*2026-27 की अफीम नीति जारी* *अफीम नीति जारी होने से पहले सक्रिय हुए दलाल!* *लाइसेंस के नाम पर पैसे मांगने वालों दलाली से रहे सावधान :केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN)*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
नीमच। फसल वर्ष 2026-27 की अफीम नीति जारी होने से पहले ही अफीम उत्पादक क्षेत्र में कथित तौर पर ठगी और दलाली करने वाले लोगों के सक्रिय होने की आशंका को देखते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने किसानों को सतर्क किया है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि अफीम लाइसेंस दिलाने, पात्रता सूची में नाम जुड़वाने अथवा अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं।
*नीति की आधिकारिक घोषणा का करें इंतजार*
नारकोटिक्स विभाग के अनुसार फसल वर्ष 2026-27 के लिए अफीम नीति भारत सरकार के स्तर पर निर्धारित की जाती है। आधिकारिक अधिसूचना जारी होने से पहले नीति से संबंधित जानकारी को लेकर किसी भी व्यक्ति द्वारा किया गया दावा विश्वसनीय नहीं माना जाना चाहिए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति "ऊपर तक पहुंच है", "लाइसेंस पक्का करवा देंगे" या "पात्रता सूची में नाम जुड़वा देंगे" जैसे दावे करते हुए किसानों से पैसे की मांग करता है, तो किसान ऐसे लोगों से सावधान रहें।
*आधिकारिक जानकारी पर ही करें भरोसा*
अफीम नीति, पात्र एवं अपात्र किसानों की सूची तथा लाइसेंस से संबंधित नियम और शर्तों की जानकारी विभाग की आधिकारिक सूचना एवं निर्धारित माध्यमों से ही प्राप्त करने की सलाह दी गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया संदेशों, अनधिकृत व्यक्तियों या किसी बिचौलिए द्वारा दी जा रही जानकारी को सत्यापित किए बिना भरोसा न करें।
*रिश्वत या ठगी की कोशिश हो तो करें शिकायत*
यदि कोई व्यक्ति अफीम लाइसेंस या अन्य विभागीय कार्य कराने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो किसान उसकी शिकायत संबंधित विभागीय अधिकारियों तथा सक्षम भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसियों के समक्ष कर सकते हैं। शिकायत करते समय उपलब्ध ऑडियो, वीडियो, दस्तावेज अथवा अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखना भी उपयोगी हो सकता है।
*किसानों से सतर्क रहने की अपील*
अफीम नीति जारी होने के समय बड़ी संख्या में किसान लाइसेंस और पात्रता से संबंधित जानकारी के लिए उत्सुक रहते हैं। ऐसे में ठगी करने वाले लोग इसका फायदा उठाने का प्रयास कर सकते हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे किसी भी व्यक्ति को लाइसेंस दिलाने के नाम पर पैसे न दें और आधिकारिक घोषणा के बाद ही नियमों एवं पात्रता संबंधी जानकारी के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी करें।
*महत्वपूर्ण:* अफीम नीति 2026-27 से संबंधित अंतिम नियम, पात्रता और लाइसेंस की शर्तें केवल भारत सरकार/केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट मानी जाएंगी

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें