*चड्डी-बनियान में खरीदी केंद्र पर बैठा प्रबंधक निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई* *मंदसौर जिले के चंदवासा गेहूं खरीदी केंद्र का मामला, अभद्र भाषा का वीडियो भी आया सामने*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
मंदसौर। जिले के शामगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदवासा स्थित गेहूं खरीदी केंद्र पर पदस्थ साख सहकारी संस्था के प्रबंधक को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में प्रबंधक कार्यालय के अंदर चड्डी-बनियान पहनकर बैठे दिखाई दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुनील कच्छारा ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार चंदवासा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था के प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुछ दिन पुराना है, जिसे खरीदी केंद्र पहुंचे एक किसान ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया।
वायरल वीडियो में प्रबंधक कार्यालय के अंदर अनुचित स्थिति में बैठे नजर आ रहे हैं। वहीं वीडियो में मौजूद एक अन्य व्यक्ति द्वारा गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए भी सुना जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद किसानों और आम लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और प्रथम दृष्टया आचरण को अनुशासनहीनता मानते हुए प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया।
इधर, विवाद बढ़ने पर प्रबंधक मनोज शर्मा ने भी अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ साजिश की जा रही है। शर्मा के अनुसार अवकाश होने के बावजूद वे कार्यालय में जरूरी कार्य से पहुंचे थे। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी और शरीर पर चींटियों के काटने के कारण वे इस स्थिति में बैठे थे।
हालांकि, उन्होंने अपने व्यवहार को अनुचित मानते हुए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
घटना के बाद खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों के आचरण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। किसानों का कहना है कि सरकारी खरीदी केंद्रों पर जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों और कर्मचारियों को मर्यादित व्यवहार करना चाहिए, ताकि किसानों के बीच व्यवस्था और प्रशासन की सकारात्मक छवि बनी रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें