*कलेक्टर श्री चंद्रा ने मालखेड़ा और जावी में जैविक खेती का किया निरीक्षण* *जैविक खेती को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खाद के उपयोग और सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई को अपनाने पर दिया जोर* *कलेक्टर ने जावी की आंगनवाड़ी में बच्चों के बीच बैठकर परखी शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता* *बच्चों से संवाद कर परखा उनका शैक्षणिक स्तर* *पशुपालकों से संवाद कर कलेक्टर ने परखी डेयरी योजनाओं की प्रगति* *पात्र पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड शीघ्र बनवाने के दिए निर्देश* *कलेक्टर ने मालखेड़ा एवं जावी के प्राथमिक विद्यालयों का किया निरीक्षण* *गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के दिए निर्देश*
*कलेक्टर श्री चंद्रा ने मालखेड़ा और जावी में जैविक खेती का किया निरीक्षण*
*जैविक खेती को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खाद के उपयोग और सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई को अपनाने पर दिया जोर*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने 8 जुलाई 2026 बुधवार को जिले के मालखेड़ा एवं जावी ग्रामों में जैविक खेती कर रहे किसानों के खेतों का निरीक्षण कर प्राकृतिक खेती की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर जैविक खेती की तकनीकों, प्राकृतिक खाद के उपयोग तथा शासन की योजनाओं से प्राप्त लाभ की जानकारी ली।
मालखेड़ा में कलेक्टर चंद्रा ने कृषक श्री नंदकिशोर पाटीदार के खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट इकाई, केंचुआ खाद, जैविक खेती तथा उड़द एवं मक्का की फसलों का अवलोकन किया। कृषक श्री पाटीदार ने बताया कि वे गोबर से तैयार जैविक खाद का उपयोग कर खेती एवं सब्जियों का उत्पादन करते हैं। उन्होंने बताया कि गांव के लगभग 10 किसान जैविक खेती अपना रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रा ने किसानों को तालाबों से निकली उपजाऊ मिट्टी अपने खेतों में उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे भूमि की उर्वरता बढ़ने के साथ उत्पादन में भी लाभ मिलेगा।
इसके पश्चात कलेक्टर चंद्रा ने जावी ग्राम में जैविक खेती का निरीक्षण किया। यहां कृषक श्री जानकीलाल पाटीदार द्वारा जैविक खाद के उपयोग से मिर्च एवं टमाटर की खेती की जा रही है। उन्होंने बताया, कि शासन की योजना के अंतर्गत स्थापित 7 एचपी सोलर पंप से सिंचाई की सुविधा मिलने के बाद बिजली संबंधी समस्या समाप्त हो गई है।
निरीक्षण के दौरान कृषि सखी श्रीमती कांता पाटीदार एवं श्रीमती सीता बैरागी ने किसानों को जैविक अमृत (जीवामृत) तैयार करने की विधि का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया, कि गोबर, गोमूत्र, बेसन का घोल एवं गुड़ जैसी प्राकृतिक सामग्री से तैयार जैविक घोल सात दिनों तक उपयोग में लाया जा सकता है। कृषि सखियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी देकर जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पराग जैन, तहसीलदार श्री संतोष कुमार, कृषि विभाग के उप संचालक नगिन सिंह रावत तथा उद्यानिकी विभाग के पी.एस.कनेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
****
*कलेक्टर ने जावी में पूजा घाणी एवं लघु उद्योग का किया निरीक्षण*
*पीएमएफएमई योजना के तहत स्थापित इकाई का लिया जायजा*
नीमच, 8 जुलाई 2026। कलेक्टर हिमांशु चंद्र ने बुधवार को ग्राम जावी स्थित पूजा घाणी एवं लघु उद्योग का निरीक्षण कर वहां संचालित मूंगफली तेल उत्पादन इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने इकाई में मूंगफली से तेल निकालने, रिफाइनिंग की प्रक्रिया तथा उत्पादन व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
पीएमएफएमई (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना) से लाभान्वित हितग्राही शंभूलाल राठौर ने कलेक्टर को बताया, कि शासन की इस योजना के अंतर्गत उन्हें 2.59 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है, जिसके माध्यम से उन्होंने लघु उद्योग स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि तेल उत्पादन के साथ-साथ पशु आहार के लिए खल का भी उत्पादन होता है, जिससे उनकी मासिक आय लगभग 30 हजार रुपये तक हो जाती है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने योजना के माध्यम से स्वरोजगार एवं आयवृद्धि के संबंध में जानकारी लेते हुए इकाई के संचालन की सराहना की तथा शासन की रोजगारोन्मुखी योजनाओं का प्रभावी लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर बल दिया।
इस अवसर पर एसडीएम श्री पराग जैन, तहसीलदार श्री संतोष कुमार तथा उद्यानिकी विभाग से श्री पी.एस. कनेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*****
*कलेक्टर ने पिपलिया रुंडी में एनएलएम बकरी पालन इकाई का किया निरीक्षण*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
नीमच, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने 8 जुलाई 2026 बुधवार को ग्राम पिपलिया रुंडी स्थित राष्ट्रीय पशुधन मिशन (एनएलएम) उद्यमिता विकास परियोजना के अंतर्गत संचालित बकरी पालन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर परियोजना के क्रियान्वयन तथा पशुपालन गतिविधियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान हितग्राही पशुपालक गोपाल जाटव ने बताया कि उनके फार्म पर वर्तमान में लगभग 500 बकरियों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गई है। इसके लिए 40 लाख रुपये का बैंक ऋण, 45 लाख रुपये का शासकीय अनुदान तथा 12 लाख रुपये का हितग्राही अंशदान स्वीकृत किया गया है।
जाटव ने बताया, कि इस परियोजना से उन्हें प्रतिमाह लगभग एक लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है तथा पशुपालन के क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रा ने परियोजना के संचालन,पशुओं के रखरखाव तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए शासन की स्वरोजगार एवं पशुपालन प्रोत्साहन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया।
*****
*कलेक्टर ने मालखेड़ा एवं जावी के प्राथमिक विद्यालयों का किया निरीक्षण*
*गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के दिए निर्देश*
*जन जागृति संगम न्यूज*
9302003334
नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने 08 जुलाई 2026 बुधवार को जिले के मालखेड़ा एवं जावी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता तथा विद्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मालखेड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में कलेक्टर चंद्रा ने छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से गणित विषय के प्रश्न पूछे तथा बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कक्षा पहली एवं दूसरी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए संचालित गतिविधि आधारित शिक्षण को देखकर कलेक्टर ने विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती चंद्रा श्योपुरा की सराहना की। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देश दिए कि नवप्रवेशी बच्चों के सहज शिक्षण एवं विद्यालयीन वातावरण से जुड़ाव के लिए प्रत्येक विद्यालय में शैक्षणिक सत्र के प्रारंभिक 10 से 15 दिनों तक गतिविधि आधारित कक्षाएं संचालित की जाएं।
इसके पश्चात कलेक्टर चंद्रा ने जावी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों के बीच बैठकर हिंदी विषय की पाठ्यपुस्तक से पाठ पढ़ाया तथा बच्चों के साथ संवाद कर उनकी पठन क्षमता एवं सीखने की गुणवत्ता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा, जिला परियोजना समन्वयक दिलीप व्यास, मालखेड़ा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती ममता बीरवाल तथा जावी विद्यालय के संस्था प्रधान बालमुकुंद सुथार सहित संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
***
*पशुपालकों से संवाद कर कलेक्टर ने परखी डेयरी योजनाओं की प्रगति*
*पात्र पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड शीघ्र बनवाने के दिए निर्देश*
09 जुलाई 2026
*जन जागृति संगम न्यूज*
9302003334
नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने 8 जुलाई 2026 बुधवार को जिले में डेयरी प्लस एवं आचार्य विद्यासागर योजना से लाभान्वित पशुपालकों के फार्म का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने पशुपालकों से संवाद कर दुग्ध उत्पादन, पशुपालन से होने वाली आय तथा शासन की योजनाओं से प्राप्त लाभ की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रा ने डेयरी प्लस योजना से लाभान्वित पशुपालक विष्णु पाटीदार के फार्म का अवलोकन किया। पशुपालक ने बताया कि मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के अंतर्गत उन्होंने दो उन्नत नस्ल की मुर्रा भैंसें खरीदी हैं। इसके लिए राइट्स ऑफ कॉर्पोरेशन के माध्यम से 1.47 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है तथा योजना के अंतर्गत 50 से 75 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ भी मिल रहा है।
पशुपालक पाटीदार ने बताया कि मुर्रा नस्ल की भैंसों से प्रतिदिन सुबह-शाम लगभग 5-5 लीटर दूध प्राप्त हो रहा है। फार्म पर एचएफ नस्ल की गाय भी है, जिससे कुल मिलाकर प्रतिदिन लगभग 50 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। कलेक्टर ने पशुओं के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की स्थिति की भी जानकारी ली।
कलेक्टर चंद्र ने पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. ए.आर. धाकड़ को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक पात्र पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आवश्यकतानुसार आसानी से ऋण सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री चंद्रा ने ग्राम उच्चेड़ में आचार्य विद्यासागर योजना से लाभान्वित पशुपालक प्रकाश सालवी के डेयरी फार्म का भी निरीक्षण किया। पशुपालक ने बताया कि उन्होंने योजना के तहत 6 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर राजस्थान से सात उन्नत नस्ल की मुर्रा भैंसें खरीदी हैं। वर्तमान में इनसे प्रतिदिन सुबह-शाम 4 से 5 लीटर प्रति पशु दूध प्राप्त हो रहा है।
सालवी ने बताया कि योजना का लाभ लेने से पहले उनके पास केवल दो गाय थीं, जिनसे सुबह-शाम मिलाकर लगभग एक लीटर दूध ही प्राप्त होता था। योजना का लाभ मिलने के बाद दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे उनकी आय में भी बढ़ोतरी हुई है।
निरीक्षण के दौरान नीमच एसडीएम श्री पराग जैन, मनासा एसडीएम सुश्री किरण आंजना, तहसीलदार श्री संतोष कुमार, पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. ए.आर. धाकड़, डॉ. शंकरलाल चौहान, कृषि विभाग के श्री नगीन सिंह रावत तथा उद्यानिकी विभाग के पी.एस. कनेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
***
*कलेक्टर ने जावी की आंगनवाड़ी में बच्चों के बीच बैठकर परखी शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता*
*बच्चों से संवाद कर परखा उनका शैक्षणिक स्तर*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
नीमच 8 जुलाई 2026 बुधवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के जावी एवं मालखेड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों को प्रदान की जा रही शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बच्चों के सीखने के स्तर का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रा बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कार्यपुस्तिका के माध्यम से अक्षर ज्ञान, अंक ज्ञान, चित्र पहचान तथा फलों के नाम आदि से संबंधित गतिविधियां कराईं। बच्चों से गिनती, अंग्रेजी वर्णमाला तथा कविताएं सुनकर उनके शैक्षणिक स्तर का परीक्षण किया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक 20 तक गिनती सुनाई, फलों के नाम बताए तथा कविताएं भी प्रस्तुत कीं। बच्चों की सक्रिय सहभागिता एवं आंगनवाड़ी केंद्र में संचालित प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा गतिविधियों की कलेक्टर ने सराहना की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई तथा कार्यपुस्तिकाओं को समय पर पूर्ण नहीं कराने सहित अन्य व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर चंद्रा ने कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी हितग्राहियों तक विभागीय सेवाएं समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री पराग जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गुप्ता, परियोजना अधिकारी ईरफान अंसारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित
🌹







टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें