*श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पर महाशिवपुराण कथा प्रारंभ* *भगवान शिव की भक्ति कभी व्यर्थ नहीं जाती- पं. विष्णु नारायण जी*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
नीमच। शहर के प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में धर्म प्रेमी जन द्वारा नौ दिवसीय महाशिवपुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ 28 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे निकली कलश एवं पोथी यात्रा के साथ हुआ। नौ दिवसीय इस कथा का विश्राम 5 सितंबर को होगा। इस आयोजन में प्रतिदिन दोपहर 12:00 से 3:00 बजे तक प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित विष्णु नारायण जी (मंदसौर वाले) के मुखारविंद से महाशिवपुराण कथा की ज्ञान गंगा प्रवाहित होगी। आयोजन समिति की सदस्य अर्चना शर्मा एवं ऋतिक सैनी ने बताया कि आयोजन के प्रथम दिन रविवार को प्रातः ढोल ढमाके के साथ कलश यात्रा निकाली गई। उसके पश्चात श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थित कथा पंडाल में महाशिवपुराण कथा का वाचन करते हुए पंडित विष्णु नारायण जी ने कहा कि भगवान शिव इस सृष्टि के रचयिता हैं। उनकी भक्ति और पूजा अर्चना कभी भी व्यर्थ नहीं जाती है। मनुष्य को अपनी दैनिक दिनचर्या में से कुछ समय निकालकर भगवान की भक्ति करना चाहिए। क्योंकि अंत समय में भगवान की भक्ति के कारण ही मनुष्य को मोक्ष मिलता है। महाशिवपुराण कथा का श्रवण करने से मनुष्य जीवन के सभी पाप धुल जाते हैं। प्रथम दिन कथा के समापन पर आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। इस मौके पर आयोजन समिति के सदस्यों के साथ नगर के धर्म प्रेमी जन अच्छी खासी संख्या में उपस्थित थे। जिन्होंने कथा का श्रवण कर धर्म लाभ लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें