*एक करोड़ की लहसुन चिप्स की कीमत हो गई दो करोड़! धोखाधड़ी कर लहसुन हड़पने के आरोपी की 7 माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं, सीएम हेल्पलाइन सहित एसपी को जनसुनवाई में शिकायत के बाद भी नही मिला न्याय, आरोपी पर खुलेआम घूमने व धमकी देने का आरोप*

जन जागृति संगम न्यूज

जेपी तेलकार 

पिपलिया स्टेशन (जेपी तेलकार)। करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की लहसुन चिप्स के कथित गबन एवं धोखाधड़ी के मामले में दर्ज अपराध के आरोपी की सात माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से फरियादी पक्ष में काफी आक्रोश है। इस बीच आरोपी द्वारा हड़पी गई लहसुन की कीमत वर्तमान में दुगुनी हो गई है। पिपलिया मंडी निवासी फरियादी ने पुलिस पर आरोपी को संरक्षण देने तथा कार्रवाई में जानबूझकर देरी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राजनीतिक पहुंच और प्रभावशाली रसूख के कारण आरोपी कानून की गिरफ्त से बाहर है, जबकि शिकायतकर्ता न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। फरियादी पक्ष का आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जिला पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई सहित विभिन्न स्तरों पर शिकायतें दर्ज कराई, लेकिन आज तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। मामले में आरोपी खुलेआम घूम रहा है, अपना व्यापार कर रहा है और शिकायतकर्ताओं को धमकाने का प्रयास भी कर रहा है। फरियादी का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और इसी प्रकार की लापरवाही से समाज में हत्या, आत्महत्या और अन्य गंभीर अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं।
*वर्षों पहले कोल्ड स्टोरेज में रखा था माल:-*
प्रकरण के अनुसार पिपलियामंडी निवासी सुनिल जैन एवं उनके भाई दिलीप जैन लहसुन चिप्स के व्यापार से जुड़े हुए हैं। दोनों भाइयों ने वर्ष 2019 से 2021 के दौरान मंदसौर के औद्योगिक क्षेत्र जग्गाखेड़ी स्थित नाकोड़ा कोल्ड स्टोरेज एवं आइस प्लांट में बड़ी मात्रा में लहसुन चिप्स भंडारित किया था। फरियादियों के अनुसार विभिन्न रसीदों के माध्यम से कुल 3507 बैग लहसुन चिप्स कोल्ड स्टोरेज में जमा कराए गए थे। इनमें कुछ माल की पक्की रसीदें उपलब्ध हैं, जबकि कुछ माल के लिए संचालक द्वारा कच्ची रसीदें देकर बाद में पक्की रसीद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। वर्षों तक माल सुरक्षित रखने के भरोसे पर व्यापारियों ने अपना माल वहां जमा रखा।
*माल बेचने का सौदा हुआ तो सामने आया पूरा मामला*:-
फरियादी सुनिल जैन ने बताया कि वर्ष 2025 में उन्होंने उक्त लहसुन चिप्स को पिपलियामंडी की एक फर्म को लगभग 110 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचने का सौदा किया था। सौदे के अनुसार अगस्त 2025 तक माल की डिलीवरी देना थी। इसके लिए उन्होंने नाकोड़ा कोल्ड स्टोरेज के संचालक संदीप पिता रमेशचन्द्र चौधरी, निवासी नीमच से संपर्क कर अपना माल वापस मांगा। आरोप है कि संचालक लगातार दो-चार दिन का समय मांगकर उन्हें टालता रहा। जब कई बार मांग करने के बाद भी माल नहीं मिला तो फरियादी स्वयं जग्गाखेड़ी स्थित कोल्ड स्टोरेज पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि कोल्ड स्टोरेज लगभग खाली हो चुका है और संचालक वहां से माल हटाकर चला गया है।
*1 करोड़ का माल की कीमत हुई 2 करोड रुपए*:-
फरियादियों का आरोप है कि कोल्ड स्टोरेज में जमा 3507 बैग लहसुन चिप्स, जिसकी कीमत उस समय एक करोड रुपए थी । लेकिन वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार यह राशि करीब दो करोड़़ रुपये तक पहुंचती है। उक्त लहसुन को संचालक द्वारा कपटपूर्वक हड़प लिया गया। माल की मांग करने पर लगातार बहाने बनाए गए और आज तक न तो माल लौटाया गया और न ही उसकी कीमत का भुगतान किया गया। फरियादी पक्ष का कहना है कि यह केवल व्यापारिक विवाद नहीं बल्कि अमानत में खयानत, धोखाधड़ी और विश्वासघात का गंभीर मामला है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
*नवम्बर 2025 में दर्ज हुआ था मामला*:-
मामले की शिकायत करने के एक माह बाद पुलिस थाना वायडी नगर, मंदसौर में 4 नवंबर 2025 को अपराध क्रमांक 489/2025 दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मामले को संज्ञेय अपराध मानते हुए आरोपी संदीप चौधरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना प्रारंभ की। फरियादी का कहना है कि अपराध दर्ज होने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस शीघ्र कार्रवाई करेगी, लेकिन सात माह बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
*पुलिस पर मिलीभगत के लगाए आरोप*:-
फरियादी के भाई अनिल जैन ने भी उच्च अधिकारियों को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पुलिस आरोपी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय शिकायतकर्ताओं को ही बार-बार थाने बुला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनसे लगातार नए-नए गवाह और दस्तावेज मांग रही है, जबकि आरोपी के खिलाफ कोई कठोर कदम नहीं उठाया जा रहा। आवेदन में कहा गया है कि आरोपी प्रभावशाली व्यक्ति है और अपने राजनीतिक तथा सामाजिक संपर्कों का उपयोग कर मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। इसी कारण पुलिस भी उसके विरुद्ध कार्रवाई करने से बच रही है। फरियादी परिवार ने मांग की है कि आरोपी संदीप चौधरी को तत्काल गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए तथा गबन किए गए माल या उसकी राशि की वसूली कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने की भी मांग की गई है।
*सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में भी लगाई गुहार*:-
फरियादी पक्ष ने बताया कि न्याय की उम्मीद में उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसका संतोषजनक निराकरण नहीं हुआ। इसके अलावा जिला पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में भी आवेदन प्रस्तुत कर आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। फिलहाल मामला पुलिस विवेचना में है, लेकिन सात माह बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है।
*आरोप गलत, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी*:-
वायडीनगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने फरियादी द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच पुलिस द्वारा गंभीरता से की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में फरियादी द्वारा प्रस्तुत किए गए कुछ बिलों एवं दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं, जिनका परीक्षण किया जा रहा है। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी प्रकार के दबाव या प्रभाव में कार्य नहीं करती है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई जारी है तथा उसके संभावित ठिकानों पर भी पुलिस टीम द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-------

टिप्पणियाँ

जन जागृति संगम न्यूज : संपादक कमलेश राठौर 9302003334

*रिटायर हो रहे अधिकारी को छात्र ने दिए "बेशर्म के फूल" कहा ऐसा अफसर दोबारा ना आए*

*रतलाम। अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी कर्मचारीसंघ (अजाक्स) का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह सम्पन्न, सामाजिक एकता पर दिया जोर*

*नारायणगढ़ पुलिस द्वारा पुलिस पर फायर कर भागने वाले अंतरराजीय डोडाचूरा तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे वाली हुंडई क्रेटा कार से बड़ी मात्रा मे डोडाचूरा व एक देशी पिस्टल मय राउंड के जम्न किया गया।* *आरोपियों के कब्जे वाली हुंडई क्रेटा कार से कुल 252 किलोग्राम डोडाचूरा कीमत 5,10,000 रुपये जम्न किया गया।*

26 वा स्थापना दिवस पर भील समाज की सामाजिक बैठक का आयोजन

*राजपत्रित आयुष चिकित्सा अधिकारी संघ जिला नीमच की नवीन कार्यकारिणी का हुआ गठन*

*कुर्सी का रसूख छोड़ जब ज़मीन पर बैठ गईं 'मैडम कलेक्टर'! अफ़सरों के छूटे पसीने*

झोलाछाप ने ठोकी 💉 सीरीज पुट्ठे में ही टूट गई

*गांधी चौराहे पर देर रात तक डटे रहे खड़पल्या के ग्रामीण, समाधान नहीं होने पर जारी रखा धरना!*💥

कलेक्टर ने ज्योति बघेल को हटाया

*पहले पति को दिए बिजली के झटके, फिर तड़पते हुए उसके सामने ही प्रेमी संग बनाए संबंध*