पिपलिया स्टेशन आंचलिक खबरें (जेपी तेलकार)।
जन जागृति संगम
9302003334
*इथेनॉल प्लांट में 68 करोड़ की कथित धोखाधड़ी, पुणे की कंपनी के पांच अधिकारियों पर मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (जेपी तेलकार)। थाना मल्हारगढ़ पुलिस ने इथेनॉल प्लांट स्थापना के नाम पर कथित धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये वसूलने के आरोप में पुणे (महाराष्ट्र) की एक निजी कंपनी के पांच अधिकारियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच प्रारंभ कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी नही हुई है। जनाकारी के अनुसार फरियादी यश गर्ग पिता योगेश गर्ग, उम्र 26 वर्ष, निवासी पीटी-06, सत्यम विहार कॉलोनी, मंदसौर ने थाना मल्हारगढ़ में लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में बताया गया कि वह एवं उनके पिता योगेश गर्ग पिता रमेशचंद्र गर्ग वैधानिक रूप से कृपा बायोटेक एलएलपी कंपनी के पार्टनर हैं .कंपनी का इथेनॉल उत्पादन संयंत्र ग्राम चंगेरी, तहसील मल्हारगढ़ में स्थापित है। फरियादी के अनुसार उनकी कंपनी ने इथेनॉल प्लांट स्थापित करने के लिए मैसर्स SSEPL टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड, पता टी-3/103, कोहिनूर वर्ल्ड टावर्स, एम्पायर स्टेट के सामने, ओल्ड मुंबई-पुणे हाईवे, पिंपरी कॉलोनी, पुणे, महाराष्ट्र के साथ दिनांक 22 नवंबर 2023 को लिखित अनुबंध किया था. अनुबंध के अनुसार कंपनी को 120/140 KLPD क्षमता का इथेनॉल प्लांट स्थापित करना था, जिसके एवज में लगभग 67 करोड़ 85 लाख रुपये (जीएसटी सहित) का भुगतान निर्धारित किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अनुबंध के अनुरूप भुगतान करते हुए उनकी कंपनी द्वारा बैंक ऋण के माध्यम से अब तक 67 करोड़ 70 लाख 94 हजार 695 रुपये संबंधित कंपनी को अदा किए जा चुके हैं। प्लांट स्थापित होने के बाद जब अनुबंधानुसार संचालन एवं उत्पादन शुरू कराने की मांग की गई तो कंपनी के अधिकारी प्लांट को पूरी तरह संचालित किए बिना ही चले गए। फरियादी का कहना है कि बाद में जब उन्होंने स्वयं प्लांट का संचालन शुरू किया तो उत्पादन क्षमता अनुबंध में तय 120/140 KLPD के बजाय मात्र लगभग 100 KLPD ही पाई गई। इस संबंध में कई बार कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। मामले में जिन आरोपियों को नामजद किया गया है उनमें माधव सूर्यकांत उगिले (प्रबंध निदेशक), कांचनकुमार लक्ष्मण शेवाले पाटिल (निदेशक), विलास भगवंतराव पवार (निदेशक), आलोक माधवराव वानखेडे (निदेशक) तथा सुहास सुरडी (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) शामिल हैं। सभी आरोपी मैसर्स SSEPL टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड, पुणे (महाराष्ट्र) से संबंधित बताए गए हैं। फरियादी ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने अनुबंधित क्षमता का प्लांट स्थापित नहीं किया और कम क्षमता का संयंत्र लगाकर अधिक क्षमता वाले प्लांट की पूरी कीमत वसूल ली। इसके चलते उनकी कंपनी पर्याप्त मात्रा में इथेनॉल उत्पादन नहीं कर सकी। शिकायत के अनुसार उनकी कंपनी ने इथेनॉल आपूर्ति के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) तथा भारतपेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के साथ अनुबंध किए थे, लेकिन उत्पादन कम होने के कारण निर्धारित आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे संबंधित कंपनियों द्वारा उनकी फर्म पर आर्थिक दंड भी लगाया गया। फरियादी ने पुलिस को अनुबंध की प्रतिलिपि सहित अन्य दस्तावेज भी सौंपे हैं। थाना मल्हारगढ़ पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मल्हारगढ टीआई अनिल रघुवंशी कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा दस्तावेजों एवं तकनीकी तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है, केस दर्ज कर लिया है,आरोपियो की गिरफ्तारी नही हो पाई है।
-------------
जन जागृति संगम 9302003334
*साझा कुएं के विवाद में सगे भाई ने की मारपीट, जान से मारने की धमकी*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम काचरिया देव में साझा कुएं की हिस्सेदारी को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सगे भाई और भाभी द्वारा मारपीट कर घायल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम काचरिया देव निवासी दशरथसिंह राजपूत पिता मेहताबसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका और उसके बड़े भाई जोध सिंह राजपूत पुत्र मेहताब सिंह राजपूत के बीच साझा कुएं की हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। फरियादी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे वह बरखेड़ा देव से मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में भाई जोध सिंह ने अपने घर के सामने उसे रुकने का इशारा किया। रुकने पर जोध सिंह ने कुएं में हिस्सेदारी को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दशरथ सिंह ने गालियां देने से मना किया तो जोध सिंह ने लकड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई और खून बहने लगा। रिपोर्ट में बताया गया है कि मौके पर मौजूद जोध सिंह की पत्नी गन्ना कुँवर राजपूत ने भी हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। शोर सुनकर वहां मौजूद देवी सिंह राजपूत पुत्र भुवान सिंह राजपूत ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। फरियादी का आरोप है कि घटना के बाद जोधसिंह और गन्ना कुँवर ने धमकी दी कि यदि भविष्य में कुएं की हिस्सेदारी की बात की तो उसे जान से खत्म कर देंगे। घटना के बाद घायल दशरथ सिंह ने अपने जीजा प्रेम सिंह राजपूत पुत्र उदय सिंह राजपूत निवासी बामनिया, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच को फोन कर बुलाया और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह उनके साथ मल्हारगढ़ थाने पहुंचा। पुलिस ने घायल को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए शासकीय अस्पताल मल्हारगढ़ भेजा, जहां उसका उपचार किया गया। मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी जोध सिंह राजपूत एवं गन्ना कुँवर राजपूत के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
--------------
जन जागृति संगम 9302003334
*लीज की जमीन के रुपये मांगने को लेकर विवाद, मारपीट व जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र) । थाना नाहरगढ़ क्षेत्र के ग्राम बेटीखेड़ी निवासी एक युवक ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी रवि उर्फ राहुल जाट (30) पिता शिवलाल जाट, निवासी ग्राम बेटीखेड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने भाई गोपाल के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान ग्राम रणायरा निवासी समरथ सुर्यवंशी पिता वरीदचन्द्र सुर्यवंशी उसके घर के सामने आया और लीज की जमीन के रुपये मांगने लगा। फरियादी के अनुसार उसने समरथ से कहा कि फसल बेचने के बाद रुपये दे देगा। इसी बात को लेकर आरोपी आगबबूला हो गया और गालियां देने लगा। इस पर आरोपी समरथ ने गोपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। फरियादी का आरोप है कि आरोपी ने दोनों भाइयों को रुपये नहीं देने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर थाना नाहरगढ़ पुलिस ने आरोपी समरथ सुर्यवंशी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
-------------------
जन जागृति संगम 9302003334
*राखी का रिश्ता तोड़ने पर महिला को गालियां देकर जान से मारने की धमकी*
पिपलिया स्टेशन (निप्र) थाना नाहरगढ़ में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विक्रम धाकड़ के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता रीना (30) पति राहुल सेन निवासी ग्राम हिंगोरिया बड़ा ने पुलिस को बताया कि उसने ग्राम हिंगोरिया बड़ा निवासी विक्रम पिता ईश्वरलाल धाकड़ से राखी का भाई-बहन का रिश्ता बना रखा था। परिजनों की सलाह पर उसने यह रिश्ता समाप्त कर दिया था। रीना सेन ने बताया वह ग्राम संजीत स्थित चौपाटी पर बैठी हुई थी। इसी दौरान विक्रम धाकड़ वहां पहुंचा और रिश्ता तोड़ने की बात को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि विक्रम ने महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज की। शोर-शराबा सुनकर आसपास लोगों की भीड़ एकत्र होने लगी । महिला का आरोप है कि जाते समय विक्रम धाकड़ ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि आज लोग आ गए हैं इसलिए बच गई हो, आगे कभी मिली तो जान से खत्म कर दूंगा। शिकायत के आधार पर थाना नाहरगढ़ पुलिस ने आरोपी विक्रम धाकड़ के खिलाफ गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने संबंधी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
-----------------
जन जागृति संगम 9302003334
*पैसे नहीं देने पर बेटे ने माता-पिता से की मारपीट, जान से मारने की धमकी*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। थाना पिपलियामंडी क्षेत्र के ग्राम सनावदा में एक पुत्र द्वारा अपनी ही माता-पिता के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सनावदा निवासी 40 वर्षीय अनिता पति वर्दीचंद प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह खेती का कार्य करती हैं, घर पुत्र अजेश प्रजापत उनसे पैसों की मांग करने लगा। जब अनिता प्रजापत ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो अजेश गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने लट्ठ से हमला कर दिया, जिससे अनिता प्रजापत के सिर और बाएं हाथ में चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति वर्दीचंद प्रजापत के साथ भी आरोपी ने मारपीट की, जिससे उनके बाएं हाथ में चोट लगी। रिपोर्ट में बताया गया है कि मारपीट के बाद आरोपी अजेश प्रजापत ने माता-पिता को धमकी देते हुए कहा कि इस बार बच गए हो, आगे यदि पैसे नहीं दिए तो जान से खत्म कर दूंगा। घटना के बाद पीड़िता अनिता प्रजापत अपने पति के साथ थाना पिपलिया मंडी पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी अजेश प्रजापत के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया।
--------------
जन जागृति संगम 9302003334
*सड़क दुर्घटना में व्यक्ति घायल, आरोपी बाइक चालक पर मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। थाना पिपलिया मंडी पुलिस ने सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति को घायल करने के मामले में आरोपी बाइक चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार फरियादिया अनुसुईया पंवार निवासी ग्राम ढिकनिया की रिपोर्ट पर रवि पिता बाबूलाल पाटीदार निवासी बाबूखेड़ा के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 की सुबह अनुसुईया के पति गणपत मोगिया मोटरसाइकिल से साबाखेड़ा पेट्रोल भरवाने गए थे। सुबह करीब 9.22 बजे गणपत मोगिया के मोबाइल से उनकी साली रोडीबाई पति मुन्नालाल मोगिया निवासी हरिपुरा ने उनकी पुत्री टीना को फोन कर बताया कि गणपत मोगिया का ढिकनिया-हरिपुरा मार्ग स्थित पुलिया के पास सड़क हादसा हो गया है। सूचना मिलने पर अनुसुईया अपने पड़ोसी नागेश्वर पाटीदार के साथ घटनास्थल पर पहुंची, जहां उनके पति सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले। दुर्घटना में उनके कंधे, पसलियों तथा आंख के ऊपर गंभीर चोटें आई थीं और रक्तस्राव हो रहा था। परिजन उन्हें तत्काल निजी वाहन से उपचार के लिए मंदसौर स्थित पाटीदार अस्पताल ले गए। बाद में उन्हें जिला अस्पताल मंदसौर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद अगले दिन छुट्टी दे दी गई। घायल गणपत मोगिया ने बताया कि वह साबाखेड़ा से लौटते समय हरिपुरा के बाहर पुलिया के समीप पहुंचे थे, तभी ढिकनिया की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बाइक सहित सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। घायल ने आरोपी चालक की पहचान रवि पिता बाबूलाल पाटीदार निवासी बाबूखेड़ा के रूप में की। पुलिस ने फरियादिया की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
------------
जन जागृति संगम 9302003334
*निजी अस्पताल में युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी; मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नारायणगढ़ के एक निजी अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे युवक के साथ मारपीट एवं धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी लोकेश (25) पिता गोवर्धन परिहार निवासी नारायणगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका नारायणगढ़ में मोटरसाइकिल मरम्मत का गैराज है। वह तबीयत खराब होने के कारण सेंट्रल बैंक के सामने स्थित गली में एक निजी अस्पताल में इलाज कराने गया था। फरियादी के अनुसार इसी दौरान जयन्त पिता योगेन्द्र परिहार, निवासी रामटेकरी, मंदसौर अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा। जयन्त ने उससे पूर्व में हुई एक लड़ाई में शामिल होने का आरोप लगाया। लोकेश ने स्वयं को उस विवाद से असंबंधित बताया, लेकिन आरोप है कि जयन्त ने उसका कॉलर पकड़कर गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ लात-घूंसों एवं थप्पड़ों से मारपीट की। साथ आए अन्य युवकों ने भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। रिपोर्ट में बताया गया है कि जब लोकेश ने अपने मोबाइल फोन से संबंधित लोगों से बात करवाने का प्रयास किया तो जयन्त ने उसका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। लोगों के जुटने पर आरोपी अपने साथियों के साथ वहां से जाने लगे। फरियादी का आरोप है कि जाते समय जयन्त ने उसे धमकी दी कि यदि वह भविष्य में उनके पारिवारिक विवादों के बीच आया तो उसे पिस्तौल से खत्म कर देगा। मारपीट में लोकेश के गाल एवं दाहिने हाथ में चोट आई है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर जयन्त परिहार एवं उसके अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
--------------
जन जागृति संगम 9302003334
*ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, देर रात हुई शिनाख्त*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलिया-मंदसौर रेलवे स्टेशन के बीच सिंदपन के निकट शुक्रवार रात्रि एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचा और युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात मृतक की शिनाख्त हुई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि करीब 9.40 बजे सिंदपन गांव के समीप रेलवे अंडरब्रिज के पास एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना रेलवे कर्मचारी द्वारा स्टेशन अधीक्षक को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मंदसौर जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच एवं पहचान के प्रयासों के बाद देर रात मृतक की शिनाख्त सिंदपन निवासी महेश (30) पिता आत्माराम माली के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार महेश शुक्रवार सुबह घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। देर रात हादसे की सूचना मिलने पर परिवारजन अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी पहचान की गई। बताया जाता है कि मृतक विवाहित था तथा उसके परिवार में दो छोटी बेटियां हैं। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। यह हादसा था, आत्महत्या थी अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। वायडीनगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया कि मामले की जांच जारी है, जांच उपरांत ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------
जन जागृति संगम 9302003334
*निशुल्क संस्कार पाठशाला में बच्चों को दिए जा रहे भारतीय संस्कृति, धर्म और नैतिक मूल्यों के संस्कार. कहानियों, धार्मिक गतिविधियों और रोचक प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों का हो रहा सर्वांगीण विकास*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। वर्तमान समय में जहां आधुनिक जीवनशैली और मोबाइल संस्कृति के कारण बच्चों का झुकाव पारंपरिक संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों से दूर होता जा रहा है, वहीं नगर में संचालित नि:शुल्क संस्कार पाठशाला बच्चों को भारतीय संस्कृति, धर्म और जीवन मूल्यों से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। गांधी चौराहा स्थित पुलिस चौकी के सामने इस पाठशाला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक, सामाजिक एवं नैतिक शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
संस्कार पाठशाला की संचालिका प्रीति अग्रवाल ने बताया कि 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित इस पाठशाला में वर्तमान में लगभग 40 बच्चे नियमित रूप से शामिल हो रहे हैं। बच्चों को केवल पुस्तक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन में उपयोगी संस्कार, अनुशासन, पारिवारिक मूल्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की भी शिक्षा दी जा रही है। पाठशाला का संचालन प्रतिदिन शाम 5 बजे से 6 बजे तक किया जा रहा है। पाठशाला के प्रथम दिवस का विषय “भगवान अर्थात ईश्वर” रखा गया। इस अवसर पर बच्चों को ईश्वर के महत्व, भक्ति, श्रद्धा एवं धार्मिक आस्था के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। बच्चों को रुई से दीपक की बत्ती बनाना सिखाया गया तथा मंदिर में ले जाकर दीपदान करवाया गया। इसके साथ ही भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर बच्चों से जलाभिषेक भी करवाया गया। इस धार्मिक गतिविधि के माध्यम से बच्चों को पूजा-पद्धति एवं सनातन परंपराओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अधिक मास का धार्मिक महत्व भी बताया गया। उन्हें अधिक मास से जुड़ी पौराणिक कथा सुनाई गई तथा इस विशेष माह में किए जाने वाले धार्मिक कार्यों, दान-पुण्य और भक्ति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए विषय से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए। सही उत्तर देने वाले बच्चों को टॉफियां देकर प्रोत्साहित किया गया, जिससे उनमें सीखने की उत्सुकता और बढ़ी। प्रीति अग्रवाल ने बताया कि पाठशाला में प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर बच्चों को संस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। कहानियों, प्रेरक प्रसंगों एवं संवाद के माध्यम से बच्चों को माता-पिता एवं बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करने, प्रतिदिन सुबह उठकर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने तथा परिवार के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने की प्रेरणा दी जा रही है। साथ ही छुट्टियों में नियमित रूप से मंदिर जाने, घर एवं आसपास की साफ-सफाई रखने तथा स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया जा रहा है। पाठशाला में बच्चों को व्यवहारिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की भी शिक्षा दी जा रही है। उन्हें बताया गया कि “सॉरी” और “थैंक यू” जैसे दो छोटे लेकिन प्रभावशाली शब्द रिश्तों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन शब्दों का नियमित उपयोग व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारता है और समाज में अच्छे संबंध स्थापित करने में सहायता करता है। इसके अलावा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा “अतिथि देवो भव” का महत्व समझाते हुए बच्चों को घर आने वाले अतिथियों का सम्मान करने, विनम्रता से उनका स्वागत करने तथा अभिवादन स्वरूप “जय श्री कृष्ण” कहने की सीख भी दी जा रही है। आयोजकों का मानना है कि बचपन में दिए गए संस्कार जीवनभर व्यक्ति के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर के अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्कार पाठशाला बच्चों को मोबाइल और अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूर रखकर उन्हें भारतीय संस्कृति, नैतिकता और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। आने वाले दिनों में भी बच्चों को विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और नैतिक विषयों पर शिक्षाप्रद गतिविधियों के माध्यम से संस्कार प्रदान किए जाएंगे।
--------------

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें