डोल ग्यारस पर महागढ़ में निकले वेवाण
जन जागृति संगम न्यूज
मदनदास बैरागी
महागढ़। मनासा तहसील के ग्राम पंचायत महागढ़ में डोल ग्यारस के पावन पर्व पर गांव में उल्लासपूर्ण वातावरण देखने को मिला। दोपहर 2 बजे बाद लक्ष्मी नारायण मंदिर और चारभुजा मंदिर से आकर्षक ढंग से सजे वेवाण डीजे एवं ढोल के साथ निकाले गए। वेवाण सदर बाजार तक पहुंचे, जहां मुख्य मार्गों में नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती कर भगवान का पूजन किया।
सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
दोनों मंदिरों के वेवाण अतिसुंदर और मनमोहक सजावट से सुसज्जित किए गए थे। आयोजन के दौरान चेतना बाल विद्या मंदिर के बच्चों ने रंगारंग रास नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
धार्मिक आयोजनों की झलक
नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए वेवाण गांव के सरोवर और नई आबादी पहुंचे, जहां महाआरती एवं प्रसादी का भव्य आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं तथा ग्रामीण श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सभी ने भगवान का आशीर्वाद लिया और धार्मिक वातावरण का आनंद उठाया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें