*स्कूल टीचर ने छात्रा को भेजे अश्लील मैसेज:लिखा- पास होगी तो मुझे क्या मिलेगा; ग्रामीणों ने की स्कूल पर तालाबंदी, विभाग ने किया एपीओ*
जन जागृति संगम न्यूज़
9302003334
डूंगरपुर के साबला ब्लॉक के निठाउवा थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में टीचर की ओर से नाबालिग छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद भी विभागीय कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल की छुट्टी करा दी।
इसके बाद स्कूल पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, मामले में कार्रवाई करते हुए आसपुर एसडीएम के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने आरोपी टीचर को एपीओ कर दिया है।
मामला डूंगरपुर जिले के निठाउआ थाना इलाके का है।
6 महीने पहले हो चुकी है शिकायत
गांव के लोगों ने बताया कि गांव के स्कूल में कार्यरत टीचर जितेंद्र मीणा (34) आए दिन शराब पीकर स्कूल आता है और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करता है। जिसकी 6 महीने पहले और 4 महीने पहले भी शिकायत की जा चुकी हैं। मगर विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शिक्षक पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप
ग्रामीणों ने बताया- शुक्रवार को शिक्षक जितेंद्र मीणा ने एक छात्रा को सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज भेजे। जिसकी शिकायत छात्रा की मां ने शनिवार (20 जुलाई) को स्कूल के प्रिंसिपल से की थी। जिस पर प्रिंसिपल ने मामले की सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई। मगर विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं करने पर आक्रोशित परिजन और गांव वाले मंगलवार सुबह 10 बजे स्कूल पहुंचे और स्कूल की छुट्टी करा दी। इसके बाद स्कूल पर ताला जड़ दिया।
इससे पहले भी अप्रैल के महीने में भी आरोपी शिक्षक ने छात्रा को मैसेज किए थे। जिसकी शिकायत पर शिक्षक ने मैसेज करना बंद कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने फिर शुक्रवार को छात्रा को मैसेज किया।
टीचर ने सोशल मीडिया पर छात्रा को मैसेज किए।
समझाइश पर गांव वालों ने खोला ताला
इस दौरान स्कूल की तालाबंदी की सूचना पर आसपुर एसडीएम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गांव वालों के साथ समझाइश की। जिस पर गांव वालों ने आरोपी टीचर के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई के बाद तालाबंदी खोलने की बात कही। इसके बाद 15 मिनट तक चली समझाइश के बाद स्कूल का ताला खोल दिया।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने आरोपी टीचर जितेन्द्र मीणा को एपीओ कर दिया है। वहीं, परिजनों की ओर से निठाउवा थाना पुलिस को रिपोर्ट भी दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामले को लेकर निठाउआ थाने के एसएचओ भवानी शंकर ने बताया- रिपोर्ट के आधार पर टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें