*शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़दाँ में मनाया गया उमंग दिवस*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
पड़दाँ। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़दाँ में जिला शिक्षा अधिकारी महोदया श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा के सानिध्य में उमंग दिवस का आयोजन उत्साह, उमंग एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक श्री सुरेश जी पाटीदार एवं ग्राम पंचायत के सरपंच श्री सुभाष जी श्रीमाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। संस्था के प्राचार्य श्री उदयराम जी नायक एवं श्रीमती अनिता जी सूर्यवंशी द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी महोदया का पुष्पमाला भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
उमंग दिवस के अवसर पर विद्यालय की प्रत्येक कक्षा के उमंग मॉनिटर्स को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा प्रेरणादायी एवं संदेशपरक नाट्य प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनका जिला शिक्षा अधिकारी महोदया द्वारा अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी महोदया ने उमंग प्रभारी श्री बसंत जी चौधरी के सानिध्य में फीता काटकर उमंग कॉर्नर का शुभारंभ किया तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने विद्यालय की आईसीटी लैब एवं व्यावसायिक शिक्षा की दोनों लैबों का निरीक्षण किया। विद्यालय में अर्पित जोशी(व्यावसायिक शिक्षक) द्वारा संचालित व्यावसायिक शिक्षा की गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्होंने इसे आगामी समय में और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपने संबोधन में जिला शिक्षा अधिकारी महोदया श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के लिए आत्मविश्वास, नियमितता, सकारात्मक सोच एवं निरंतर प्रयास जैसे मूल मंत्रों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कारों को जीवन में उतारें, सदैव सकारात्मक रहें और एक अच्छे विद्यार्थी एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए हमेशा मुस्कुराते हुए आगे बढ़ें।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी महोदया द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया तथा विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री दिनेश जी सांखला द्वारा किया गया, जबकि श्री गेंदमल जी गरासिया ने उपस्थित अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उमंग दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी रहा और विद्यालय परिसर में शिक्षा, संस्कार, रचनात्मकता एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें