*तीन आदतन चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान, 15 हजार नकद और बाइक बरामद*
जन जागृति संगम न्यूज
जेपी तेलकार
पिपलिया स्टेशन (निप)। पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आदतन चोरों को गिरफ्तार कर दो चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का घरेलू सामान, 15 हजार रुपए नकद तथा करीब 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 88,500 रुपए का मश्रुका बरामद किया गया। थाना प्रभारी विक्रमसिंह इवने ने बताया 19 जनवरी को बालागुढ़ा निवासी अनिरुद्ध पाटीदार की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 14 जेडीसी 1904 चोरी हुई थी। वहीं 20 जून को ग्राम खंखरई में सूने मकान का ताला तोड़कर घरेलू सामान और नकदी सहित करीब 70 हजार रुपए का मश्रुका चोरी किया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने प्रदीप करमावत (38), मनीष बाछड़ा (24) और नारायण करमावत (40), निवासी मनासा क्षेत्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पिपलियामंडी क्षेत्र में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर रेफ्रिजरेटर, एयर कूलर, गैस चूल्हा, गैस सिलेंडर और 15 हजार रुपए नकद सहित 38,500 रुपए का सामान तथा चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार प्रदीप के खिलाफ 18, मनीष के खिलाफ 13 और नारायण के खिलाफ 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
--------




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें