जिला जनसम्पर्क कार्यालय रतलाम।। समाचार
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
।। समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न रतलाम 22 जून/कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आज कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने समान सिविल संहिता के संबंध में लिंक www.ucc.mp.gov.in पर अधिक से अधिक लोगों से सुझाव अपलोड कराने संबंधी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनकल्याण शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण किया जावें। जाति प्रमाण पत्र के संबंध में समग्र आईडी और आधार नंबर का अपडेशन किया जावे। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के संबंध में डी ग्रेड प्राप्त करने वाले विभागों के असंतोष व्यक्त किया। कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना के अंतर्गत प्रति पंचायत 10 लोगों का पंजीयन कराया जाए योजना में 15 हजार रुपये प्रतिमाह से कम आय प्राप्त करने वाले लोगों को 60 वर्ष के आयु के पश्चात प्रतिमाह 3 हजार रुपये प्रदान किये जाते है। योजना में आवेदक की उम्र के आधार पर हर महीने 55 रुपये से 200 रुपये तक योगदान करना होता है। योजना की अधिक जानकारी श्रम विभाग से प्राप्त की सकती है। कलेक्टर ने आशा कार्यकर्ता, आशा सहयोगी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आदि को पात्रता आधार पर योजना में लाभ दिलाने की बात कही। कलेक्टर ने जनसुनवाई के प्रकरणों का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीआईयू के इंजीनियर को भवन निर्माण कार्य पूर्ण करके संबंधित विभाग को हैंडओवर कराने के लिए कहा। कलेक्टर ने मानसून पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने तथा कंट्रोल रूम तैयार रखने के लिए कहा। बैठक में डीएफओ श्रीमती अनुभा त्रिवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती राधा महंत, आयुक्त नगर निगम श्री अनिल भाना, एसडीएम रतलाम शहर श्री तरूण जैन, एसडीएम रतलाम ग्रामीण आर्ची हरित, पीओ डूडा श्री अरूण पाठक सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
------
नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत बाल चौपाल आयोजित
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 22 जून/ भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान विकसित भारत की पहचान” थीम अंतर्गत 17 जून से 26 जून तक आयोजित “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के क्रम में आज पं. डॉ. शिव शक्तिलाल शर्मा आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज आयुष ग्राम सेजावता बायपास बंजली रतलाम में बाल चौपाल एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने हेतु जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा है। इस अवसर पर बच्चों, किशोरों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ नशे के दुष्प्रभावों पर संवाद, जीवन कौशल एवं निर्णय क्षमता विकास संबंधी गतिविधियां, योग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में ग्राम बंजली, पलसोड़ा, नंदलाई तथा सेवा भारती सारथी विद्यालय, रतलाम से आए बच्चों एवं किशोर-किशोरियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विषय विशेषज्ञों द्वारा बच्चों में नशे की प्रारंभिक पहचान, उसके दुष्प्रभाव तथा परिवार आधारित रोकथाम उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। सांस्कृतिक सत्र में कला पथक दल के श्री ओमप्रकाश आर्य एवं श्री नन्नूसिंह द्वारा नशामुक्ति विषयक प्रेरक गीतों की प्रस्तुति दी गई। वहीं मात्र 5 वर्षीय योग प्रतिभा प्रिंसेस वैष्णवी ने योग एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को प्रभावित किया।कार्यक्रम में श्री प्रफुल्ल जैन एवं अक्षय जैन (जयपुर) द्वारा प्रेरक मोटिवेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को नशे से दूर रहकर सकारात्मक एवं स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय, पतंजलि युवा भारत के जिला प्रभारी श्री विशाल कुमार वर्मा, समाजसेवी श्री शिवेंद्र माथुर, श्री अजय कर्नावट, श्री सतीश टांक, सेवानिवृत्त ग्रामोद्योग अधिकारी श्री जगदीश पाण्डे, एडवोकेट श्री शैलेन्द्र शर्मा, पलसोडा, बंजली, नंदलाई के शिक्षक शिक्षिका श्रीमती स्वाति जोशी, श्रीमती लताकुंवर सिसोदिया, श्रीमती ज्योति शर्मा, श्रीमती अर्चना तिवारी, श्रीमती कृतिका गेहलोत, श्री कुलदीप सिंह सोलंकी, श्रीमती सोमकुंवर यादव, श्री मनोहर लाल जैन, श्रीमती तृप्ति सोनी एवं श्रीमती निधि शर्मा, आंगनबाडी कार्यकर्ता सहायिका, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
-----------
पल्स पोलियो अभियान 28 जून के संबंध में जिला टास्क फोर्स की बैठक संपन्न कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे -कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 22 जून/ पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 28 जून रविवार को किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु समूह के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। कार्यक्रम के संबंध में जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में डब्ल्यू एच ओ के सरविलेंस ऑफिसर डॉ रितेश बजाज ने बताया कि भारत के आसपास के देशों में पोलियो के प्रकरण प्रतिवेदित हुए है। इस क्रम में रतलाम जिले में पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 28 जून को किया जा रहा है पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक बच्चों को अपने नजदीकी आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्र पर पोलियो की 2 बूंद पिलाकर प्रतिरक्षित किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों की सूची तैयार करे इस संबंध में समग्र के डेटा का भी उपयोग किया जाए। कार्य के लिए दायित्ववान अधिकारी कर्मचारियों के कार्य निर्धारित कर डयूटी लगाई जाए। कार्यक्रम के आयोजन के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए जन अभियान परिषद से समन्वय स्थापित कर सामाजिक संस्थाओं को कार्यक्रम की जानकारी दी जाए। उन्होंने सभी विकासखण्ड में एजेण्डावार ब्लॉक टास्क फोर्स की एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित करने तथा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए। बैठक में निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण श्री अरूण पाठक, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती भारती डांगी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ मनीष सिंह, डॉ ए.पी. सिंह सिविल सर्जन, डॉ वर्षा कुरील, जिला टीकाकरण अधिकारी, डीपीएम श्रीमती अर्चना राठौर, डीएचओ डॉ राजेश मण्डलोई, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ देवेन्द्र मौर्य, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ गौरव बोरीवाल, सीपीएचसी कंसल्टेंट डॉ नेहा शर्मा, डीक्यूएम डॉ समीक्षा शर्मा, जिला कंसल्टेंट डॉ प्रमोद प्रजापति, आरआई डाटा मैनेजर श्री कमल सूर्यवंशी, डीसीएम श्री कमलेश मुवेल, श्री निलेश चौहान, श्री सैयद अली, श्री सुरेश जोशी बीएमओ, बीपीएम, बीसीएम, बीईई एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
-----------
निःशुल्क साइकिल वितरण योजना में विद्यार्थियों साइकिल के साथ हेलमेट भी वितरित किया जाएगासड़क सुरक्षा अंतर्गत जिला प्रशासन की अभिनव पहल
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 22 जून/कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों का संस्कार विकसित करने के लिए अभिनव पहल की गई है। शासन द्वारा निःशुल्क साइकिल वितरण योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना में कक्षा 6 टी और कक्षा 9 वी में प्रवेश करने वाले ऐसे छात्र छात्रा जिनकों स्कूल पहुचने के लिए 2 किमी से अधिक की दूरी तय करना पड़ता है, निःशुल्क साइकिल प्रदान की जाती है। जिला प्रशासन की पहल पर छात्रों को साइकिल के साथ अब निःशुल्क हेलमेट भी प्रदान किया जाएगा। जिससे बच्चों में सड़क सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन करने के संस्कार विकसित होंगें और अन्य लोग भी इससे प्रेरित होकर सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करेंगे। गैर मोटर चलित वाहन जैसे साइकिल में हेलमेट का उपयोग अंतरर्राष्ट्रीय मानको के अनुरूप है। इससे सिर की चोटे कम होने में सहायता मिलती है तथा थकान भी कम होती है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री चैतन्य काश्यप की उपस्थिति में कनेरी के 35 बच्चों तथा आसपास के 55 से अधिक बच्चों को हेलमेट पहनाकर यातायात सुरक्षा का संदेश दिया गया। योग से शरीर और मन स्वस्थ होता है, वहीं हेलमेट सुरक्षित जीवन की गारंटी है। हेलमेट से जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। यातायात सुरक्षा के लिए निर्धारित लेन में वाहन चलाना, गति सीमा का पालन करना, यातायात संकेतों का सम्मान करना, शराब पीकर वाहन न चलाना, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का उपयोग करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने के पालन का भी संदेश दिया गया।
--------
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया
योग भारत की सांस्कृतिक विरासत - कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 21 जून/अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम पोलो ग्राउंड रतलाम पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री चैतन्य काश्यप, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण सोनी, जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, एस पी श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव, निगमायुक्त श्री अनिल भाना, एस डी एम श्री तरुण जैन, तहसीलदार श्री ऋषभ ठाकुर, नायब तहसीलदार श्रीमती प्रीति साठे, आयुष विभाग से डॉ आशीष राठौड़, पी ओ जिला शहरी विकास अभिकरण श्री अरुण कुमार पाठक, डॉ मनीष सिंह, श्री बी के पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया और भारत की सांस्कृतिक विरासत को पूरे विश्व में मान दिलाया है, इससे भारत का गौरव बढ़ा है, योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के साथ आध्यात्म को भी मजबूत करता है। इसलिए प्रतिदिन योगाभ्यास करना चाहिए।
कार्यक्रम में महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि योग से स्वस्थ और सशक्त युवा पीढ़ी का निर्माण होगा जिससे भारत सशक्त होगा। श्री मनोहर पोरवाल ने कहा कि योग से स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। श्री प्रवीण सोनी ने सभी को योग दिवस दिवस की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों को साइकिल और हेलमेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला योग प्रभारी आशा दुबे एवं श्री मुकेश राठौर द्वारा योग पद्धतियों का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती विनीता ओझा एवं शिक्षक श्री रवि उपाध्याय ने किया।
--------
कलेक्टर ने नीट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 21 जून/नीट परीक्षा का आयोजन रविवार 21 जून को रतलाम जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने रतलाम जिले के साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज रतलाम तथा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। केंद्रों का निरीक्षण कर कलेक्टर ने विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शहर एसडीएम श्री तरुण जैन, परीक्षा प्रभारी एवं एसडीएम आर्ची हरित, प्राचार्य वाय के मिश्रा तथा विभिन्न अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित थे।
----------
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आलोट में हुआ भव्य आयोजन
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 21 जून/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आलोट की ग्राम पंचायत खारवाकला मे डांगी धर्मशाला में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में योग कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर दुर्गा शंकर मोयल, प्रकाश हाड़ा, जीवन सिंह सोलंकी, मोनू मीणा एवं मंगल सिंह चौहान उपस्थित थे। अतिथियों ने युवाओं के साथ स्वयं योगासन कर नागरिकों को नियमित योग अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को माधव शर्मा द्वारा योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्राणायाम एवं विभिन्न योगासनों कराए गए 'मेरा युवा भारत' के माध्यम से बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने भाग लेकर स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के कुशल दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अनुशासित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन जीवन सिंह सोलंकी एवं आभार प्रदर्शन अतुल वर्मा ने माना।
----------
ए डी एम ने ज्ञान भारतम मिशन की बैठक की
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 21 जून/धर्मस्व शाखा अंतर्गत ज्ञान भारतम मिशन की बैठक ए डी एम डॉ शालिनी श्रीवास्तव की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि ज्ञान भारतम मिशन भारत की विशाल पाण्डुलिपि (Manuscript) विरासत को खोजने, उनका सर्वेक्षण करने, उन्हें संरक्षित करने और आधुनिक तकनीक (जैसे AI और क्लाउड स्टोरेज) का उपयोग करके डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने की एक राष्ट्रीय पहल है। इसका उद्देश्य इस ज्ञान को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और सुलभ बनाना है। इसका मूल मंत्रः || न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते || (इस संसार में ज्ञान के समान कुछ भी पवित्र नहीं है) । कार्यक्रम का मुख्य स्तंभ संरक्षण , नवाचार और संवर्धन एवं अनुकूलन है ।
पाण्डुलिपियां खोजने के लिए सर्वेक्षण टीमें सरकारी और निजी पुस्तकालय, संग्रहालय, विश्वविद्यालय, अभिलेखागार (Archives) और संस्कृत पाठशालाएं धार्मिक स्थल: मंदिर, मठ, आश्रम, मठवासी संस्थान और गुरुकुल, निजी व्यक्तिः पारंपरिक विद्वान, ज्योतिषी, आयुर्वेदिक चिकित्सक, मंदिर के पुजारी और निजी संग्रहकर्ता आदि स्थानों पर खोज कर रही है। डिजिटल ऐप और डेटा संग्रहणके लिए gyanbharatam.com वेब पोर्टल और एक मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया गया है। इस ऐप के माध्यम से सर्वेक्षक (Surveyor) या आम नागरिक (Citizen)पाण्डुलिपियों की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
भारत की पाण्डुलिपियों का एक राज्यवार व्यापक डेटाबेस तैयार करना, दुर्लभ और संकटग्रस्त (लुप्त हो रही) पाण्डुलिपियों की पहचान होना अपेक्षित परिणाम है। इससे भारत का एक GIS-आधारित पाण्डुलिपि मानचित्र तैयार होगा। बैठक में राष्ट्रीय संयुक्त सचिव अखिल भारतीय पुजारी महासंघ श्रीराम मंदिर जौरा पंडित महेश शर्मा द्वारा भारत के पूर्वज महाराज नवाब धरोहर की जानकारी सहेज कर रखा गया है। ए डी एम ने उनका कार्य प्रशंसनीय बताया । बैठक में बताया गया कि रतलाम जिले के आमजन से अपील हैं कि अन्यत्र जिलो की भांति हमे भी रतलाम जिले में शासन की महत्तानुसार रतलाम जिले में स्थित निजी शोध संस्थान, महाविद्यालय, ग्रंथालय, मंदिरों, मठ/आश्रम, प्राईवेट ट्रस्ट इत्यादि में संरक्षित प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों, प्राचीन सिक्के, फोटो छात्र-शोधार्थियों द्वारा किये गये शोध को नवीन कलेक्टर कार्यालय, रतलाम के कक्ष क्रमांक 107 में स्थापित कन्ट्रोल रूम में कार्यालयीन समय प्रातः/5 10:00 बजे से सांय 6:00 बजे के मध्यम जानकारी प्रस्तुत कर सकते है तथा कार्यालयीन समय अथवा उसके पश्चात भी मोबाईल नंबर 7223065511 एवं 9907423318 तथा 9977741604 पर व्हाटसअप पर भेज सकते हैं।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती राधा महंत एवं लिपिक श्री मनीष माथुर, श्री देवांश योगी तथा रतलाम जिले के देवस्थान/मंदिर के पुजारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे
------
*कालिका माता मंदिर परिसर महाकाल लोक की तर्ज पर आधुनिक होगा*
*जन जागृति संगम न्यूज*
9302003334
रतलाम 21 जून/ म.प्र. सरकार आध्यात्मिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के आधुनिकीकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुक्रम में उज्जैन में महाकाल लोक के बाद रतलाम में कालिका माता लोक विकसित करने की योजना बन गई है। इस योजना को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य काश्यप ने उच्च स्तरीय बैठक की।
बैठक में महापौर श्री प्रहलाद पटेल एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह से कालिका माता मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान इंजीनियरों ने कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि कालिका माता मंदिर परिसर का नया रुप महाकाल लोक की तरह सुंदर दिखाई देगा। प्रस्तावित नक्शे के अनुसार झाली तालाब परिसर अष्ट कोणिय रुप में विकसित किया जा रहा है। इसके अष्ट कोण के प्रत्येक कोण पर माताजी की मूर्ति के स्वरुपों की आकर्षक झांकी दिखाई देगी, इसमें माँ दुर्गा के नौ रुपों शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी, सिद्धिदात्री का दर्शन कर सकेंगे। बैठक के दौरान कालिका माता मंदिर का विस्तृत स्वरुप, झाली तालाब का स्वरुप, बगीचा, भोजन का स्टाल, पार्किंग झोन, टायलेट ब्लॉक, छायादार मार्ग आदि को लेकर विस्तार से चर्चा कर कार्ययोजना बनाई गई।
----------
*जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में 44035 रुपए से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय*
*जन जागृति संगम न्यूज*
9302003334
रतलाम 21 जून/रविवार को जिले में आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया। हाट बाजार में कुल 7 जैविक कृषक अपने उत्पाद लेकर पहुंचे और उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक जैविक उत्पादों की खरीदारी की।
धामनोद से आए किसान श्री चंद्रभानु द्वारा अनाज, दालें, सब्जियां, फल, केसर आम एवं मूंगफली का 21000 रुपये का विक्रय किया गया। श्री उमेश धाकड़ (बांगरोद) द्वारा घी एवं दूध, श्री दिलीप धाकड़ सादा खेड़ी द्वारा शहद 6350 रुपये का, श्री दिलीप पाटीदार (करिया) द्वारा देसी घी 14000 रुपये का, श्री नर्सिंग कालजी पीपलघाटी द्वारा जैविक सब्जियां 850 रुपए का, श्री तेजराम सांखला द्वारा जैविक सब्जियां 750 रुपये का एवं श्री प्रवीण पाटिल रतलाम द्वारा जैविक सब्जियां 1085 रुपये के जैविक उत्पादों का विक्रय किया गया ।
जैविक हाट बाजार में कुल 44035 रुपये से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय हुआ।
--------------
*रतलाम विद्युत परिवार की बिटिया बिजली कंपनियों के मुख्यालय जबलपुर में की गई सम्मानित*
*जन जागृति संगम न्यूज*
9302003334
रतलाम 21 जून/मध्यप्रदेश शासन के उपक्रम मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एम पी ट्रांसको) के बिलपांक (रतलाम) में कार्यरत श्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता की पुत्री कु. श्रुति गुप्ता, को विभिन्न क्षेत्रों मे उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने के लिए मध्यप्रदेश की बिजली कंपनियों के मुख्यालय जबलपुर में विशेष समारोह में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि कुमारी श्रृति गुप्ता ने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय मलखंब प्रतियोगिता में सिल्वर मैडल प्राप्त किया। इसके अलावा सोनी टी.वी. पर प्रसारित टेलेंट शो (इंडिया गॉट टेलेंट) में जवाहर मलखंब ग्रुप रतलाम के कलाकारों के साथ शामिल होकर शानदार प्रदर्शन किया । इसके अतिरिक्त पिछले वर्ष चेन्नई मे आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय मल्लखंब प्रतियोगिता, अक्टूबर 2025 में आयोजित राष्ट्र स्तरीय मलखंब प्रतियोगिता में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।
*प्रबंध संचालक ने दी बधाई*
उनकी इस सराहनीय कामयाबी के लिये मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कम्पनी के सेवानिवृत मुख्य अभियंता व सम्मान समारोह के विशिष्ट अतिथि श्री एन जी टिकेकर,प्रबंध संचालक सुनील तिवारी द्वारा प्रशस्ति-पत्र, मैडल एवं विशेष भेंट प्रदान कर सम्मानित किया गया । प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने श्रुति गुप्ता को बिजली कंपनियों की ओर से बधाई देते हुए कहा है कि यह उपलब्धि प्रदेश के समूचे विद्युत परिवार के लिए गर्व करने वाली और प्रेरणादायक है।
---------
*आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर योगाभ्यास कराया गया*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 21 जून/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर किरण वाढीव ने बताया कि 12 वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर रतलाम जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर आमजन को योगाभ्यास कराया गया, राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच की गई तथा आवश्यक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गई।
-------------
*मलेरिया जागरूकता कार्यशाला संपन्न*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 21 जून/मलेरिया निरोधक माह 2026 के अंतर्गत मलेरिया जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला प्रशिक्षण केंद्र विरिया खेड़ी में आयोजित कार्यशाला के दौरान सुपरवाइजर और आशा कार्यकर्ताओं को मलेरिया रोग नियंत्रण के बारे में जानकारी दी गई । कार्यशाला में आगामी 28 जून रविवार को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के विषय में भी प्रारंभिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया । कार्यशाला में खंड विस्तार प्रशिक्षक श्रीमती इशरत जहां सैयद, एस टी एस श्री प्रवीण गामड़ , श्री लोकेश वैष्णव आदि उपस्थित थे।
-------------
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें