*मध्य प्रदेश न्यायिक संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिला*
*जनजागृति संगम न्यूज़*
*जगदीश राठौर*
इंदौर / मध्यप्रदेश न्यायाधीश संघ भोपाल (पंजीयन क्रमांक 6286/98) के पदाधिकारियों का प्रतिनिधि मंडल प्रमुख सचिव विधि एवं विधाई कार्य बीके त्रिवेदी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिला । मध्यप्रदेश न्यायाधीश संघ द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से राज्य में न्यायिक अधिकारियों के द्वितीय राष्ट्रीय न्यायिक वेतन आयोग द्वारा की गई अनुशंसा के आलोक में वेतन पुनरीक्षण एवं अन्य सुविधाएं सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के परिपेक्ष में दिए जाने का अनुरोध किया गया । न्यायाधीश संघ द्वारा न्यायिक पदाधिकारियों के पुनरीक्षण वेतन के अनुरोध के साथ-साथ न्यायाधीशों की सुरक्षा, आवास एवं न्यायाधीशों के कल्याण के अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने न्यायाधीशों के वेतन पुनरीक्षण तथा अन्य मांगों के संबंध में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शीघ्र निराकरण करने एवं लाभ दिए जाने का आश्वासन प्रदान किया । प्रतिनिधिमंडल में मध्य प्रदेश न्यायिक संघ के अध्यक्ष प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुबोध कुमार जैन (इंदौर), सचिव जिला न्यायाधीश डॉ धर्मेंद्र टाडा(भोपाल), कार्यकारिणी सदस्य जिला न्यायाधीश गंगाचरण दुबे (इंदौर), एवं कार्यकारिणी सदस्य जिला न्यायाधीश श्रीमती यतेश सिसोदिया शामिल (भोपाल) उपस्थित थे ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें