*सोशल मीडिया पर बंदूक लहराकर रील बनाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
गरोठ। सोशल मीडिया पर बंदूक लहराकर रील बनाना तीन युवकों को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गरोठ थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, दो जिंदा राउंड, दो एयरगन तथा बिना नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन जब्त की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों के परिवहन, प्रदर्शन तथा सोशल मीडिया पर भय का वातावरण बनाने वाले वीडियो पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के निर्देशन में थाना प्रभारी उनि बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को सोशल मीडिया, व्हाट्सएप न्यूज ग्रुप तथा अन्य प्लेटफॉर्म पर खड़ावदा शराब दुकान के सामने कुछ युवकों द्वारा बंदूक लहराते हुए रील बनाने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में युवक खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे थे, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल वीडियो की जांच शुरू कराई और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के प्रयास किए गए।
जांच के दौरान वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान कमल पिता गोपाल सिंह निवासी कुण्डला खुर्द थाना शामगढ़, विनोद पिता बालाराम निवासी बारामासी थाना गरोठ तथा बालु उर्फ बालमुकुंद पिता मानसिंह निवासी बरखेड़ा उदा थाना शामगढ़ के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू की।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने सेमरोल गांव के कच्चे रास्ते से बारामासी-नारायणी रोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन आती दिखाई दी, जिसमें उक्त तीनों आरोपी सवार थे। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और वाहन जब्त कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
थाने लाकर पूछताछ करने पर वायरल वीडियो में इस्तेमाल की गई दो एयरगन भी आरोपियों के कब्जे से बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए देशी कट्टे और जिंदा राउंड की कीमत करीब 25 हजार रुपए, स्कॉर्पियो वाहन की कीमत लगभग 15 लाख रुपए तथा एयरगनों की कीमत करीब 10 हजार रुपए आंकी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि बलवीरसिंह यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने या भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें