होने के पश्चात डेटा सुरक्षित रहता है। पंजीकरण के बाद मोबाइल नंबर एवं भाषा परिवर्तित नहीं की जा सकती।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा, "जनगणना राष्ट्र निर्माण का आधार है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे, जिनसे शासन की योजनाएं प्रभावी रूप से बनाई जा सकेंगी। अतः सभी नागरिक स्व-गणना को प्राथमिकता दें।" अधिक जानकारी हेतु आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in देखें अथवा जिला जनगणना कार्यालय, नीमच से संपर्क करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें