*विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक पूर्ण की 20 दिवसीय ऑन-जॉब ट्रेनिंग*
पड़दा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़दा में मध्यप्रदेश शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी व्यावसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) ट्रेड के विद्यार्थियों ने 1 मई 2026से 25 मई 2026 तक आयोजित 20 दिवसीय ऑन-जॉब ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूर्ण की।
प्रशिक्षण की कुल अवधि लगभग 100 घंटे रही, जिसमें विद्यार्थियों को कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने कंप्यूटर संचालन, सॉफ्टवेयर इंस्टॉलेशन, नेटवर्किंग की मूलभूत जानकारी, हार्डवेयर की कार्यप्रणाली, कंप्यूटर में आने वाली सामान्य समस्याओं के समाधान सहित विभिन्न तकनीकी विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रत्येक दिन विद्यार्थियों ने नई तकनीकों एवं आधुनिक आईटी उपकरणों के बारे में जानकारी हासिल कर अपने कौशल का विकास किया।
प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को आईटी प्रशिक्षक अर्पित जोशी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को अपने करियर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्राप्त अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें