खबरें पिपलियामंडी क्षेत्र की "जेपी तेलकार" *कुत्ते के काटने पर नहीं मिला इलाज, परिजन को मल्हारगढ़ ले जाना पड़ा मासूम* *25 किलो डोडाचूरा तस्करी मामला: आरोपी दो दिन की पुलिस रिमांड पर, खेजड़ी से लाता था माल, जोधपुर करता था सप्लाई* *आकाशीय बिजली से उजड़ा गरीब परिवार का आशियाना, सरकारी सहायता सीमित होने पर जनसहयोग की मुहिम शुरू* *खेत में उड़द की फसल रौंदने का विरोध करने प जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष व भाई से मारपीट, तीन नामजद सहित अन्य पर केस दर्ज* *सोलर प्लांट से 6 हजार मीटर डीसी केबल चोरी, 3 लाख का नुकसान* *ढाणी बालाहेड़ा स्कूल में बच्चों को दिए साइबर सुरक्षा के गुर*
जन जागृति संगम न्यूज
*कुत्ते के काटने पर नहीं मिला इलाज, परिजन को मल्हारगढ़ ले जाना पड़ा मासूम*
*करोड़ों की लागत से बने अस्पताल में एंटी-रेबीज* इंजेक्शन नहीं होने का आरोप
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। क्षेत्र के लुनाहेड़ा निवासी प्रकाशचंद माली अपने 10 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष को शुक्रवार को कुत्ते के काटने के बाद प्राथमिक उपचार के लिए पिपलियामंडी के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि यहां कुत्ते के काटने के उपचार के लिए आवश्यक एंटी-रेबीज इंजेक्शन अथवा संबंधित उपचार उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में परिजनों को घायल बच्चे को तत्काल मल्हारगढ़ शासकीय अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां उसका उपचार कराया गया। इस दौरान परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रकाशचंद माली ने नाराजगी जताते हुए कहा कि "पिपलियामंडी अस्पताल के नाम बड़े और दर्शन खोटे हैं। करोड़ों रुपये की लागत से अस्पताल बना है, लेकिन कुत्ते के काटने जैसे सामान्य और जरूरी इलाज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।" घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पिपलियामंडी शासकीय अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को दूसरे अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।
*व्यवस्था में सुधार कराएंगे* :-
बीएमओ घनश्याम पाटीदार का कहना है कि में 3 दिन पहले ज्वाइन हुआ है। अगर समस्या है तो व्यवस्था में सुधार कराएंगे। डोज की पिपलिया अस्पताल में ही व्यवस्था कराएंगे।
--------------
जन जागृति संगम 9302003334
*25 किलो डोडाचूरा तस्करी मामला: आरोपी दो दिन की पुलिस रिमांड पर, खेजड़ी से लाता था माल, जोधपुर करता था सप्लाई*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नारायणगढ़ थाना पुलिस द्वारा गुरुवार को 25 किलो 400 ग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ पकड़े गए आरोपी सुनीलसिंह सौंधिया राजपूत को एनडीपीएस एक्ट की विशेष अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान हुई प्रारंभिक पूछताछ में महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि आरोपी खेजड़ी निवासी पंकज टेलर से डोडाचूरा लेकर आता था। इसके बाद वह क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से डोडाचूरा एकत्रित कर जोधपुर में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अब डोडाचूरा सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। खेजड़ी निवासी पंकज टेलर की भूमिका सहित पूरे गिरोह की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्षेत्र में डोडाचूरा किन-किन लोगों से खरीदा जाता था और इसकी आपूर्ति किन राज्यों तक की जाती थी।
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह नारायणगढ़ थाना पुलिस ने झारड़ा-फतेहपुर मार्ग पर भेरू बावजी मंदिर के समीप वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की अल्टो-800 कार को रोककर तलाशी ली थी। कार की डिक्की से दो प्लास्टिक के कट्टों में भरा 25 किलो 400 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ था। मामले में नीमच जिले के सेमली मेवाड़ निवासी सुनीलसिंह सौंधिया राजपूत (24) को गिरफ्तार किया था।
पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि में आरोपी से गहन पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे। मामले में जल्द ही और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
----------
जन जागृति संगम 9302003334
*आकाशीय बिजली से उजड़ा गरीब परिवार का आशियाना, सरकारी सहायता सीमित होने पर जनसहयोग की मुहिम शुरू*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। ग्राम पामाखेड़ा में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से ओमप्रकाश पिता कारूलाल मालवीय का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया था। इस प्राकृतिक आपदा में उनका मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बकरियां, अनाज, राशन, बर्तन, कपड़े एवं वर्षों की मेहनत से जुटाया गया गृहस्थी का लगभग पूरा सामान नष्ट हो गया। हादसे के बाद परिवार अत्यंत विषम परिस्थितियों में जीवनयापन करने को मजबूर है। घटना की जानकारी मिलने पर मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसान नेता श्यामलाल जोकचंद ग्राम पामाखेड़ा पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने ग्राम के पटवारी से चर्चा कर शासन द्वारा मिलने वाली राहत राशि की जानकारी ली। चर्चा में सामने आया कि मकान क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में शासन की ओर से अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपये तक की सहायता का ही प्रावधान है। ऐसे में परिवार को हुए वास्तविक नुकसान की भरपाई केवल सरकारी सहायता से संभव नहीं होने पर जोकचंद ने जनसहयोग अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र की आम जनता, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं दानदाताओं से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की अपील की। उनकी अपील का सकारात्मक असर पहले ही दिन देखने को मिला और लोगों ने आगे बढ़कर सहयोग किया। जनसहयोग अभियान के पहले दिन ही विभिन्न लोगों द्वारा पीड़ित परिवार के खाते में करीब 20 हजार रुपये की सहायता राशि जमा कराई गई। श्यामलाल जोकचंद ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित इस परिवार को समाज के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यथासंभव आर्थिक सहयोग देकर इस गरीब परिवार का उजड़ा हुआ आशियाना फिर से बसाने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज की सामूहिक पहल से पीड़ित परिवार को इस कठिन समय से उबरने में बड़ी मदद मिलेगी।
------------
जन जागृति संगम 9302003334
*खेत में उड़द की फसल रौंदने का विरोध करने प जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष व भाई से मारपीट, तीन नामजद सहित अन्य पर केस दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। थाना नारायणगढ़ पुलिस ने खेत में खड़ी उड़द की फसल ट्रैक्टर से नष्ट करने का विरोध करने पर किसान और उसके भाई के साथ मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी प्रफुल्ल (40) घनश्याम पाटीदार निवासी बुढ़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने भाई गुणवंत पाटीदार (जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष) के साथ बादपुर स्थित खेत पर पहुंचा। वहां आरोप है कि प्रभु सिंह सौंधिया राजपूत, राजेन्द्र सिंह सौंधिया राजपूत और भानुप्रताप सौंधिया राजपूत ट्रैक्टर से उसकी उड़द की खड़ी फसल रौंद रहे थे। जब प्रफुल्ल ने इसका विरोध किया और फसल को नुकसान पहुंचाने का कारण पूछा तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार राजेन्द्र सिंह ने गुणवंत पाटीदार पर लकड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी पीठ, पसली और होंठ पर चोटें आईं। वहीं प्रभु सिंह और भानुप्रताप ने भी प्रफुल्ल के साथ लकड़ी से मारपीट की, जिससे उसकी पीठ पर चोट लगी। आरोप है कि उनके अन्य साथियों ने भी मारपीट की। शोर सुनकर रविन्द्र पाटीदार निवासी बुढ़ा और बहादुर सिंह निवासी बादपुर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। आरोपियों ने दोबारा खेत में रोकने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर थाना नारायणगढ़ पुलिस ने नामजद आरोपियों एवं अन्य के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
------------
जन जागृति संगम 9302003334
*सोलर प्लांट से 6 हजार मीटर डीसी केबल चोरी, 3 लाख का नुकसान*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम बोतलगंज स्थित एक निजी सोलर विद्युत उत्पादन संयंत्र से अज्ञात बदमाश करीब 6,000 मीटर डीसी केबल काटकर चोरी कर ले गए। चोरी से प्लांट की विद्युत उत्पादन व्यवस्था प्रभावित हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादी प्रफुल्ल मुजावदिया (26) निवासी सत्ती मार्ग, उज्जैन ने गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह श्री मृदुल गुप्ता के स्वामित्व वाले ग्राम बोतलगंज स्थित निजी सोलर पावर प्लांट में प्लांट मैनेजर के रूप में कार्यरत है। सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट के चौकीदार यशवंत माली ने फोन पर सूचना दी कि प्लांट में लगे तीन इनवर्टरों की डीसी केबल अज्ञात व्यक्ति काटकर चोरी कर ले गए हैं। सूचना मिलने पर प्रफुल्ल मौके पर पहुंचे तो देखा कि सोलर मॉड्यूलों से जुड़े विद्युत केबल काट दिए गए थे। इसके कारण एमसी-4 कनेक्टर, इनवर्टर साइड कनेक्शन तथा विद्युत उत्पादन प्रणाली प्रभावित हो गई। रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात चोर लगभग 6,000 मीटर डीसी केबल, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये है, चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध चोरी का प्रकरण दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
--------
जन जागृति संगम 9302003334
*ढाणी बालाहेड़ा स्कूल में बच्चों को दिए साइबर सुरक्षा के गुर*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मध्य प्रदेश शासन के "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जन-जागरूकता अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय, ढाणी बालाहेड़ा में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। मुख्य वक्ता सामाजिक कार्यकर्ता एवं विमुक्त घुमंतु अर्धघुमंतू जनजाति महासंघ, मध्यप्रदेश तथा विद्यार्थी शक्ति शाखा, जिला मंदसौर के जिला अध्यक्ष हीरालाल रेबारी ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में बच्चों को शुरू से ही डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक होना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध संदेश या एपीके फाइल पर क्लिक न करें तथा केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही मोबाइल ऐप डाउनलोड करें। यदि मोबाइल पर किसी फाइल को असुरक्षित या असमर्थित बताया जाए अथवा उसे डाउनलोड नहीं करने की चेतावनी मिले, तो उसे बिल्कुल भी इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम में बच्चों को यह भी समझाया गया कि कोई भी व्यक्ति फोन पर बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी मांगे तो उसे साझा न करें और न ही किसी के कहने पर ऑनलाइन पैसे भेजें।
इस दौरान विद्यार्थियों से अपने माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस से संपर्क करें। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और समाज में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें