*इंदौर में फिर सामने आया हनी ट्रैप का मामला, शराब कारोबारी से 1 करोड़ की उगाही का आरोप*
जन जागृति संगम न्यूज
9302003334
इंदौर में एक बार फिर चर्चित हनी ट्रैप जैसा मामला सामने आया है। अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए वर्ष 2019 के चर्चित हनी ट्रैप प्रकरण की कथित किरदार श्वेता जैन को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में एक शराब कारोबारी को निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर करीब 1 करोड़ रुपए की उगाही की कोशिश की गई।
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि गिरोह में एक महिला शराब तस्कर, उसका बेटा, एक प्रॉपर्टी कारोबारी और इंटेलिजेंस शाखा में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह चौहान को पहले जाल में फंसाया गया और बाद में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर बड़ी रकम की मांग की गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद अपराध शाखा ने निगरानी शुरू की और सोमवार को कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2019 में प्रदेशभर में चर्चित हुए हनी ट्रैप मामले के बाद यह दूसरा बड़ा मामला है, जिसने फिर से कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें