*11 राज्यों में वारदात करने वाली अंतर्राज्यीय ‘लच्छु गैंग’ गिरफ्तार, 37 लाख का माल जब्त, मंदसौर जिले की भी 11 चोरियों का पता चला, 3 दिन रिमाण्ड पर आरोपी*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
पिपलिया स्टेशन। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में चोरी और डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाली अंतर्राज्यीय “लच्छु गैंग” के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 37 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया गया है। मंदसौर जिले में डॉ. विजयशंकर मिश्र के यहां हुई चोरी सहित 11 चोरियों का खुलासा हुआ है। यह जानकारी मंदसौर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी विनोद मीणा ने दी। नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी को सूचना मिली थी कि पंजाब, दिल्ली, कर्नाटक, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, केरल और असम सहित कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला गिरोह नाहरगढ़ क्षेत्र में सुनसान स्थान पर बैठकर वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार यह गिरोह महज सात मिनट में मकानों की ग्रील काटकर चोरी और डकैती की वारदात को अंजाम देने में माहिर है। थाना नाहरगढ़ में आरोपियों के खिलाफ धारा 313 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने असम, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, पंजाब, राजस्थन के साथ ही मध्यप्रदेश के इंदौर, बडवानी, खंडवा, देवास, कटनी, भोपाल, ग्वालियर, रतलाम व रायसेन सहित कई स्थानों पर वारदात करना स्वीकार किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हहें 19 मई तक पुलिस रिमाण्ड पर सौंपने के आदेश दिए है।
*आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड*:-
गिरफ्तार आरोपियों में रंजजीतगढ, थाना बोरी, जिला अलीराजपुर निवासी गणेश उर्फ गणपत (28) पिता दिलीप वसुनिया के खिलाफ मध्प्रदेश के जोबट, बड़वा, झारखंड के बोकारो, महुतंड एवं हरियाणा के पानीपत, बरवाला हिसार में चोरी, लूट आदि गंभीर धाराओं के 9 मामले दर्ज है। वहीं रंजीतगढ के दूसरे आरोपी कैलाश उर्फ बिशन (50) पिता दितीया वसुनिया भील के खिलाफ मध्यप्रदेश के बडवा खरगोन, ढिकरी बडवानी, पानसेमल बडवानी व तेजाजी नगर इंदौर के थाना क्षेत्र में 5 मामले मामले दर्ज है। तीसरे आरोपी नरवाली (धार) निवासी छोटू (27) पिता रेवसिंह वसुनिया के खिलाफ झारखंड के गोमिया व महुतंड में 2 मामले दर्ज है। चौथे आरोपी भिलवंती (धार) निवासी दिनेश उर्फ महेश (23) पिता लक्ष्मण अनारे के खिलाफ मध्यप्रदेश के जोबट, रिंगनोद रतलाम व धमरपुरी धार क्षेत्र में 5 मामले दर्ज है।
*वारदात में प्रयुक्त वाहन कटर सहित 25 लाख के आभूषण जब्त:-*
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, 12 लाख रुपए कीमत की एक फोर व्हीलर, मास्क, ग्लब्स, इलेक्ट्रॉनिक कटर, कटर और पेचकस बरामद किए हैं। इनसे अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ जारी है।
*गैंग को पकड़ने में सफलता हासिल करने वाले नाहरगढ़ टीआई वरुण तिवारी से सवाल पर जवाब:-*
*सवाल* - अंतर्राज्यीय “लच्छु गैंग” का मुख्य सरगना कौन है और क्या अन्य सदस्य अभी फरार हैं ?
*जवाब*- लच्छु गैंग का सरगना लक्ष्छु ही है, जो टांडा का निवासी है, इसमें गैंग अलग-अलग ऑपरेट होती है, उसमें एक गैंग का हिस्सा पुलिस पकड़ में आया है।
*सवाल* - आरोपियों ने जिन राज्यों में वारदातें करना स्वीकार की है ? क्या संबंधित राज्यों की पुलिस से संपर्क किया गया है ?
*जवाब* - जिन भी राज्यों में वारदात हुई है, संबंधित थाना पुलिस को सूचित कर दिया है।
*सवाल* - गैंग “सात मिनट में ग्रील काटकर” चोरी करता था, तो यह किस तकनीक या उपकरण का इस्तेमाल करते थे ?
*जवाब*- इसमें आरोपी इलेक्ट्रीक कटर का इस्तेमाल करते थे, इसमें आरोपियों को ज्यादा देर नही लगती।
*सवाल*- जब्त किए गए सोने-चांदी के आभूषण किन वारदातों से जुड़े हैं ? उनकी पहचान हो चुकी है ?
*जवाब*- जब्त आभूषण चोरी की पहचान हो गई है, जिनके भी आभूषण है, उन्हें अब सूचित करेंगें।
*सवाल* - बरामद फोर व्हीलर वाहन चोरी का है या गैंग द्वारा उपयोग किया जा रहा निजी वाहन था ?
*जवाब* - आरोपी खुद का निजी वाहन ही वारदात में उपयोग करते थे।
*सवाल*- गिरोह द्वारा डकैती काम करने का तरीका क्या था ?
*जवाब* - एसा कोई तय नही है, जिस घर में आदमी रहते है, वहां भी एकमत होकर डकैती करते है।
*सवाल* - पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी ?
*जवाब* - आरोपियों को पेश कर दिया है, 19 तक रिमाण्ड मिला है, अन्य वारदातों पर भी पूछताछ जारी है।
*सवाल*- गैंग के पास हथियार भी मिले हैं या केवल चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं ?
*जवाब*- केवल उपकरण व आभूषण ही मिले है, हथियार नही मिले।
*सवाल* - इसमें आगे कौन-कौन सी धाराएं जोड़ी जा सकती है ?
*जवाब* - विवेचना के बाद डकैती की धाराएं बढ़ेगी।
*सवाल*- जिले में इस गिरोह से जुड़ी अन्य लंबित चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है ?
*जवाब*- मंदसौर में डॉक्टर विजयशंकर मिश्र के यहां हुई चोरी सहित 11 चोरियों का खुलासा हुआ है।
---------

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें