*मल्हारगढ़ क्षेत्र में फिर सक्रिय हुए बाइक चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, दो महीने में 9 वीं बाइक, 1 भैंस व 3 पाड़िया चोरी*
जन जागृति संगम न्यूज
जेपी तेलकार, 9303273037
-------------------------
पिपलिया स्टेशन (निप्र) मल्हारगढ़ क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा घटना में दिनदहाड़े एक बाइक चोरी होने से क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल है। खास बात यह है कि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना स्थल से डायल-112 वाहन महज 10 मीटर तथा मल्हारगढ़ थाना लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर बाइक लेकर फरार हो गए।
पीड़ित संजय पिता रामचंद्र गुप्ता, निवासी स्टेशन रोड, मल्हारगढ़ ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी हीरो होंडा पैशन प्रो (काले रंग) क्रमांक MP14MH-4277 दोपहर करीब 2:15 बजे घर के पास गली में खड़ी थी। शाम करीब 5 बजे जब वे बाहर आए तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने मल्हारगढ़ थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। अब लोगों की नजर पुलिस की जांच पर टिकी है कि फुटेज के आधार पर आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले करीब दो महीनों में मल्हारगढ़ क्षेत्र से 9 मोटरसाइकिलें, 1 भैंस और 3 पाड़िया चोरी हो चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि अब तक चोरी गई एक भी मोटरसाइकिल बरामद नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगरवासियों का यह भी कहना है कि कई मामलों में शिकायत तो दर्ज कर ली जाती है, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार आवेदन पर प्राप्ति की सील तक नहीं लगाई जाती, जिससे शिकायतकर्ताओं में कार्रवाई को लेकर असमंजस बना रहता है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की जाए, चोरी गए वाहनों एवं पशुओं की बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा नगर में रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इधर प्रभारी अनिल रघुवंशी ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
-------

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें