पिपलिया मंडी आँचलिक खबरें जेपी तेलकार
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
-------------------------
*ट्रक चालक को बचाने पहुंचे सरपंच पर जानलेवा हमला, हाथ में गंभीर चोट*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। बही पार्श्वनाथ ग्राम पंचायत के सरपंच मनमोहन उर्फ लाला पाराशर पर रविवार देर रात बही फंटे पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में सरपंच गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मंदसौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:30 बजे सरपंच मनमोहन पाराशर अपने गांव के कमल नामक युवक के साथ बाइक से बही फंटे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक ट्रक चालक के साथ कार में सवार चार व्यक्ति तथा बाइक पर आए दो व्यक्ति बेरहमी से मारपीट कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ट्रक चालक के साथ गंभीर मारपीट कर रहे थे। घटना के पीछे लूटपाट की नीयत थी या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक के साथ हो रही मारपीट देखकर सरपंच मनमोहन पाराशर मौके पर रुके और आरोपियों से मारपीट का कारण पूछा। सरपंच के हस्तक्षेप से नाराज बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। हमले में सरपंच के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि ट्रक चालक को भी बुरी तरह पीटा गया ।घटना के बाद मौके पर अफरा - तफरी का माहौल बन गया। घायल सरपंच को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस थाने से मिली जनाकारी के अनुसार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और आरोपियों की पहचान के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मामले को लेकर थाना प्रभारी विक्रमसिंह इवने से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
---------------------
*जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत बरदल में मलेरिया जागरूकता कार्यशाला एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। शासन के निर्देशानुसार जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 के अंतर्गत विकासखंड मल्हारगढ़ के जनजातीय बाहुल्य ग्राम बरदल में सोमवार को मलेरिया जागरूकता कार्यशाला एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के प्रति लोगों को प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. दीपा पाठक एवं मलेरिया निरीक्षक आर.डी. बैरागी ने ग्रामीणजनों को मलेरिया रोग के कारण, लक्षण, उपचार एवं बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में समय रहते सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। कार्यशाला के दौरान ग्रामीणों को मच्छरों के लार्वा की पहचान करने तथा उनके नष्टीकरण के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने घरों एवं आसपास जमा पानी को नियमित रूप से हटाने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा जल स्रोतों की निगरानी करने की सलाह दी। साथ ही मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, नीम की पत्तियों का धुआं करने एवं मच्छरों से बचाव के अन्य घरेलू उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।अधिकारियों ने “कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है” संदेश के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि बुखार आने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर मलेरिया की जांच कराएं। समय पर जांच और उपचार से रोग को गंभीर होने से रोका जा सकता है। कार्यक्रम स्थल पर मलेरिया प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पोस्टर, बैनर एवं चित्रों के माध्यम से मलेरिया नियंत्रण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गईं। स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी ग्रामीणों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मलेरिया संक्रमण की रोकथाम, मच्छर नियंत्रण एवं लार्वा नष्टीकरण के लिए सामूहिक शपथ ग्रहण की तथा अपने गांव को मलेरिया मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम, आशा सुपरवाइजर, आशा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
-----------
*तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, चालक घायल, केस दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के नापाखेड़ा-टकरावद मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर अज्ञात चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम नापाखेड़ा निवासी रतनलाल (40) पिता मांगीलाल बागरी अपनी मोटरसाइकिल (एमपी-14-जेडजे-9054) से टकरावद जा रहे थे। रास्ते में नापाखेड़ा और टकरावद के बीच स्थित रामजी के ढाबे के पास वे लघुशंका के लिए सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर रुके थे। इसी दौरान टकरावद की ओर से आ रही एक कार के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रतनलाल बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। हादसे के बाद कार कुछ दूरी पर सड़क किनारे रुकी। कार के पीछे एमपी-13-जेडटी-1454 नंबर की प्लेट लगी हुई थी, जबकि टक्कर के दौरान वाहन की आगे की नंबर प्लेट टूटकर घटनास्थल पर गिर गई थी। कार चालक वाहन लेकर नापाखेड़ा की ओर भाग निकला। हादसे में रतनलाल के बाएं पैर, दाएं हाथ एवं दाएं कंधे पर चोटें आई हैं। घायल ने घटनास्थल से मिली नंबर प्लेट अपने साथ लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी । पुलिस ने अज्ञात कार चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मामला दर्ज किया।
-----------
*महेश्वरी एजेंसी के सामने से मोटरसाइकिल चोरी*
पिपलिया स्टेशन (निप्र) । नगर में दिनदहाड़े एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार खेडीमपुरा (मनासा) हाल।मुकाम खात्याखेड़ी निवासी कमल मेघवाल (39) ने थाना पिपलियामंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पिपलियामण्डी में शिव मंदिर के पास किराना दुकान पर कार्य करता है। सुबह करीब 9.30 बजे उसने अपनी काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी-44-एमजी-6467) महेश्वरी एजेंसी के सामने स्थित शिव मंदिर गली में खड़ी की थी और काम पर चला गया। शाम करीब 6रू30 बजे जब वह वापस अपनी मोटरसाइकिल लेने पहुंचा तो वाहन वहां नहीं मिला। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज किया।
-------------------------
*सट्टा और जुआ खेलते तीन आरोपी पकड़े*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। थाना पिपलियामंडी पुलिस ने अवैध सट्टा एवं जुआ गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी राशि, सट्टा पर्ची, पेन तथा ताश के पत्ते जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से कि सूचना पर महू-नीमच हाईवे स्थित रोड के राजा होटल के सामने एक युवक को सट्टा अंक लिखते हुए पकड़ा। आरोपी ने अपनी पहचान राहुल (22) पिता समरथ बावरी निवासी रूपी, थाना मल्हारगढ के रूप में बताई। पूछताछ में उसने मॉर्निंग क्लोज का सट्टा अंक लिखना स्वीकार किया। पुलिस ने सामग्री जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 4(क) जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसी क्रम में पुलिस ने सोकड़ी रोड पर कार्रवाई करते हुए पेड़ के नीचे हार-जीत का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे दो व्यक्तियों को पकड़ा। आरोपियों ने अपने नाम सोनू (40) पिता मोहनलाल सांवलिया, निवासी अरोरा कॉलोनी, संजीत नाका मंदसौर तथा गोपाल (50) पिता मांगीलाल गुर्जर निवासी जग्गाखेड़ी, जिला मंदसौर बताए। तलाशी एवं मौके की जांच के दौरान आरोपियों के पास से नगदी राशि और ताश के पत्ते बरामद हुए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
----------
*शराब के नशे में पत्नी व भाई के साथ मारपीट, केस दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति द्वारा शराब के नशे में अपनी पत्नी एवं बड़े भाई के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया । पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के अनुसार फरियादिया कारीबाई सुर्यवंशी (28) निवासी रामगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने बच्चों के साथ घर पर सो रही थी। इसी दौरान उसका पति देवीलाल सुर्यवंशी शराब के नशे में घर पहुंचा। कारीबाई ने जब उससे शराब पीकर आने का कारण पूछा तो वह गुस्से में आ गया और अभद्र गालियां देने लगा। पीड़िता के अनुसार गालियां देने से मना करने पर आरोपी ने लकड़ी से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उसके जेठ गणेशराम बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी लकड़ी से मारपीट कर दी। इसी दौरान परिवार के गणपतलाल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। रिपोर्ट में बताया गया है कि मारपीट से कारीबाई के दाहिने हाथ, उंगलियों, पीठ और दाहिने पैर में चोटें आईं, जबकि गणेशराम के दाहिने कंधे और गर्दन पर चोट लगी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने भविष्य में शराब पीने से रोकने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी देवीलाल सुर्यवंशी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
-------------------------
*पिता-पुत्र पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बिशनिया में खेत पर पड़े बबूल के पेड़ को हटाने की बात को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरियादी गणपत सिंह डांगी (34) निवासी बिशनिया की शिकायत पर पुलिस ने रामेश्वर उर्फ रमेश डांगी और उसके पुत्र दशरथ डांगी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गणपत सिंह डांगी अपने भाई महेंद्र डांगी के साथ खेत में जमीन पर पड़े बबूल के पेड़ को हटा रहे थे। इसी दौरान उनके रिश्तेदार रामेश्वर उर्फ रमेश डांगी और उसका पुत्र दशरथ डांगी वहां पहुंचे और बबूल हटाने का विरोध करने लगे। फरियादी द्वारा अपनी जमीन से पेड़ हटाने की बात कहने पर दोनों आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दशरथ ने हाथ में मौजूद लकड़ी से गणपत सिंह के दाएं पैर और कमर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे महेंद्र डांगी को भी रामेश्वर ने लकड़ी से मारकर घायल कर दिया। फरियादी का आरोप है कि रामेश्वर और दशरथ ने उन्हें धमकी दी कि यदि भविष्य में बबूल के पेड़ को हाथ लगाया तो दोनों को जान से खत्म कर देंगे। शिकायत के आधार पर नाहरगढ़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने संबंधी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
--------
*लकड़ी हटाने के विवाद में महिला सहित दो लोगों से मारपीट, तीन पर मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र) । नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम विश्निया में खेत से बबूल की लकड़ियां हटाने को लेकर हुए विवाद में महिला सहित दो लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के अनुसार फरियादी दशरथ डांगी (26) निवासी विश्निया ने अपनी बहन अनिता डांगी के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि सोमवार रात करीब 10रू30 बजे उनके खेत के पीछे कटे हुए बबूल के पेड़ की लकड़ियां रखी हुई थीं। इसी दौरान गांव के गणपत डांगी और उसका भाई महेन्द्रसिंह डांगी जेसीबी की सहायता से उक्त लकड़ियों को खेत से हटाने लगे। दशरथ और उसकी बहन अनिता ने लकड़ियां उनकी होने की बात कहते हुए सुबह स्वयं हटाने की बात कही। इस पर दोनों आरोपी कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच विजय डांगी भी मौके पर पहुंच गया। विरोध करने पर गणपत ने अनिता पर पत्थर फेंक दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में चोट लग गई। वहीं महेन्द्रसिंह और विजय ने दशरथ से मारपीट की, जिससे उसके मुंह, गले एवं शरीर पर चोटें आईं। शोर सुनकर गोपाल डांगी, नरसिंह डांगी एवं ईश्वर लोहार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। तीनों आरोपियों ने दोबारा लकड़ियां हटाने से रोकने पर जान से मारने की धमकी भी दी। नाहरगढ़ पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर गणपत डांगी, महेन्द्रसिंह डांगी एवं विजय डांगी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
--------


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें