*कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की पहल पर जिले की सभी 9 नगरीय निकायों में हुई जल सुनवाई 181 आवेदनों की हुई सुनवाई* *19 शिकायतों में से 16 का मौके पर समाधान, शेष का समय-सीमा में होगा निराकरण* *जनसुनवाई में लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से तीन नागरिकों को मिली निःशुल्क विधिक सहायता*🤔 *उद्यम योजना हेतु आवेदन आमंत्रित* *व्यवसाय एवं सेवा इकाई स्थापना के लिए 50 लाख रुपये तक मिलेगा ऋण लाभ* *मुख्यमंत्री विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना हेतु आवेदन आमंत्रित* *जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों का किया शैक्षणिक एवं अकादमिक निरीक्षण*
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने जनसुनवाई में 181 आवेदनों की सुनवाई की
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई 2026/ कलेक्टर कार्यालय रतलाम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 181 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से समाधान कराया। शेष आवेदनों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया।
जनसुनवाई में सरवन निवासी मानसिंह ने भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कार्रवाई के लिए तहसीलदार सैलाना को निर्देशित किया।
तेजराम निवासी नौगावांकला ने कृषि भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी भूमि के सीमांकन हेतु आवेदन दिया था। परंतु आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए नायब तहसीलदार नामली को निर्देशित किया गया।
ग्राम मंडावल निवासी राजेन्द्र सिंह ने वृद्धा पेंशन चालू करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कार्यवाही के लिए सीईओ आलोट को निर्देशित किया।
---------
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने लीगल एड क्लीनिक का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में आमजन को त्वरित एवं निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान लीगल एड क्लीनिक का संचालन किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर के कक्ष क्रमांक 16 में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित क्लीनिक में नागरिकों को विभिन्न विधिक समस्याओं के संबंध में निःशुल्क कानूनी परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
जनसुनवाई के दौरान लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से श्री शरीफ खान निवासी सैलाना, श्री योगेश सिंह ठाकुर तथा श्री मांगीलाल राव निवासी धामनोद सहित तीन नागरिकों को विधिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा नागरिकों को बेहतर एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
-----------
*उद्यम योजना हेतु आवेदन आमंत्रित*
*व्यवसाय एवं सेवा इकाई स्थापना के लिए 50 लाख रुपये तक मिलेगा ऋण लाभ*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई 2026/ सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उद्यम योजना के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के युवक-युवतियों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु के ऐसे आवेदक, जिन्होंने न्यूनतम 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो, जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो तथा राज्य अथवा केन्द्र सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का हितग्राही न हों, वे स्वयं का व्यवसाय अथवा सेवा इकाई स्थापित करने के लिए 1 लाख से 50 लाख रुपये तक के ऋण हेतु आवेदन कर सकते हैं।
योजना के लिए आवेदन एमपीऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पुराना कलेक्टोरेट भवन, प्रथम मंजिल, कालिका माता मंदिर के पास, रतलाम में संपर्क किया जा सकता है।
--------------
*मुख्यमंत्री विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना हेतु आवेदन आमंत्रित*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई 2026/सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण/विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय विकास ने बताया कि कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु वर्ग के युवक-युवतियों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष होना चाहिए। आवेदक संबंधित वर्ग का जाति प्रमाण पत्रधारी हो, आयकरदाता न हो तथा स्वयं सहायता समूह के सभी सदस्य एक ही जाति समूह के होने चाहिए।
योजना के तहत आवेदक को स्वयं का उद्योग /सेवा/व्यवसाय स्थापित करने के लिए अधिकतम 1 लाख रुपये तक की परियोजना राशि पर 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 20 हजार रुपये तक ब्याज अनुदान दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों के स्वरोजगार प्रकरणों के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक की परियोजना राशि पर 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 2 लाख रुपये तक ब्याज अनुदान का प्रावधान है।
योजना के लिए आवेदन एमपीऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पुराना कलेक्टोरेट भवन, प्रथम मंजिल, कालिका माता मंदिर के पास, रतलाम में संपर्क किया जा सकता है।
-----------------
जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों का किया शैक्षणिक एवं अकादमिक निरीक्षण
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई 2026/ जिला शिक्षा अधिकारी, रतलाम सुश्री सिमरन सूर्यवंशी द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का शैक्षणिक एवं अकादमिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का गहन अवलोकन एवं समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन की स्थिति, नवीन प्रवेश प्रक्रिया, छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण, अपार आईडी निर्माण, ई-उपस्थिति, विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शासकीय उ.मा.वि. धराड़, शासकीय उ.मा.वि. बिलपांक तथा शासकीय नवीन कन्या उ.मा.वि. रतलाम, शासकीय उ.मा.वि. सिमलावदा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों द्वारा संचालित ब्रिज कोर्स की कक्षाओं का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की अधिगम उपलब्धियों का परीक्षण किया गया तथा शिक्षण को अधिक प्रभावी, गतिविधि-आधारित एवं छात्र-केंद्रित बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
-------=
युवा संगम रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला 21 जुलाई को आईटीआई रतलाम में
अधिक से अधिक युवा पहुंचकर रोजगार का लाभ उठाएं
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई /जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा ने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग व तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं रोजगार कार्यालय रतलाम द्वारा युवा संगम अन्तर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन 21 जुलाई 2026 को शासकीय आई.टी.आई रतलाम, सैलाना रोड, सज्जन मिल के सामने रतलाम में किया गया है, जिसमें बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे।
आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10वी उत्तीर्ण से स्नातक एवं आई.टी. आई उत्तीर्ण तथा आयु 18 से 35 वर्ष तक होना चाहिए ।
इच्छुक आवेदक युवा संगम मेले में 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से 3 बजे तक शासकीय आई.टी.आई रतलाम, सैलाना रोड, सज्जन मिल के सामने रतलाम में अपने फोटो, शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, 2 पासपोर्ट साईज फोटो एवं आधार कार्ड की छायाप्रति, समग्र आईडी एवं बायोडाटा के साथ उपस्थित हो सकते है।
-------
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के विशेष प्रयासों से 6 वर्षीय आराध्या को मिला नया आधार कार्ड
जनसुनवाई में मिली राहत, लंबे समय से चली आ रही परेशानी का हुआ समाधान
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुँचाने के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में जनसुनवाई एवं जनकल्याण शिविरों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में छह वर्षीय बालिका आराध्या वसुनिया को लंबे समय से लंबित आधार कार्ड की समस्या से राहत मिली।
रतलाम जिले के ग्राम रूपाखेड़ा निवासी आराध्या वसुनिया का एक वर्ष की आयु में दुर्घटनावश हाथ साइलेंसर से गंभीर रूप से जल गया था। हाथ की उंगलियों के निशान स्पष्ट नहीं होने के कारण उसका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा था। परिवार ने कई बार प्रयास किए, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी।
मामला जनकल्याण शिविर के दौरान सामने आने पर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके विशेष प्रयासों और सतत निगरानी के परिणामस्वरूप आराध्या का आधार कार्ड बन सका।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने स्वयं आराध्या और उसके परिवार को नवीन आधार कार्ड प्रदान किया। आधार कार्ड मिलने से परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह पहल दर्शाती है कि संवेदनशील प्रशासन, त्वरित निर्णय और प्रभावी समन्वय से आम नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं का भी सहज समाधान संभव है।
----------------
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना में इलेक्ट्रिशियन कम प्लम्बर पद हेतु आवेदन आमंत्रित
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई 2026/ प्राचार्य एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना ने बताया कि संस्था में इलेक्ट्रिशियन कम प्लम्बर के आउटसोर्स पद पर भर्ती के लिए आईटीआई उत्तीर्ण एवं अनुभवी अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने 10वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा अनुभव प्रमाण-पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ आवेदन डाक के माध्यम से अथवा स्वयं संस्था कार्यालय में उपस्थित होकर जमा कर सकते हैं।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 है। निर्धारित तिथि को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
----
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की पहल पर जिले की सभी 9 नगरीय निकायों में हुई जल सुनवाई
19 शिकायतों में से 16 का मौके पर समाधान, शेष का समय-सीमा में होगा निराकरण
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
रतलाम 14 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देश एवं विशेष पहल पर जिले की सभी 9 नगरीय निकायों में मंगलवार को जल सुनवाई का आयोजन किया गया। जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित इस जनहितकारी पहल में नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना गया।
जल सुनवाई के दौरान जिलेभर से कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर संबंधित नागरिकों को राहत प्रदान की गई। शेष 3 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा उनका निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाएगा।
जल सुनवाई में मुख्य रूप से नल कनेक्शन, पाइपलाइन लीकेज तथा ट्यूबवेल लाइन लीकेज से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिकांश शिकायतों का तत्काल निराकरण कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने निर्देश दिए हैं कि नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जलापूर्ति संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इससे आमजन को बेहतर एवं निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
क्रमांक 86/1302

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें