*गणित क्लब सत्र 2026-27 का शुभारंभ, सुडोकू में मुस्कान माली प्रथम*
जन जागृति संगम न्यूज
जेपी तेलकार
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। शासकीय महाविद्यालय पिपलियामंडी में गणित क्लब सत्र 2026-27 का शुभारंभ बुधवार को हुआ। विद्यार्थियों में गणित विषय के प्रति रुचि बढ़ाने तथा तार्किक चिंतन, एकाग्रता और समस्या - समाधान क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से इस अवसर पर सुडोकू प्रतियोगिता आयोजित की गई. महाविद्यालय प्राचार्य दिनेशचंद्र बोरीवाल ने कहा कि गणित केवल संख्याओं और सूत्रों का विषय नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में तार्किक सोच, विश्लेषण क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित क्लब की गतिविधियों में सक्रिय सह भागिता करने का आह्वान किया। गणित विभाग की श्रीमती प्रेरणा शर्मा ने गणित क्लब के उद्देश्यों एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को गणित को रोचक एवं व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर मिलता है। प्रो. राधेश्याम कटारा ने कहा कि सुडोकू जैसी गतिविधियां एकाग्रता, धैर्य और तार्किक क्षमता को मजबूत करती हैं। प्रतिभागियों ने निर्धारित समय में सुडोकू हल कर अपनी तार्किक क्षमता एवं समय प्रबंधन कौशल का प्रदर्शन किया। उत्तरों की शुद्धता एवं समय के आधार पर परिणाम घोषित किया गया, जिसमें मुस्कान माली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। प्रचार्य ने बताया गणित क्लब के माध्यम से आगामी सत्र में भी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न बौद्धिक एवं विषय आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
-------
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें