खबरें पिपलियामंडी क्षेत्र की
जन जागृति संगम न्यूज
(जेपी तेलकार, 9303273037)
-------------------------
*महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने बनाई शक्कर की अनोखी राखी, केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। रक्षाबंधन पर्व पर बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेता शर्मा ने राखी पर शक्कर के पाउच लगाकर अनूठी राखी तैयार की और इसे बहनों को वितरित करने के साथ ही स्वयं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कलाई पर भी बंधवाया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर बढ़ती महंगाई को लेकर निशाना साधा।नजिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई बढ़ने से आमजन परेशान है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गरीबों की थाली से शक्कर की मिठास के साथ ही दाल, तेल सहित अन्य जरूरी खाद्य सामग्री भी दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि “जब से मोदी सरकार आई है, कमर तोड़ महंगाई है, महंगाई डायन खाए जात है।” शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे गरीब, किसान और मजदूर वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को आमजन की परेशानियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई, गरीब, किसान और छात्रों के मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार आवाज उठा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस सचिव मुकेश निडर ने कहा कि महंगाई से आमजन त्रस्त है। मेहनत-मजदूरी करने के बाद भी गरीब और मजदूर परिवारों को दो वक्त की रोटी जुटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। सरकार को बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल मालवीय, नगर अध्यक्ष भेरूपप्पू गुर्जर, पूर्व मंडलम अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश ररोतिया, किसान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दिनेश पाटीदार बालागुड़ा, राजेंद्र शर्मा, सुंदरलाल प्रजापत, हेमराज प्रजापति सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-------------------------
*20 लाख का 136 क्विंटल लहसुन गायब, 3 घंटे बंद रही मंडी की नीलामी; इंदौर में मिला ट्रक, 9 टन लहसुन बरामद, पिपलियामंडी से पश्चिम बंगाल भेजा था माल, रास्ते में बदल दी ट्रक की नंबर प्लेट*
पिपलिया स्टेशन (जेपी तेलकार)। पिपलिया कृषि उपज मंडी से पश्चिम बंगाल के धुपगुड़ी के लिए रवाना हुआ करीब 20 लाख रुपए कीमत का 136 क्विंटल लहसुन रास्ते से गायब होने के मामले में नया खुलासा हुआ है। लहसुन से भरा ट्रक इंदौर की चौइथराम मंडी में पहुंचा था, जहां उसे बेच दिया गया। मामले में पिपलियामंडी पुलिस ने इंदौर पहुंचकर ट्रक बरामद कर लिया है और करीब 9 टन लहसुन भी जब्त किया है। लहसुन की बिक्री की राशि का भुगतान भी पुलिस ने रुकवा दिया है। हालांकि मामले के दोनों आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी और लहसुन की बरामदगी नहीं होने से नाराज मंडी व्यापारियों का आक्रोश शनिवार को सामने आया। व्यापारियों ने करीब तीन घंटे तक मंडी में नीलामी बंद रखी। बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र होकर पिपलियामंडी थाने पहुंचे और टीआई विक्रमसिंह इवने से चर्चा की। व्यापारियों ने जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी। टीआई द्वारा आरोपियों को शीघ्र पकड़ने का आश्वासन दिए जाने के बाद दोपहर करीब 1 बजे मंडी में नीलामी दोबारा शुरू हो सकी।
*25 अगस्त को दर्ज हुई थी शिकायत:-*
मंडी व्यापारी लोकेश पिता शंकरलाल हरजानी ने 25 अगस्त को पिपलियामंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार धुपगुड़ी, पश्चिम बंगाल भेजने के लिए 432 बोरी में करीब 136 क्विंटल लहसुन ट्रक में लोड किया गया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए थी। ट्रक माल लेकर रवाना हुआ, लेकिन निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा और रास्ते में ही लहसुन समेत गायब हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक लुडास, हरियाणा निवासी दिनेश पिता जोगिन्दरसिंह और उसके साथी अकबर अंसारी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक और लहसुन की तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआती दिनों में आरोपियों का पता नहीं चल सका।
*व्यापारियों ने अपने स्तर पर तलाश की, इंदौर का मिला सुराग:-*
मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई कि लहसुन गायब होने के बाद व्यापारियों ने भी अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पिपलियामंडी से गायब हुआ लहसुन इंदौर की चौइथराम मंडी तक पहुंच चुका है और वहां बिक्री के लिए लगाया गया है। कांग्रेस नेता अनिल शर्मा ने आरोप लगाया कि व्यापारियों ने पुलिस को भी इस संबंध में जानकारी दे दी थी। उनका कहना है कि यदि पुलिस तत्काल इंदौर पहुंचकर कार्रवाई करती तो आरोपियों को लहसुन बेचने से पहले ही पकड़ा जा सकता था। कार्रवाई में देरी होने के कारण आरोपी लहसुन बेचकर मौके से फरार हो गए।
*फर्जी नंबर प्लेट से ट्रक की पहचान बदलने की कोशिश:*-
मामले की जांच में ट्रक की नंबर प्लेट को लेकर भी बड़ा तथ्य सामने आया है। व्यापारी पक्ष के अनुसार पिपलियामंडी से लहसुन लेकर निकले ट्रक पर एचआर 39 जी 8686 नंबर प्लेट लगी हुई थी। बाद में वाहन की जानकारी निकलवाने पर पता चला कि आयशर कंपनी के उक्त वाहन का वास्तविक पंजीयन नंबर एमपी 09 बीएम 4221 है। इससे आशंका है कि लहसुन को खुर्द-बुर्द करने की योजना के तहत ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, ताकि वाहन की वास्तविक पहचान छिपाई जा सके। हालांकि ट्रक पर लगे बीएम बोस के लोगो और अन्य पहचान के आधार पर वाहन की पहचान कर ली गई। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस को अब फर्जी नंबर प्लेट के मामले की भी अलग से जांच करनी चाहिए। यदि नंबर प्लेट बदलकर वाहन का इस्तेमाल पहले भी किया गया है तो जांच में इसके अन्य मामलों से जुड़े होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
*इंदौर पहुंची पुलिस, ट्रक के साथ 9 टन लहसुन बरामद:-*
गायब लहसुन के इंदौर पहुंचने की सूचना मिलने के बाद पिपलियामंडी पुलिस शुक्रवार को इंदौर पहुंची। पुलिस ने चौइथराम मंडी में कार्रवाई करते हुए उस ट्रक को बरामद कर लिया, जिसमें पिपलियामंडी से लहसुन भेजा गया था। जांच में पता चला कि चालक ने लहसुन को वहां ढेर के रूप में लगाकर बेच दिया था। पुलिस ने बिक्री की राशि का भुगतान रुकवा दिया है। मौके से करीब 9 टन लहसुन भी बरामद किया गया है। करीब 136 क्विंटल में से शेष लहसुन की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस के लिए इस मामले में बिक्री की राशि का भुगतान रुकवाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि लहसुन की बिक्री के बाद उसका भुगतान होना था, लेकिन पुलिस के इंदौर पहुंचने के बाद भुगतान रुकवा दिया गया। इससे मामले में लेनदेन से जुड़े लोगों तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिल सकती है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लहसुन इंदौर में किसके माध्यम से बेचा गया, किसने इसे मंडी में उतारा और बिक्री के लिए किस व्यक्ति से संपर्क किया गया था। इन कड़ियों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
3 घंटे नीलामी बंद रहने से *मंडी में बनी रही गहमागहमी:-*
शनिवार सुबह व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और लहसुन की बरामदगी की मांग को लेकर मंडी की नीलामी रोक दी। करीब तीन घंटे तक नीलामी नहीं होने से मंडी में गहमागहमी का माहौल रहा। इसके बाद व्यापारी समूह के रूप में पिपलियामंडी थाने पहुंचे। व्यापारियों ने टीआई विक्रमसिंह इवने से चर्चा कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि मंडी से व्यापारी का माल लेकर जाने के बाद यदि इस तरह माल गायब होता है तो इससे अन्य व्यापारियों में भी असुरक्षा की भावना पैदा होगी। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। टीआई के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने नीलामी शुरू करने पर सहमति जताई और दोपहर करीब 1 बजे मंडी में कारोबार फिर शुरू हो गया।
*अब गिरफ्तारी और शेष लहसुन की बरामदगी चुनौती*:-
मामले में ट्रक और करीब 9 टन लहसुन बरामद होने के बाद पुलिस के सामने अब फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने और शेष लहसुन की बरामदगी की चुनौती है। साथ ही फर्जी नंबर प्लेट लगाने के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाना भी जांच का अहम हिस्सा है। पिपलियामंडी चौकी प्रभारी रितेश डामोर ने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी व लहसुन बरामदगी के प्रयास कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
---------
[30/8, 7:45 PM] जे पी तेलकार पिपलिया मंडी: तेलकार न्यूज एजेंसी, पिपलिया स्टेशन, जिला मन्दसौर, मप्र (जेपी तेलकार, 9303273037)
-------------------------
*डोडाचूरा प्रकरण में दो सप्लायर के नाम भी आए सामने, एक गिरफ्तार, एक फरार, रिमाण्ड अवधि के बाद आरोपियों को भेजा जेल*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। 95 किलो 90 ग्राम डोडाचूरा जब्त कर नारायणगढ़ पुलिस ने पंजाब निवासी महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन मामले में पुलिस ने दो सप्लायर के नाम भी शामिल किए है, जिसमें से एक पकड़ा जा चुका है, वहीं एक फरार है। जानकारी के अनुसार नारायणगढ़ पुलिस ने चंदनखेड़ा फंटे के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पंजाब निवासी हरसिमरन दीप (29) एवं तिरथसिंह (47) को 31 किलो डोडाचूरा बरामद किया था। वहीं दूसरी कार्रवाई सोम्या-नारायणगढ़ रोड पर निर्माणाधीन दुकानों के पास पंजाब निवासी मनप्रीतसिंह (34) एवं गुरजीत कौर (41) को गिरफ्तार कर 24 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया था। आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट कोर्ट में पेश किया था। जिन्हें रिमाण्ड पर सौंपा गया था। नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार पंवार ने बताया कि 31 किलो डोडाचूरा बरामदगी के मामले में जांच के दौरान मनासा क्षेत्र निवासी मांगीलाल कछावा की भूमिका सामने आई। पुलिस ने मांगीलाल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि मांगीलाल ने ही गिरफ्तार आरोपियों को 31 किलो डोडाचूरा उपलब्ध कराया था। इसी प्रकार 24 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा बरामदगी के मामले में हाड़ी पिपलिया निवासी कुलदीप मालवीय की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार कुलदीप ने ही आरोपियों को डोडाचूरा उपलब्ध कराया था। फिलहाल कुलदीप मालवीय फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने दोनों मामलों में पहले गिरफ्तार चार आरोपियों के साथ ही बाद में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया। सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट न्यायालय, मंदसौर में पेश किया गया था। जिन्हें जेल भेजने के आदेश हुए है। पुलिस मामले में डोडाचूरा की सप्लाई एवं तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
-------------------------
*अलग-अलग मामलों में मारपीट के तीन मामलों में 5 पर केस दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट के तीन मामलों में पांच लोगों पर केस दर्ज हुए।
*गाली-गलौज को लेकर मारपीट, 3 पर केस दर्ज:-*
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोलवा में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ तीन लोगों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने रमेश रावत मीणा की रिपोर्ट पर दुर्गा बाई रावत मीणा, गोपाल रावत मीणा और राहुल रावत मीणा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। रमेश गांव में नाई की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान दुर्गा बाई ने उससे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। कुछ देर बाद दुर्गा बाई अपने पति गोपाल और बेटे राहुल के साथ रमेश के घर पहुंची। राहुल ने मारपीट की, जबकि गोपाल ने लट्ठ से हमला कर दिया। हमले में रमेश को आंख, गले, कूल्हे, पैर और हाथ में चोट आई। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इलाज के बाद रमेश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
----------
*बेटे से विवाद को लेकर पिता-पुत्र से मारपीट, आरोपी पर केस:-*
नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आक्यापालरा में पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने सत्यनारायण बावरी की रिपोर्ट पर भेरुलाल बावरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सत्यनारायण ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले उसके बेटे फुलसिंह और भेरुलाल के बीच विवाद हुआ था, जिसका समझौता हो चुका था। लेकिन 27 अगस्त को भेरुलाल घर आया और फुलसिंह के बारे में पूछते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पत्थर से सत्यनारायण की पीठ पर हमला किया। बीच-बचाव करने आए उसके बेटे मुकेश पर भी धारदार हथियार के पिछले हिस्से से हमला किया, जिससे चोट लगने पर खून निकलने लगा। ग्रामीणों ने दोनों को बचाया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
----------
*अंतिम संस्कार में गाली देने से रोका तो समिति अध्यक्ष से मारपीट, धमकी:*-
नारायणगढ़ के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान गाली देने से रोकने पर एक व्यक्ति ने श्मशान घाट समिति अध्यक्ष से मारपीट कर दी। पुलिस ने कमलकिशोर पाटीदार की रिपोर्ट पर गोपाल पाटीदार के खिलाफ मामला दर्ज किया। रिपोर्ट के अनुसार घटना के दौरान गोपाल पाटीदार ने श्मशान घाट समिति अध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार से गाली-गलौज की। गाली देने से रोकने पर गोपाल ने बंशीलाल का गला पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। जाते समय आरोपी ने दोबारा श्मशान घाट आने पर जान से मारने की धमकी दी।
-------------------------
*तेज रफ्तार ई-टेंपो ने बाइक को मारी टक्कर, तीन बच्चे घायल*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के कुंडीखेड़ा श्मशान घाट के पास तेज रफ्तार ई-टेंपो ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पास खड़े तीन बच्चे घायल हो गए। पुलिस के अनुसार लोध निवासी दयाराम बागरी अपने बेटे कन्हैयालाल, भतीजे भोला और अजमल को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। कुंडीखेड़ा श्मशान घाट के पास बच्चों के बैग भारी होने से उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और बच्चों को वहीं खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आए सफेद रंग के ई-टेंपो ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक गिर गई और तीनों बच्चे भी नीचे गिरकर घायल हो गए। हादसे में कन्हैयालाल के दोनों हाथ व घुटनों, भोला के हाथ व घुटनों तथा अजमल के दोनों पैरों में चोट आई। फरियादी ने टेंपो चिरमोलिया निवासी राजू गुर्जर का बताया है। घटना के बाद चालक टेंपो लेकर मौके से चला गया। पुलिस ने दयाराम की रिपोर्ट पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की
-----------------
*45 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर दी जान*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। शुक्रवार को रक्षाबंधन के दिन गांव लिंबावास नई आबादी में एक व्यक्ति ने अपने कच्चे मकान में बल्ली पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान भंवरलाल (45) पिता स्वर्गीय मांगीलाल नायक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना के समय भंवरलाल की मां चुन्नीबाई बाजार में नमकीन लेने गई थीं। कुछ देर बाद जब वह घर लौटीं तो कच्चे मकान में अपने बेटे को बल्ली से रस्सी के फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेन्द्रकुमार पंवार के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में मृतक के मानसिक रूप से परेशान रहने की बात सामने आई है। बताया गया कि भंवरलाल की शादी करीब 20 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी वर्तमान में उसके साथ नहीं रह रही थी। मृतक की कोई संतान भी नहीं थी। वह मजदूरी करता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
-------------------------
*योनो एसबीआई एक्टिवेट कराने के नाम पर साइबर ठगी, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी के खाते से 5.70 लाख उड़ाए*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। साइबर ठगों ने बैंकिंग एप योनो एसबीआई का पासवर्ड रिसेट कराने में मदद करने के नाम पर 61 वर्षीय सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी से ओटीपी हासिल कर उसके बैंक खाते से 5 लाख 70 हजार 12 रुपये निकाल लिए। मामले में मल्हारगढ़ पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादी बंशीलाल पिता नाथूलाल मालवीय, निवासी वार्ड क्रमांक 6, स्टेशन रोड, मल्हारगढ़, ने रिपोर्ट कराई की वह कनघट्टी (पिपलिया मण्डी) में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। उनका मल्हारगढ़ स्थित भारतीय स्टेट बैंक में सैलरी अकाउंट है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे योनो एसबीआई एप का पासवर्ड भूल गए थे। ड्यूटी के चलते बैंक नहीं जा पाने पर उन्होंने गत 13 अगस्त 2026 को गूगल पर योनो एसबीआई का हेल्पलाइन नंबर तलाशा। सर्च के दौरान मिले एक मोबाइल नंबर पर उन्होंने संपर्क किया। इसके कुछ समय बाद दूसरे नंबर से उनके पास कॉल आया। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को मददगार बताते हुए योनो एप का आईडी-पासवर्ड रिसेट करने के लिए कुछ स्टेप बताए। फरियादी उसके बताए अनुसार प्रक्रिया पूरी करते गए और मोबाइल पर आए ओटीपी भी अज्ञात व्यक्ति को बताते गए। इसके बाद 13 अगस्त को एक अन्य नंबर से मिस्ड कॉल आई। 14 अगस्त को फरियादी ने उस नंबर पर कॉल किया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने फिर से योनो एसबीआई एक्टिवेट कराने के नाम पर प्रक्रिया करवाई और ओटीपी मांगा। इसी दौरान व्हाट्सएप कॉल के जरिए भी अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और ओटीपी हासिल किया। फरियादी के अनुसार इसके बावजूद उनका योनो एसबीआई एप एक्टिवेट नहीं हुआ। 18 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे मोबाइल चेक करने पर खाते से 4 लाख 80 हजार रुपये और 90 हजार 12 रुपये निकाले जाने के दो डेबिट मैसेज मिले। इस तरह उनके खाते से कुल 5,70,012 रुपये की राशि निकल चुकी थी। बाद में बैंक से खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर सामने आया कि 14 अगस्त को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से पूरी राशि खाते से डेबिट हुई थी। इसके बाद फरियादी ने 18 अगस्त को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। जांच और फरियादी के कथन के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया मोबाइल नंबरों के धारक अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस का अपराध पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया है।
-------------------------
*मजदूरी, पैसों और बिल के विवाद में मारपीट के तीन मामले, सात पर केस*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नाहरगढ़ और नारायणगढ़ थाना क्षेत्रों में विवाद के बाद मारपीट के तीन मामले सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
-----------
मजदूरी के रुपए मांगने पर युवक से मारपीट:-
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के पित्याखेड़ी में पंकेश दायमा ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले उसने डालुराम बंजारा के यहां मजदूरी की थी, जिसके रुपए बाकी थे। रुपए मांगने पर डालुराम और दिलीप ने गाली-गलौज की। इसी दौरान मनीष भी आ गया। आरोप है कि तीनों ने मारपीट करते हुए हाथ पर काटा और लकड़ी से सिर पर वार किया। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने डालुराम, दिलीप और मनीष के खिलाफ केस दर्ज किया।
-----------
पेट्रोल पंप के पास युवक पर पत्थर से हमला:-
नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बुढा में एचपी पेट्रोल पंप के पास पैसों के विवाद में राजू (22) पिता मोहनलाल भील के साथ मारपीट हुई। राजू के अनुसार शंकर राहुल से पैसे मांग रहा था और मोटरसाइकिल की चाबी देने को कह रहा था। चाबी देने से मना करने पर विवाद हुआ। आरोप है कि शंकर ने पत्थर से राजू के सिर पर वार किया, जबकि जुगल और दो अन्य ने मारपीट की। पुलिस ने शंकर, जुगल और दो अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
--------
ढाबे के बिल को लेकर संचालक से मारपीट:-
ईरली स्थित चोहान होटल ढाबे पर बिल को लेकर विवाद में संचालक दीपक (26) पिता नवलसिंह सौंधिया से मारपीट हुई। रिपोर्ट के अनुसार शेतान पिता बाबूलाल, अनिल पिता मदन और शेतान पिता भीमसिंह ढाबे पर आए थे। बिल को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की और मारपीट की। एक आरोपी ने नुकीली वस्तु से वार कर कलाई पर चोट पहुंचाई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
-------------------------
*74 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ युवक को पकड़ा, पूछताछ में सप्लायर का नाम आया सामने*
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मल्हारगढ़ पुलिस ने मोल्याखेड़ी फंटा स्थित प्रतीक्षालय के पास से एक युवक को 74 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त एमडी की कीमत पुलिस ने करीब 1.50 लाख रुपए बताई है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मोल्याखेड़ी फंटा स्थित प्रतीक्षालय के पास एक युवक पुलिस वाहन को देखकर छिपने और फिर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम बंटी (21) पिता राधेश्याम नायक, निवासी बोहराखेड़ी, थाना नई आबादी, मंदसौर बताया। पुलिस के मुताबिक युवक ने उसके पास एमडी ड्रग्स होना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर जेब से एक पीले रंग की पॉलीथीन मिली, जिसमे 74 ग्राम एमडी मिला। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन व नकद भी मिले, जिन्हें जब्त किया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी बंटी नायक ने कथित तौर पर बताया कि वह एमडी ड्रग्स दिनेश उर्फ दीपक पिता शांतिलाल अहीरवार, निवासी बोहराखेड़ी से लेकर आया था। वह हाईवे पर ढाबों के आसपास खड़े ट्रक चालकों को एमडी बेचने के लिए आया था। आरोपी के इस कथन के आधार पर पुलिस ने मामले में दिनेश उर्फ दीपक अहीरवार को भी आरोपी बनाया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/22 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है।
----
*महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने बनाई शक्कर की अनोखी राखी, केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना*
*बेटे से विवाद को लेकर पिता-पुत्र से मारपीट, आरोपी पर केस:-*
*45 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर दी जान*
*तेज रफ्तार ई-टेंपो ने बाइक को मारी टक्कर, तीन बच्चे घायल*
*योनो एसबीआई एक्टिवेट कराने के नाम पर साइबर ठगी, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी के खाते से 5.70 लाख उड़ाए*
*मजदूरी, पैसों और बिल के विवाद में मारपीट के तीन मामले, सात पर केस*
*74 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ युवक को पकड़ा, पूछताछ में सप्लायर का नाम आया सामने*
*ढाबे के बिल को लेकर संचालक से मारपीट*
पेट्रोल पंप के पास युवक पर पत्थर से हमला*
मजदूरी के रुपए मांगने पर युवक से मारपीट*
*गाली-गलौज को लेकर मारपीट, 3 पर केस दर्ज*
*अलग-अलग मामलों में मारपीट के तीन मामलों में 5 पर केस दर्ज*
*20 लाख का 136 क्विंटल लहसुन गायब, 3 घंटे बंद रही मंडी की नीलामी,
अब गिरफ्तारी और शेष लहसुन की बरामदगी चुनौती*
*डोडाचूरा प्रकरण में दो सप्लायर के नाम भी आए सामने, एक गिरफ्तार, एक फरार, रिमाण्ड अवधि के बाद आरोपियों को भेजा जेल*

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें