*सूने मकान में लाखों की चोरी, बेटे की बाइक और बेटी के काम के लिए रखे थे रुपए* *नकाबपोश बदमाशों ने तोड़ा गेट, नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
चित्तौड़गढ़। शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बापूनगर सेंती इलाके में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया था, इसी दौरान नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए और नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बापूनगर सेंती निवासी मार्बल व्यवसायी प्रदीप जैन पुत्र बंशीलाल जैन 9 मई की रात अपने परिवार के साथ अनंत रिसोर्ट में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। परिवार शाम करीब 8:15 बजे घर से निकला था। देर रात करीब 2 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का जाली वाला गेट टूटा हुआ मिला और मुख्य दरवाजे का लॉक भी खुला पड़ा था।
घर के अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी के ताले टूटे हुए थे और कीमती सामान गायब था। इसके बाद परिवार को चोरी की वारदात का पता चला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पीड़ित प्रदीप जैन ने बताया कि चोर घर से करीब पांच लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। यह रकम बेटे के लिए बाइक खरीदने, बेटी के मेकअप आर्टिस्ट के काम तथा घरेलू जरूरतों के लिए रखी गई थी।
इसके अलावा चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गए। चोरी हुए जेवरों में करीब दो तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चैन, एक सोने का पेंडल, छह जोड़ी सोने के कान के आभूषण, तीन सोने की अंगूठियां तथा आठ चांदी के सिक्के शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कुल मिलाकर आठ से दस तोला सोना चोरी हुआ है।
परिजनों के अनुसार वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को परिवार के शादी समारोह में जाने की जानकारी पहले से थी।
सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में कुछ नकाबपोश संदिग्धों के आने-जाने की जानकारी सामने आने की बात भी कही जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें