*आंचलिक खबरें पिपलियामंडी क्षेत्र * *जेपी तेलकार *
*कांग्रेस नेता और टीआई के बीच मोबाइल पर तीखी बहस, आंदोलन की चेतावनी*
जन जागृति संगम न्यूज
जेपी तेलकार
पिपलिया स्टेशन (निप्र) । मल्हारगढ़ ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा और मल्हारगढ़ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत के दौरान जमकर बहस हो गई। मामला उस समय गरमा गया जब कांग्रेस नेता ने एक स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता के खिलाफ पुलिस द्वारा कथित रूप से झूठी कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया। मोबाइल पर हुई इस बहस का ऑडियो इंटरनेट मीडिया में सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अनिल शर्मा ने फोन पर टीआई रघुवंशी से उक्त कार्रवाई को लेकर आपत्ति दर्ज कराई और पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कांग्रेस नेता का कहना है कि निर्दोष कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, टीआई अनिल रघुवंशी ने पुलिस कार्रवाई को कानून सम्मत बताते हुए आरोपों को निराधार बताया। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्ष अपने-अपने तर्कों पर अड़े रहे, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
अनिल शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे प्रकरण दर्ज करने और अनावश्यक कार्रवाई करने का सिलसिला बंद नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष रहकर कार्य करना चाहिए और किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।
-------------------------
*शासकीय महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय, पिपलिया मंडी में इस वर्ष की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" के अंतर्गत सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिनेशचंद्र बोरीवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ और संतुलित बनाती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति स्वस्थ, सकारात्मक और ऊर्जावान जीवन जी सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी राजीव सिंह चौहान ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर की कार्यक्षमता बढ़ाने, मानसिक एकाग्रता विकसित करने तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की निरंतर प्रक्रिया है। योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से तनाव मुक्ति, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि एवं स्वस्थ जीवन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में विजय शर्मा, तनिष्का चौधरी, बलदेव जाट, मनुजेंद्र शर्मा, दशरथ पंवार, नारायण पालीवाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया।
विजय शर्मा ने आभार माना।
-------------------------
*300 आराधकों ने किया योगाभ्यास, मन की बीमारी तन की बीमारी से अधिक घातक : कुमठ*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आरोग्य भारती द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर में "योग से निरोग" कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 300 आराधकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। आरोग्य भारती के संरक्षक अशोक कुमठ ने कहा कि शरीर की बीमारी का उपचार दवाइयों से संभव है, लेकिन मन की बीमारी का उपचार व्यक्ति को स्वयं करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि तन की अपेक्षा मन की बीमारी अधिक घातक होती है। मन में उत्पन्न होने वाले नकारात्मक विचार, भय, चिंता, ईर्ष्या और क्रोध जैसी भावनाएं अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों को जन्म देती हैं।
कुमठ ने बताया कि एक सामान्य व्यक्ति के मन में प्रतिदिन हजारों विचार आते हैं, जिनमें बड़ी संख्या नकारात्मक विचारों की होती है। इन विचारों के कारण मन अशांत होता है और व्यक्ति तनाव, अवसाद तथा विभिन्न बीमारियों का शिकार हो जाता है। उन्होंने कहा कि ध्यान, योग और प्राणायाम ही मन को स्वस्थ एवं शांत रखने के सर्वोत्तम साधन हैं। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षिका एवं आरोग्य भारती की महिला अध्यक्ष ने प्रातः 6 बजे से योगाभ्यास कराया। इस दौरान प्रतिभागियों को कक्षासन, मंडूकासन, ताड़ासन, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाते हुए उनके लाभों की जानकारी दी गई। शांतिकुंज हरिद्वार से आए शिक्षकों ने भी योग सत्र में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट किए गए। पौधों का वितरण मानसिंह माछोपुरिया, अशोक कुमठ, मनोहरलाल जैन, रमेश पोरवाल, कमलेश भूत, कमल पाटीदार एवं अनिल बोराना ने किया। प्रधानाचार्य मीना वैष्णव ने आभार माना।
-------------------------
*सड़क हादसे में घायल घीसालाल धनगर की मौत, सात दिन बाद भी मोहनलाल को नहीं आया होश*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के टकरावद-नापाखेड़ा मार्ग पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने सात दिन पूर्व हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल अब भी इंदौर के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।जानकारी के अनुसार 14 जून को संजीत निवासी मोहनलाल धनगर (57) एवं उनके चचेरे भाई घीसालाल धनगर (55) मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-14-एमई-1439 से झारड़ा में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम (मौसर) में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान टकरावद-नापाखेड़ा मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो कार ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े थे। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मंदसौर पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। घीसालाल धनगर को उपचार के लिए उदयपुर तथा मोहनलाल धनगर को इंदौर रेफर किया गया था। परिजनों के अनुसार उदयपुर में उपचाररत घीसालाल धनगर ने रविवार दोपहर करीब 3 बजे दम तोड़ दिया। वहीं हादसे के सात दिन बीत जाने के बावजूद इंदौर के अस्पताल में भर्ती मोहनलाल धनगर को अभी तक होश नहीं आया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस में दुर्घटना की रिपोर्ट बालूराम गायरी निवासी संजीत ने दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार का नंबर GJ-31-BB-0509 है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था।
नारायणगढ़ थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया था। थाना प्रभारी राजेन्द्र पंवार ने बताया कि घीसालाल धनगर की मृत्यु के बाद प्रकरण में संबंधित धाराओं की वृद्धि की जाएगी।
-------------------------
*जनजागरण रैली के साथ कन्या कौशल प्रशिक्षण शिविर का समापन, नारी शक्ति जागरण का दिया संदेश*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। गायत्री परिवार के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क आवासीय कन्या कौशल प्रशिक्षण शिविर का जनजागरण रैली एवं समापन समारोह के साथ समापन हुआ। शिविर में शामिल कन्याओं ने नगर में रैली निकालकर नारी जागरण, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, स्वच्छता, स्वास्थ्य, नशामुक्ति एवं संस्कारों का संदेश दिया। आयोजन समिति के रमेश निडर ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना था। शिविर के अंतिम दिन कन्याओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से होकर जनजागरण रैली निकाली । रैली में शामिल बालिकाएं अनुशासित पंक्तियों में चलते हुए प्रेरक नारों का उद्घोष कर रही थीं। “हम बदलेंगे, युग बदलेगा”, “जागेगी भाई जागेगी, नारी शक्ति जागेगी” तथा “जाग गई भाई जाग गई, नारी शक्ति जाग गई” जैसे नारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। रैली के दौरान कन्याओं ने समाज में बढ़ती सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता लाने के साथ स्वच्छ एवं संस्कारित समाज निर्माण का संदेश दिया। नगरवासियों ने रैली का विभिन्न स्थानों पर स्वागत करते हुए बालिकाओं के अनुशासन, उत्साह और संस्कारयुक्त प्रस्तुति की सराहना की। शिविर के दौरान आयोजित विशेष जागरूकता सत्र में उज्जैन से आईं उर्मिला तोमर ने कन्याओं को वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति सचेत रहने की सीख दी। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, ऑनलाइन मित्रता, भावनात्मक शोषण तथा भ्रामक संबंधों से बचाव के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जीवन में कोई भी निर्णय सोच-समझकर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति से संबंध स्थापित करने से पहले उसके चरित्र, उद्देश्य एवं व्यवहार को समझना आवश्यक है। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि वे अपनी शिक्षा, आत्मसम्मान और पारिवारिक मूल्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में माता-पिता, अभिभावकों या विश्वसनीय परिजनों से तुरंत चर्चा करें। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, विवेक, संस्कार एवं सजगता ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा हैं और इन्हीं के माध्यम से युवा पीढ़ी अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकती है। समापन समारोह में मुख्य अतिथि मोहनलाल गुप्ता ने शिविर में सहभागिता करने वाली सभी कन्याओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की। ओम भूत ने बताया कि शिविर में कन्याओं को व्यक्तित्व विकास, योग, प्रार्थना, सांस्कृतिक गतिविधियां, नैतिक शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मरक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार द्वारा युगऋषि राम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माताजी के विचारों से प्रेरित होकर समाज में संस्कार निर्माण एवं जागरूकता के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी कन्याओं ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, संस्कारवान जीवन जीने तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
-----
-------------------------
*जहाँ विनय है, वहीं धर्म है - साध्वी अर्हमवृता*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। धर्म की आधारशिला विनय है। विनय के बिना धर्म की कल्पना नहीं की जा सकती। सभी जीवों के प्रति सम्मान, करुणा और विनम्रता का भाव रखना ही सच्चे धर्म का स्वरूप है। अहंकार मनुष्य के आध्यात्मिक विकास में सबसे बड़ी बाधा है और उसका त्याग ही सबसे बड़ा त्याग माना गया है। धर्मशास्त्रों में भी स्पष्ट रूप से कहा गया है कि “जहाँ विनय है, वहीं धर्म है।” उक्त विचार साध्वी अर्हमवृता ने पिपलिया प्रवास के दौरान अमृतलाल चौधरी के निवास पर आयोजित व्याख्यान में कही। साध्वीजी ने कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य भौतिक सुख-सुविधाओं की दौड़ में स्वयं को भूलता जा रहा है। जीवन में शांति, संतोष और आत्मिक सुख तभी प्राप्त हो सकता है, जब व्यक्ति अपने भीतर झांके और प्रतिदिन आत्म-अवलोकन करे। उन्होंने कहा कि दूसरों के दोष देखने के बजाय स्वयं के गुण-दोषों का चिंतन करना चाहिए। आत्ममंथन और आत्मसुधार के माध्यम से ही जीवन को सही दिशा दी जा सकती है। प्रवचन के दौरान साध्वी ने जीवनशैली को सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि आधुनिक जीवन में व्यक्ति बाहरी उपलब्धियों के पीछे भाग रहा है, जबकि वास्तविक सुख आत्मिक उन्नति में निहित है। उन्होंने जीवन को चार महत्वपूर्ण सूत्रों ऑडिटिफिकेशन, इन्विटेशन, सिम एवं एटीएम के माध्यम से समझाते हुए कहा कि व्यक्ति को समय-समय पर अपने विचारों, व्यवहार और कार्यों का आकलन करना चाहिए तथा सकारात्मक सोच को जीवन में आमंत्रित करना चाहिए। अच्छे संस्कार और सद्विचार ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः मंदिरजी में आयोजित सकल संघ के साथ हुआ। इसके पश्चात साध्वीजी अमृतलाल चौधरी के निवास पर पहुंचीं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनका वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। संचालन वीरेन्द्र (राजू) चौधरी ने किया। आभार राजेन्द्र राणावत ने आभार माना। बही तीर्थ अध्यक्ष अशोक कुमठ ने बताया कि बुधवार को कुमठ विला में भक्ताम्बर पाठ एवं विशेष धार्मिक प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भक्ताम्बर स्तोत्र की विभिन्न गाथाओं के आध्यात्मिक, धार्मिक एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर विस्तृत विवेचन किया जाएगा। कुमठ ने बताया जाएगा कि भक्ताम्बर की गाथाओं के नियमित पाठ से मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा की प्राप्ति किस प्रकार होती है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के पश्चात साध्वी मंडल का मंदसौर की ओर विहार प्रस्तावित है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
----
-------------------------
*सकारात्मक ऊर्जा के लिए औषधीय पौधे अनिवार्य - कुमठ*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। तन को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को स्वस्थ रखना भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि दूषित मन ही शरीर में अनेक बीमारियों को बढ़ावा देने का कार्य करता है। घर का वातावरण शुद्ध एवं सकारात्मक बनाए रखने के लिए प्रत्येक घर में औषधीय पौधे लगाना जरूरी है। यह बात आरोग्य भारती के जिला संरक्षक अशोक कुमठ ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित ष्योग से निरोगष् कार्यशाला एवं औषधीय पौधा वितरण समारोह में कही। उन्होंने कहा कि हमारे घरों में उपयोग होने वाले कई मसाले भी औषधि का कार्य करते हैं। यदि घरों में औषधीय पौधे लगाए जाएं तो वातावरण शुद्ध होने के साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षिका श्रीमती बंटू भूत ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों की जानकारी देते हुए बताया कि योग कई असाध्य रोगों के उपचार एवं रोकथाम में उपयोगी सिद्ध होता है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। इस अवसर पर आयोजित प्रश्नमंच में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं औषधीय पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मानसिंह माछोपुरिया, सुनील पोखरना, मन्नालाल राठौर, कमलेश भूत, कमलेश सेठिया, रमेश पोखरना आदि वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
-----
-------------------------
*मंडी में लहसुन चोरी कर नीलामी में बेचने का प्रयास, दो युवक रंगे हाथों पकड़े गए*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। स्थानीय कृषि उपज मंडी में सोमवार को एक अनोखा चोरी का मामला सामने आया, जहां दो युवकों ने व्यापारी की लहसुन की बोरियों से माल निकालकर उसी मंडी परिसर में ढेर लगाकर नीलामी के माध्यम से बेचने का प्रयास किया। व्यापारियों की सतर्कता और सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों युवक पकड़ लिए गए। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी में व्यापारी मनोज कसेरा की लहसुन की कई बोरियां नीलामी के लिए रखी हुई थीं। सोमवार सुबह जब वे अपनी उपज का निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्हें लहसुन की कुछ बोरियां कम दिखाई दीं। बोरियों की संख्या में कमी देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक लहसुन की बोरियां उठाकर उन्हें खाली करते हुए तथा लहसुन को मंडी परिसर में अलग स्थान पर ढेर लगाते हुए दिखाई दिए। फुटेज देखने के बाद व्यापारी एवं अन्य व्यापारियों ने मामले की जानकारी मंडी कर्मचारियों को दी और संदिग्ध ढेर पर नजर बनाए रखी। बताया जाता है कि सुबह मंडी में नियमित नीलामी प्रक्रिया के दौरान उक्त लहसुन के ढेर की भी बोली लग गई। नीलामी पूरी होने के बाद जब दो युवक नीलामी पर्ची लेने के लिए मंडी कार्यालय पहुंचे तो व्यापारियों ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद दोनों युवकों को पकड़कर मंडी कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों युवकों ने अपने नाम आशिक मुल्तानी एवं तोशिफ मुल्तानी, निवासी मुल्तानपुरा, बताए। व्यापारियों का आरोप है कि दोनों ने व्यापारी की बोरियों से लहसुन निकालकर उसे अपना बताकर नीलामी में बेचने का प्रयास किया था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
------
-------------------------
*जेतपुरा में सूने कमरे से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी, मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)।मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा में एक महिला के घर में देर रात अज्ञात बदमाश ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन सहित लाखो का सामान चुरा लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जेतपुरा निवासी गटु बाई पाटीदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बालाजी मंदिर के पास घर के बरामदे में सो रही थीं। रात करीब 1 बजे पानी पीने के लिए उठीं और इसके बाद कमरे में जाकर सो गईं। सुबह करीब 5 बजे जब उनकी नींद खुली तो कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला तथा घर में रखी लोहे की छोटी पेटी खुली हुई थी। जांच करने पर पेटी में रखी नकदी राशि, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, सोने का नाक का कांटा, चांदी की एक जोड़ी पायजेब, चांदी का कंदोरा तथा एक कीपैड मोबाइल फोन गायब मिला। पीड़िता ने बताया कि कमरे की खिड़की की चिटकनी टूटी हुई थी और खिड़की खुली मिली। वहीं मुख्य दरवाजे के पास दीवार के सहारे लोहे की सीढ़ी भी पड़ी हुई थी। इससे आशंका है कि चोर दीवार पर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में घुसा और खिड़की की चिटकनी तोड़कर कमरे में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने पर महिला ने अपने भतीजे कन्हैयालाल पाटीदार को बुलाया। दोनों ने मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद परिजनों के साथ आसपास के क्षेत्र में चोरी गए सामान की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़िता ने मल्हारगढ़ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाने के साथ चोरी गए मोबाइल की लोकेशन के आधार पर भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
-------------------------
*अवैध पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, हथियार सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में हथियार बेचने वाले दूसरे आरोपी की भी तलाश की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जून को नाहरगढ़ थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक कन्हैयालाल यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोलवा मगरा गोशाला के समीप आम रोड पर एक व्यक्ति अवैध पिस्टल लेकर किसी को बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पंचों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक तेजी से वहां से निकलने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मेहफुज मंसुरी (28) निवासी इंदिरा नगर, मंदसौर बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर में खोंसी हुई एक लोहे की पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल में एक मैगजीन लगी हुई थी, जिसमें एक जिंदा कारतूस मौजूद था। बरामद हथियार की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा लाइसेंस संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पिस्टल और जिंदा कारतूस को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त पिस्टल चार दिन पूर्व मनय जैन निवासी संजीत नाका, लालाघाटी रोड, मंदसौर से खरीदी थी। आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी मेहफुज मंसुरी के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पिस्टल कहां से लाई गई थी तथा इसका उपयोग किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
-------------------------
*धारदार छुरा लहराते युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नारायणगढ़ पुलिस ने एक युवक को अवैध रूप से धारदार छुरा लहराते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार छुरा बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि बरूजना-आपुखेड़ी फंटे पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार छुरा लेकर लहरा रहा है, जिससे राहगीरों में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गोविन्द उर्फ मेहताब (30) पिता हरिराम बागरी, निवासी सोनगरा बताया। पुलिस ने आरोपी से उक्त हथियार रखने संबंधी लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने छुरे को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया l
-------------------------
*युवती के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी, दो आरोपियों पर मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कयामपुर में एक युवती के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। ग्राम कयामपुर निवासी 19 वर्षीय कुसुम माली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने रिश्तेदार जगदीश माली के घर गई हुई थी। इसी दौरान गांव के ही ईश्वरलाल माली और उसका साथी सुनिल माली वहां पहुंचे और उससे वहां आने का कारण पूछते हुए अश्लील गालियां देने लगे। पीड़िता के अनुसार जब उसने गाली-गलौज का विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट कर दी। मारपीट में उसे बाईं आंख के नीचे तथा सिर में चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर उसका भाई सूरज माली, विकास माली एवं जगदीश माली मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। रिपोर्ट में बताया गया है कि जाते समय दोनों आरोपियों ने उसे दोबारा वहां आने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिजनों ने घायल युवती का उपचार जिला अस्पताल मंदसौर में कराया, जहां उसका दो-तीन दिन तक इलाज चला। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता रिश्तेदारी में बाहर गए हुए थे, जिसके कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। पिता के लौटने के बाद वह उनके साथ थाना नाहरगढ़ पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ईश्वरलाल माली एवं सुनिल माली के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
------







टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें