*पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा थाना पिपलोदा का आकस्मिक निरीक्षण — लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश*
जन जागृति संगम न्यूज़
एमपी ब्यूरो चीफ जगदीश राठौर
9238344171
रतलाम ( जगदीश राठौर) पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार ने रविवार को थाना पिपलोदा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी पिपलोदा निरीक्षक रमेश कोली सहित समस्त विवेचकों एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गंभीर अपराधों, महिला एवं बाल अपराधों, संपत्ति संबंधी अपराधों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट तामीली तथा लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष, वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने थाना परिसर, हवालात, मालखाना, अभिलेख कक्ष तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही थाने में संधारित विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का परीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने, नियमित एवं प्रभावी गश्त, अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही फरियादियों एवं थाने पर आने वाले आम नागरिकों के साथ संवेदनशील, शालीन एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने पिपलोदा थाना परिसर में स्थित पुलिस आवास का भी निरीक्षण किया तथा वहां निवासरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें