*शौर्य संकल्प योजना के प्रशिक्षणार्थियों हेतु स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में शौर्य संकल्प योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय, मंदसौर द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा प्रशिक्षण अवधि के दौरान उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना रहा।
सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत के निर्देशन में जिला चिकित्सालय की मेडिकल टीम द्वारा विमुक्त जाति कन्या छात्रावास एवं अनुसूचित जाति बालक छात्रावास क्रमांक 01 में पहुंचकर प्रशिक्षणार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई तथा सामान्य बीमारियों एवं चोट लगने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के बारे में जागरूक किया गया।
मेडिकल टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित व्यायाम एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई। विशेष रूप से छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया की रोकथाम, पोषण एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही दोनों प्रशिक्षण स्थलों पर आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग हेतु आवश्यक दवाइयों एवं मेडिकल किट की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई।
शिविर के दौरान प्रशिक्षणार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशिक्षण अवधि के दौरान नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रभारी श्री जगदीश चंद्र कोडावत, श्रीमती प्रतिभा दायमा, सहायक प्रशिक्षण प्रभारी श्री लोकेश कुमार जाटव, श्रीमती प्रीति चौहान एवं श्रीमती सीमा मैडम उपस्थित रहीं तथा उन्होंने स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।
स्वास्थ्य परीक्षण दल में डॉ. अजीत काबा, नर्सिंग ऑफिसर श्री सुरेश धाकड़ एवं श्रीमती टीना मालवीय द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें