*दिव्यांग कर्मचारी को थप्पड़ मारने के आरोप में घिरे पीजी कॉलेज प्राचार्य, कथित ऑडियो वायरल होने से बढ़ा विवाद*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
मंदसौर। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर के प्राचार्य डॉ. जे.एस. दुबे एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। कॉलेज के एक दिव्यांग कर्मचारी के साथ कथित मारपीट के आरोपों के बीच अब एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और अधिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है।
वायरल हो रहे कथित ऑडियो में प्राचार्य डॉ. जे.एस. दुबे कथित रूप से यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “हां मैंने थप्पड़ मारा है, अभी तो केवल थप्पड़ ही मारा है, मैं उसे बर्खास्त भी कर सकता हूं।” हालांकि वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद कॉलेज परिसर एवं शिक्षा जगत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार कॉलेज के एक दिव्यांग कर्मचारी के साथ कथित अभद्र व्यवहार और थप्पड़ मारने का आरोप प्राचार्य पर लगाया गया है। घटना को लेकर कर्मचारी वर्ग एवं विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि डॉ. जे.एस. दुबे जब से पीजी कॉलेज मंदसौर में पदस्थ हुए हैं, तब से लगातार किसी न किसी विवाद को लेकर चर्चा में रहे हैं। इससे पहले भी उनके कार्यकाल के दौरान विवाद सामने आते रहे हैं। वर्ष 1996 से 1999 के बीच मंदसौर में पदस्थापना के दौरान भी उन पर प्रोफेसरों के साथ मारपीट एवं महिला प्राध्यापकों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लग चुके हैं। उस समय भी शिकायतों के बाद उनका स्थानांतरण किए जाने की चर्चा रही थी।
वर्तमान मामले में अब सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो और मारपीट के आरोपों को लेकर विभिन्न कर्मचारी संगठनों एवं लोगों द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। हालांकि इस पूरे मामले में कॉलेज प्रशासन अथवा संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें