*पिपलिया में 2 अगस्त को होगा संगीत कलाकारों का मिलन समारोह*
जन जागृति संगम न्यूज
जेपी तेलकार
-------------------------
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मालवा संगीत परिवार के तत्वावधान में 2 अगस्त 2026 को श्री पावागढ़ माताजी मंदिर, पिपलिया मंडी में "संगीत कलाकारों का मिलन समारोह एवं संगीत गोष्ठी" का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे प्रारंभ होगा। यह आयोजन पार्श्व गायक मोहम्मद रफ़ी की स्मृति तथा किशोर कुमार के जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में मालवा अंचल के गायक, वादक, संगीतकार एवं संगीत प्रेमी एक मंच पर एकत्रित होकर संगीत साधना, अनुभवों का आदान-प्रदान तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों का परिचय एवं संवाद, शास्त्रीय, सुगम, भजन एवं लोकगीतों की गायन प्रस्तुतियां, अनुभव साझा करने के साथ कलाकारों का सम्मान एवं प्रोत्साहन भी किया जाएगा।
मालवा संगीत परिवार ने बताया कि आयोजन के दौरान परिवार की आगामी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा भी सभी कलाकारों की सहमति से तय की जाएगी। वरिष्ठ एवं अनुभवी संगीत साधकों के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस समारोह में सभी संगीत प्रेमियों, गायकों, वादकों एवं संगीत साधकों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने की अपील मालवा संगीत परिवार ने की ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें