*हाईटेक चोर और दो साथी गिरफ्तार : ट्रेन से आता, चंद मिनटों में हाई सिक्योरिटी लॉक तोड़ कर महंगी कारें उड़ा ले जाता* *-सरगना शेर सिंह पर पहला मुकदमा वर्ष 1995 में दर्ज हुआ, अब तक तीन राज्यों में 52 आपराधिक मुकदमे दर्ज*
*जन जागृति संगम न्यूज़*
कोटा
ऐसे और पोस्ट देखने के लिए और जन जागृति संगम से जुड़ने के लिए क्लिक करें 👇
कोटा 15 अप्रैल । जवाहर नगर थाना पुलिस ने शनिवार को दिल्ली से अंतर्राज्यीय हाईप्रोफाइल लग्जरी वाहन चोर गिरोह के सरगना शेर सिंह उर्फ शेरु उर्फ रतन सिंह धाधरैन पुत्र बत्तू सिंह (54) निवासी धाधरैन थाना बयाना जिला भरतपुर और उसके दो साथी वाहन चोरो मुनीराज उर्फ मुनी पुत्र कैलाश चन्द (30) निवासी छोटी उदेई थाना पिलोदा सवाईमाधोपुर एवं मुकेश पुत्र नथोली (40) निवासी शेखपुरा थाना श्री महावीरजी जिला करौली गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
सिटी एसपी शरद चौधरी ने बताया कि इनसे घटना में वारदात में प्रयुक्त मारुती एस-क्रॉस कार, वाहन चोरी में काम आने वाली डिजिटल डिवाईस सहित अनेक उपकरण व फर्जी नम्बर प्लेटे बरामद की गई है। पुलिस को चकमा देकर शेर सिंह कई बार पुलिस कस्टडी से भाग चुका है। महंगी लग्जरी गाड़ियों को चोरी करने के बाद कानपुर और लखनऊ जैसे शहरों में बेचता था।
गैंग के सरगना शेर सिंह के विरुद्ध वाहन चोरी, लूट, हत्या का प्रयास, राजकार्य में बाधा, फरारी, डकैती सहित आर्म्स एक्ट के 52 प्रकरण राजस्थान के भरतपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, दौसा, कोटा शहर, भीलवाङा, जीआरपी कोटा एवं सवाईमाधोपुर, उत्तरप्रदेश के मथुरा, बुलन्दशहर, सिकन्दराबाद तथा मध्यप्रदेश में मुरैना, ग्वालियर, इन्दौर आदि थानो में दर्ज है
एसपी शरद चौधरी ने बताया कि 6 अप्रैल को तलवंडी निवासी अक्षित गुप्ता ने घर के बाहर से टाटा हैरियर कार चोरी हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शहर में लग्जरी वाहनो की चोरी के प्रकरणो को चैलेन्ज के तौर पर लेकर इन घटनाओ के खुलासा करने के लिये एएसपी प्रवीण कुमार जैन के निर्देशन, सीओ अमर सिंह राठौड के सुपरविजन तथा एसएचओ विशेष टीम का गठन किया गया ।
*कार्ययोजना*
टीम ने चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिये घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर प्राप्त आसूचना के आधार पर कार चोरी के रुट चार्ट तैयार किया गया। तकनीकी अनुसंधान से घटना में प्रयुक्त एस-क्रॉस कार की पहचान की गई।
*वारदात का खुलासा*
सीओ अमर सिंह राठौङ ने बताया की एसएचओ वासुदेव सिंह के नेतृत्व में दिल्ली के प्रहलादपुरी से घटना में प्रयुक्त S-CROSS कार समेत शेरा उर्फ शेरसिंह उर्फ रतन सिंह धाधरैन, मुनिराज उर्फ मुनी व मुकेश को डिटेन कर कोटा लाया गया।
उन्होंने बताया कि शेर सिंह अपने गिरोह के सदस्यो के साथ पॉश इलाकों में महंगी और लग्जरी कार को टारगेट करता है। डिजीटल टूल डिवाईस से कार को अनलॉक करने में माहिर है। चोरी गई टाटा हैरियर BS-6 मॉडल की कार अत्याधुनिक होने के साथ इसमें एन्टीथेफ्ट लोकिंग सिस्टम लगा हुआ है।
ऐसी कारों में लगे एन्टीथेफ्ट लोकिंग सिस्टम को तोडने के लिए एक्स टूल कम्पनी की इमोब्लाईजर सोफ्टेवयर, कनेक्टर वायर (केबल) जो की कार के अन्दर वीसीआई कनेक्टर व एक्स टूल को जोडता है जिससे की एन्टीथेफ्ट लोकिंग सिस्टम निष्क्रय हो जाता है। इसके बाद कार स्टार्ट हो जाती है।
*टीम को 25000 रुपये के इनाम की घोषणा*
टीम की मेहनत पर डीजीपी उमेश मिश्रा, एडीजीपी क्राइम दिनेश एमएन, आईजी कोटा रेंज प्रसन्न कुमार द्वारा भूरी - भूरी प्रशंसा की है। साथ ही एडीजीपी क्राइम द्वारा टीम को 25000 रुपये के ईनाम की घोषणा की है।
*गिरफ्तार करने वाली टीम के सदस्य* एसएचओ वासुदेव सिंह, कॉन्स्टेबल धर्मेन्द्र, गोकुल, राजेन्द्र, हरवेन्द्र, सुनिल, राजुराम व भागीरथ शामिल थे। विशेष योगदान कॉन्स्टेबल धर्मेन्द्र, गोकुल, राजेन्द्र व हरवेन्द्र का रहा।
-------------

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें