*विकसित भारत के संकल्प के साथ इंदौर में नमो नमो मोर्चा भारत की राज्य स्तरीय बैठक सम्पन्न* *राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा को लेकर तय की भावी कार्ययोजना*
जन जागृति संगम न्यूज
श्री राम साहू
इंदौर। नमो नमो मोर्चा भारत की राज्य स्तरीय बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विजय हटवार के नेतृत्व में इंदौर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों एवं अनेक जिलों से बड़ी संख्या में राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना, राष्ट्रहित के कार्यों को गति देना तथा समाज सेवा के विभिन्न आयामों पर कार्ययोजना तैयार करना रहा। बैठक का शुभारंभ राष्ट्र निर्माण एवं संगठन विस्तार के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विजय हटवार ने कहा कि नमो नमो मोर्चा भारत केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अभियान है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने, संगठन का विस्तार करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाए और सेवा कार्यों को अपनी प्राथमिकता बनाए। बैठक के दौरान संगठन में उत्कृष्ट कार्य, सक्रिय नेतृत्व एवं महिला संगठन को सशक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विजय हटवार ने श्रीमती लता लक्की पटेल को पदोन्नति प्रदान करते हुए नमो नमो मोर्चा भारत का राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने उनका पुष्पहार एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत कर शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में श्रीमती लता लक्की पटेल ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने, महिलाओं को अधिक से अधिक संगठन से जोड़ने तथा राष्ट्रसेवा और समाजसेवा के कार्यों को और अधिक गति देने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगी। राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती लता लक्की पटेल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि संगठन द्वारा दिया गया नियुक्ति पत्र केवल एक कागज़ नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपनी योग्यता और समर्पण के आधार पर इस दायित्व तक पहुँचा है, इसलिए उसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। उन्होंने नमो नमो मोर्चा के नए खेस (नमो नमो के नाम के दुपट्टा) का विमोचन करते हुए कहा कि जैसे पुलिस की वर्दी उसकी पहचान होती है, उसी प्रकार यह दुपट्टा संगठन की पहचान और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे इसे सम्मानपूर्वक धारण करें और संगठन का प्रचार-प्रसार करें। श्रीमती लता लक्की पटेल ने आगे कहा कि नमो नमो मोर्चा भारत किसी जाति या धर्म का नहीं, बल्कि सर्वधर्म समभाव और मानव सेवा का संगठन है। उन्होंने कहा कि जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य समाज सेवा होना चाहिए। गरीब बच्चों को जूते, जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियाँ, शिक्षा सामग्री तथा अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना भी समाज सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। उन्होंने कहा कि संगठन किसी से दान नहीं माँगता, बल्कि सेवा कार्यों से प्रेरित होकर लोग स्वयं सहयोग के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यदि समय नहीं दे सकते तो आर्थिक सहयोग करें, यदि वह भी संभव नहीं है तो संगठन का प्रचार करें, और यदि इतना भी संभव न हो तो कम से कम संगठन का गमछा धारण कर उसकी पहचान को जन-जन तक पहुँचाएँ। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास प्रशिक्षण, महिला सुरक्षा, स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर भी विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य अवश्य करे जिससे समाज और राष्ट्र को स्थायी लाभ मिले। राष्ट्रीय संरक्षक श्री रविकरण साहू ने शिक्षा एवं कौशल विकास को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए युवाओं को सरकारी कौशल विकास योजनाओं से जोड़ने, साक्षरता अभियान चलाने तथा रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित और कुशल युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री रमेश राजन कुरुवर्थ ने किसानों के हितों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, नीम कोटेड यूरिया, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देना आवश्यक है। उन्होंने किसानों को आधुनिक संसाधनों, उचित बाजार व्यवस्था और नई तकनीकों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय खेल मंत्री श्री रविराज सिंह जडेजा ने खेलों के साथ-साथ कंप्यूटर शिक्षा एवं डिजिटल साक्षरता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को डिजिटल तकनीक का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है। इसके माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बनेंगे और आधुनिक भारत के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।प्रदेश अध्यक्ष श्री गुलाब सिंह गोलहानी ने शिक्षा विकास को संगठन का प्रमुख उद्देश्य बताते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए संगठन निरंतर कार्य करेगा।प्रदेश युवा अध्यक्ष श्री रामेश्वर साहू ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, युवाओं को इन योजनाओं से जोड़ने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुँचाने पर बल दिया।उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री बी.के. साहू ने कहा कि संगठन गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के हितों के लिए निरंतर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। दिनेश सिल्लन राष्ट्रीय प्रवक्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठन एक पौधे के समान होता है। जिस प्रकार एक छोटे से पौधे को समय-समय पर जल, खाद, देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता होती है, तभी वह एक विशाल, फलदार और छायादार वृक्ष बन पाता है; ठीक उसी प्रकार किसी भी संगठन को उसके कार्यकर्ताओं का समर्पण, अनुशासन, परिश्रम और निरंतर सेवा ही मजबूत बनाती है। नमो नमो मोर्चा भारत का प्रत्येक कार्यकर्ता इस संगठन का माली है। जितना अधिक हम संगठन को समय देंगे, उसकी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाएंगे, नए साथियों को जोड़ेंगे और सेवा कार्यों में सक्रिय रहेंगे, उतना ही हमारा संगठन मजबूत, प्रभावशाली और जनविश्वास का केंद्र बनेगा।आइए, हम सभी मिलकर संगठन रूपी इस पौधे को अपने श्रम, सेवा और समर्पण के जल से सींचें, ताकि यह एक विशाल वटवृक्ष बनकर राष्ट्र सेवा, समाज कल्याण और जनहित के नए आयाम स्थापित करे।प्रदेश मुख्य सोशल मीडिया प्रभारी श्री संतोष राज ने पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना उससे भी अधिक आवश्यक है। उन्होंने कहा दस पौधे लगाकर उन्हें सूखने देने से बेहतर है कि दो पौधे लगाकर उनका पूरी जिम्मेदारी के साथ संरक्षण किया जाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने लगभग दो एकड़ भूमि पर जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण की परंपरा शुरू की है। प्रत्येक पौधे के चारों ओर ट्री गार्ड लगाकर उसकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण को केवल औपचारिकता न बनाए, बल्कि उसके संरक्षण का भी संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण में अपना सक्रिय योगदान दें। बैठक में गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों महिला एवं पुरुष पदाधिकारी, कर्मठ कार्यकर्ता और समाजसेवी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी, युवाओं एवं महिलाओं को नेतृत्व से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण तथा राष्ट्रहित के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि नमो नमो मोर्चा भारत आने वाले समय में देशभर में सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें