*सैलाना विधायक ने गडकरी को लिखा पत्र, रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग **
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
*रतलाम ( जगदीश राठौर ) रतलाम जिले की आदिवासी बहुल सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर रतलाम–बांसवाड़ा मार्ग को फोरलेन में तब्दील करने की मांग की है। विधायक डोडियार ने पत्र में कहा कि रतलाम–बांसवाड़ा मार्ग मध्यप्रदेश के रतलाम जिले और राजस्थान के बांसवाड़ा जिले को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों यात्री, किसान, विद्यार्थी, व्यापारी एवं मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मार्ग संकरा होने के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
डोडियार ने मांग की कि फोरलेन निर्माण होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम होगा, कृषि एवं व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे क्षेत्र में नए अवसर भी विकसित होंगे और क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकेगी।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि उज्जैन में हर 12 वर्ष में सिंहस्थ का मेला लगता है, ऐसे में इस मार्ग पर यातायात और बढ़ेगा।
विधायक ने केंद्रीय मंत्री से रतलाम–बांसवाड़ा मार्ग का शीघ्र सर्वेक्षण कराकर इसे राष्ट्रीय महत्व के मार्ग के रूप में प्राथमिकता देते हुए फोरलेन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें