*छुरा लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार* इधर *पति व सास ने महिला को दी जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
*छुरा लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हरमाला में आम रोड पर धारदार छुरा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार छुरा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार चौकी झारड़ा पुलिसकर्मी बीट भ्रमण पर ग्राम हरमाला पहुंचे। इस दौरान आम रोड हरमाला के सामने लोगों की भारी भीड़ एकत्र दिखाई दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि एक व्यक्ति हाथ में धारदार छुरा लेकर उसका प्रदर्शन कर रहा था तथा उसे इधर-उधर लहराकर राहगीरों और ग्रामीणों को डरा-धमका रहा था। आरोपी की हरकतों से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया था तथा आने-जाने वाले लोग सहमे हुए थे। पुलिस ने मौके पर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार छुरा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिनेश (35) पिता गेंदमल बावरी, निवासी हरमाला बताया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया।
---------------------
*पति व सास ने महिला को दी जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और सास के खिलाफ गाली-गलौज, विवाद और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादिया कृष्णा चौहान (34) निवासी पिपलियापंथ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका विवाह वर्ष 2010 में पिपलियापंथ निवासी राधेश्याम चौहान से हुआ था। उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति आए दिन शराब के नशे में विवाद करता रहता है। 23 मई 2026 को भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसकी रिपोर्ट उसने थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद वह अपने मायके बंड पिपलिया चली गई थी, जबकि दोनों बच्चे पति के पास रह रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार 7 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने बच्चों से मिलने पति के घर पहुंची। वहां उसके पति राधेश्याम चौहान और सास कैलाशी बाई चौहान ने उससे विवाद शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। जब उसने विरोध किया और बच्चों से मिलने की बात कही तो दोनों ने उसे घर आने से मना करते हुए कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद महिला ने पिपलियामंडी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी राधेश्याम चौहान एवं कैलाशी बाई चौहान के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें