*जेतपुरा लूटकांड से पुलिस पर उठे सवाल, कांग्रेस ने कहा- "मल्हारगढ़ पुलिस की नाकामी से अपराधियों के हौसले बुलंद" पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस नेता, लूट को चोरी बताने और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जताया आक्रोश*
जन जागृति संगम न्यूज
जेपी तेलकार
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा में महिला के साथ चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर कांग्रेस नेताओं ने मल्हारगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा और प्रदेश कांग्रेस संयुक्त सचिव मुकेश निडर ने जेतपुरा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा घटना की पूरी जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में चोरों और लुटेरों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब वे रात के अंधेरे में लोगों के घरों में घुसकर हथियारों के बल पर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। पीड़ित परिवार के अनुसार रात करीब एक बजे तीन नकाबपोश बदमाश किचन की खिड़की तोड़कर घर में घुस आए। बदमाशों ने महिला विधवा महिला गट्टूबाई पाटीदार के गले पर चाकू रखकर उसे धमकाया और घर में रखी नकदी व आभूषण लूट लिए। महिला ने जब शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने कथित रूप से अपने साथियों से कहा कि "इसे गोली मार दो"। इस धमकी से महिला भयभीत हो गई और बदमाश आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार आरोपी लगभग 30 हजार रुपये नकद, करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा एक कीपैड मोबाइल फोन लेकर भाग गए। जिस मोबाइल में सक्रिय सिम लगी हुई थी और वह घटना के बाद भी चालू बताया जा रहा था, उसकी लोकेशन के आधार पर भी पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह स्पष्ट रूप से लूट की घटना है, क्योंकि बदमाशों ने महिला को हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और उसके शरीर से जेवर उतरवाए। इसके बावजूद पुलिस मामले को चोरी बताकर उसकी गंभीरता कम करने का प्रयास कर रही है। नेताओं का कहना है कि यदि किसी महिला के गले पर चाकू रखकर आभूषण छीने जाएं तो उसे साधारण चोरी नहीं बल्कि लूट माना जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसी रात गांव में किशनलाल पाटीदार और वजेराम मालवी के घरों के ताले भी तोड़े गए थे, जिससे स्पष्ट है कि अपराधियों का गिरोह सक्रिय है और गांवों को निशाना बना रहा है। इसके बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है।
अनिल शर्मा और मुकेश निडर ने कहा कि मल्हारगढ़ क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं के कारण आम जनता में भय का वातावरण है। लोगों का पुलिस पर से भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई ऐसा मामला होता जिसमें पुलिस की विशेष रुचि रहती है तो कार्रवाई तेजी से होती, लेकिन आम लोगों के घरों में हुई चोरी और लूट के मामलों में पुलिस की सक्रियता दिखाई नहीं देती। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि "देशभक्ति जनसेवा" का नारा देने वाली पुलिस जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी तथा मामले को उच्च स्तर तक उठाएगी। इस अवसर पर ग्रामीण कन्हैयालाल पाटीदार, बंटी राजपूत, पप्पू मालवीय, जीवन पटेल, समरथ पाटीदार, विनोददास बैरागी आदि मौजूद थे। मल्हारगढ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी कहना है कि केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और चोरी गए मोबाइल फोन की लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ संदिग्ध आरोपियों की तलाश की जा रही है।
---------------

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें