*करवा चौथ पर यातायात पुलिस की अनूठी पहल: "लंबी उम्र की दुआ के साथ, सड़क पर सुरक्षा कवच भी जरूरी*
जन जागृति संगम न्यूज़
जावरा ब्यूरो चीफ मधुबाला राठौर
8989670223
जावरा ( मधुबाला राठौर) करवा चौथ के पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक जिला रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन एवं सीएसपी युवराज सिंह चौहान जावरा व डीएसपी (यातायात) आनंद सोनी रतलाम के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस जावरा द्वारा सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा को लेकर एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुहागिनों द्वारा पति की लंबी आयु लिए रखे जाने वाले व्रत की भावना को वास्तविक जीवन में सड़क सुरक्षा नियमों से जोड़ना रहा।वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों के तारतम्य में यातायात पुलिस टीम द्वारा नगर के प्रमुख चौराहों एवं बाज़ार क्षेत्रों में विशेष जागरूकता पॉइंट बनाए गए।
इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को चालानी कार्रवाई के बजाय समझाइश देकर जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने संदेश दिया कि व्रत और प्रार्थनाओं के साथ-साथ सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन-जैसे आईएसआई मार्क हेलमेट पहनना, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना और तेज गति से वाहन न चलाना सही जीवन रक्षा का सबसे बड़ा आधार है।
*नियम पालन करने वाले दंपत्तियों का सम्मान****
अभियान के दौरान जो दंपत्ति यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करते हुए मिले, उन्हें यातायात पुलिस द्वारा पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित कर और करवा चौथ की शुभकामनाएँ दी गईं।
*महिलाओं से सुरक्षा के संकल्प की अपील***
बाज़ार में खरीदारी करने पहुँची महिलाओं से अपील की गई कि वे इस करवा चौथ पर अपने पतियों से किसी अन्य उपहार की बजाय सड़क पर सुरक्षित चलने, हेलमेट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने का वचन (गिफ्ट ऑफ सेफ्टी) माँगें।
*सर्विस लाइन में अवैध पार्किंग पर चालानी कार्रवाई***
जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ त्यौहार के दौरान सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने हेतु विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने और सर्विस लाइन में अवैध रूप से खड़े पाए गए 5 वाहनों पर यातायात पुलिस जावरा द्वारा चालानी कार्रवाई कर उन पर समन शुल्क अधिरोपित कर आगे के लिए सख्त हिदायत दी गई। *यातायात पुलिस की आमजन से अपील***
त्योहारों की खुशी तभी पूरी होती है जब हर नागरिक सुरक्षित अपने घर पहुँचे। आपका जीवन आपके परिवार के लिए अनमोल है। सड़क पर चलते समय नियमों का पालन करें, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और हेलमेट व सीटबेल्ट को अपनी नियमित आदत का हिस्सा बनाएँ। यातायात पुलिस जावरा द्वारा आमजन की सुरक्षा हेतु यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें