*तपती धूप में पंच धूनी रमाकर तप कर रहे संत* *उज्जैन के निनोरा में 40 डिग्री तापमान के बीच धूनी के साथ साधना में लीन संत*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
अधिक खबरें जानकारीयां* 👇
उज्जैन। उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ से पहले ही आध्यात्मिक वातावरण दिखाई देने लगा है। शहर के निनोरा क्षेत्र में इन दिनों एक अद्भुत धार्मिक दृश्य देखने को मिल रहा है, जहां प्रसिद्ध संत टाटम्बरी सरकार अपने करीब 20 संतों के साथ तपती गर्मी में पंच धूनी रमाकर कठोर तपस्या कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि संत 40 डिग्री तापमान के बीच खुले आसमान के नीचे सिर पर पात्र रखकर बैठे हैं, जिनमें कंडे धधक रहे हैं। चारों ओर धूनी के धुएं और तेज तपन के बीच संत निरंतर जाप एवं साधना में लीन हैं। जहां आमजन दोपहर की गर्मी में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, वहीं संत कठिन तप कर श्रद्धालुओं को आस्था और संयम का संदेश दे रहे हैं।
संतों के दर्शन एवं आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु निनोरा पहुंच रहे हैं। सोनू शर्मा के खेत में आयोजित नर्मदा पुराण कथा में शामिल होने के लिए संत यहां पहुंचे हैं।
ध्रुव दास त्यागी ने बताया कि सभी संत प्रतिदिन सुबह तीन बजे उठकर पूजा-पाठ एवं दैनिक क्रियाओं के बाद पंच धूनी के बीच बैठकर तपस्या शुरू करते हैं। उन्होंने बताया कि यह विशेष अनुष्ठान विश्व कल्याण एवं मानव समाज की सुख-समृद्धि के लिए किया जा रहा है। यह अनुष्ठान लगातार चार माह तक चलेगा, जिसका समापन गंगा दशहरा पर किया जाएगा।
आयोजक सोनू शर्मा ने बताया कि टाटम्बरी सरकार वर्ष 1992 से निनोरा में धार्मिक आयोजन करते आ रहे हैं। इस बार वे नर्मदा पुराण कथा में शामिल होने पहुंचे हैं। 3 मई से प्रारंभ हुई कथा का समापन शनिवार को होगा। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में संत एवं श्रद्धालु भाग लेंगे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें