*पुराने विवाद में शिक्षक के साथ मारपीट, पांच लोगों पर मामला दर्ज* इधर *रास्ता रोककर स्टाफ नर्स से मारपीट, जान से मारने की धमकी*
जन जागृति संगम 9302003334
*पुराने विवाद में शिक्षक के साथ मारपीट, पांच लोगों पर मामला दर्ज*
पिपलिया स्टेशन (निप्र) । नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आपुखेड़ी में पुराने विवाद को लेकर एक शासकीय शिक्षक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। फरियादी मनोहरसिंह (56) पिता मांगूसिंह तोमर निवासी आपुखेड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शासकीय शिक्षक हैं और वर्तमान में सिंगोली थाना क्षेत्र के कानोड़ स्थित स्कूल में पदस्थ हैं। उनका गांव के ही भारतसिंह सौंधिया राजपूत से पुराना विवाद चल रहा है।
रिपोर्ट में बताया की रात करीब 10 बजे भोजन के बाद वह नारायणगढ़ रोड पर टहल रहे थे। इसी दौरान थकान होने पर उंकारलाल पाटीदार के खेत पर रुक गए। वहां मोटरसाइकिल से उमरावसिंह और दिलीपसिंह पहुंचे तथा पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। फरियादी के अनुसार बाद में दिलीपसिंह ने फोन कर भारतसिंह, विश्वनाथ प्रतापसिंह और उदयसिंह को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट की। घटना में फरियादी को पसलियों एवं शरीर पर अंदरूनी चोटें आईं। जाते समय जान से खत्म करने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने आरोपियों विश्वनाथ प्रताप सिंह सौंधिया राजपूत, उदय सिंह सौंधिया राजपूत, उमराव सिंह सौंधिया राजपूत, भारत सिंह सौंधिया राजपूत तथा दिलीप सिंह सौंधिया राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज किया।
----------
जन जागृति संगम 9302003334
*रास्ता रोककर स्टाफ नर्स से मारपीट, जान से मारने की धमकी*
पिपलिया स्टेशन (निप्र) । नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आपुखेड़ी निवासी एक स्टाफ नर्स के साथ रास्ता रोककर मारपीट करने एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया । फरियादी विश्वनाथ प्रतापसिंह (31) पिता मानसिंह सौंधिया राजपूत, निवासी आपुखेड़ी, जो मंदसौर स्थित पमनानी अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव का ही मनोहरसिंह पिता माँगुसिंह सौंधिया राजपूत आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद करता रहता है।
फरियादी ने बताया कि वह मंदसौर से ड्यूटी कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नारायणगढ़ रोड पर उँकारलाल के खेत के पास आरोपी ने उसे हाथ देकर रोका। मोटरसाइकिल खड़ी कर उसके पास जाने पर आरोपी बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-थप्पड़ों से मारपीट कर दी, जिससे उसके गाल पर अंदरूनी चोट आई।
फरियादी का आरोप है कि आरोपी जान से खत्म करने की धमकी देकर फरार हो गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया।
------------
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें