*रतलाम में पटवारी के खाते से 2.93 लाख रुपए पार* *बिना कॉल और ओटीपी के तीन ट्रांजैक्शन में उड़ी जीपीएफ की राशि, साइबर ठगी का मामला दर्ज*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम। जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने एक पटवारी के बैंक खाते से बिना किसी कॉल और ओटीपी के 2 लाख 93 हजार रुपए निकाल लिए। ठगी की यह राशि तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से ट्रांसफर की गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर के काटजू नगर निवासी पटवारी अशोक योगी के एसबीआई बैंक खाते से 27 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 2.93 लाख रुपए निकाल लिए गए। 30 अप्रैल को जब उन्होंने अपने खाते का बैलेंस चेक किया, तब उन्हें ठगी का पता चला।
पीड़ित पटवारी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ न तो ओटीपी साझा किया था और न ही बैंक खाते की जानकारी दी थी। उन्होंने मार्च महीने में पारिवारिक जरूरतों के लिए अपने जीपीएफ खाते से करीब 5 लाख रुपए निकालकर बैंक खाते में जमा किए थे।
मामले की शिकायत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को दी गई, जिसके बाद अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब साइबर सेल की सहायता से उन बैंक खातों और तकनीकी माध्यमों की जांच कर रही है, जिनमें यह राशि ट्रांसफर की गई।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार की ठगी अक्सर मोबाइल हैकिंग या रिमोट एक्सेस एप्लीकेशन के जरिए की जाती है। कई बार लोग अनजाने में किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर देते हैं, जिससे साइबर अपराधियों को मोबाइल का नियंत्रण मिल जाता है और वे बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर खाते से रकम ट्रांसफर कर लेते हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल में संदिग्ध एप डाउनलोड करने से बचें और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें