*निगम-मंडलों में तेली समाज को मिले सर्वोच्च स्थान, वरना टूटेगा भरोसा, विजय हटवार ने हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर तेली समाज के हक की उठाई आवाज*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
भोपाल नमो नमो मोर्चा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विजय हटवार ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा संगठन में तेली समाज की उपेक्षा और प्रतिनिधित्व की कमी पर गहरा असंतोष और चिंता व्यक्त की। मुलाकात के दौरान श्री हटवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश का लगभग 90% तेली समाज हर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में एकतरफा मतदान कर भाजपा को पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाता है। इसके बावजूद, वर्तमान में समाज को संगठन और सत्ता में वह स्थान नहीं मिल रहा है जिसके वे हकदार हैं। विजय हटवार ने भाजपा नेतृत्व को सचेत करते हुए कहा कि विपक्षी दल तेली समाज को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के प्रलोभन दे रहे हैं और उन्हें भाजपा से विमुख करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे समय में यदि भाजपा ने तेली समाज की अनदेखी जारी रखी, तो समाज में निराशा बढ़ सकती है। उन्होंने मांग की कि आगामी निगम-मंडलों की नियुक्तियों में तेली समाज के योग्य प्रतिनिधियों को उचित और सर्वोच्च स्थान दिया जाए, ताकि भाजपा के प्रति समाज का पारंपरिक विश्वास और निष्ठा बनी रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने दिया आश्वासन
नागपुर से विशेष रूप से भाजपा कार्यालय पहुंचे विजय हटवार और प्रतिनिधिमंडल का प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्वागत स्वीकार किया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। तेली समाज की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आश्वासन दिया कि भारतीय जनता पार्टी तेली समाज के योगदान को भली-भांति समझती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले निगम-मंडलों के गठन और नियुक्तियों में तेली समाज को सर्वोच्च और सम्मानजनक स्थान दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण मुलाकात में नमो नमो मोर्चा भारत के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिनेश सिल्लन साहू (दतिया) एवं संतोष राज (प्रदेश मुख्य सोशल मीडिया प्रभारी) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें